सैनिक स्कूल में नौकरी का मौका, कौन कर सकता है आवेदन और कितनी मिलेगी सैलरी?
Sainik School Recruitment 2026: सैनिक स्कूल ने टीचिंग और नॉन-टीचिंग के विभिन्न पदों पर भर्ती निकाली है. इन पदों के लिए 10वीं पास से लेकर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट उम्मीदवार भी योग्य हैं, आइए भर्ती की पूरी डिटेल्स जानते हैं.
Sainik School Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए गुड न्यूज है. आप सैनिक स्कूल में निकली भर्ती के जरिए आवेदन कर सकते हैं. यहां पर 10वीं पास तक वाले युवाओं को नौकरी पर रखा जा रहा है. जबकि, 12वीं और ग्रेजुएट युवाओं को भी सरकारी पदों पर नौकरी के लिए आवेदन पत्र भरने का मौका दिया जा रहा है. अगर आप सैनिक स्कूल में नौकरी की इच्छा रखते हैं, तो एक अच्छा मौका है.
सैनिक स्कूल गोपालगंज में टीचिंग और नॉन-टीचिंग पदों पर वैकेंसी निकली है. विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह से ऑफलाइन है, सिर्फ आवेदन पत्र के फॉर्मेट को वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा. स्कूल ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.ssgopalganj.in पर रेगुलर और कॉन्ट्रेक्चुअल भर्ती से संबंधित नोटिफिकेशन जारी किया है. आइए योग्यता, आवेदन प्रक्रिया और सैलरी डिटेल्स जानते हैं.
किस पद पर कितनी भर्ती?
| पद का नाम | वैकेंसी | जॉब टाइप |
| टीजीटी (कंप्यूटर साइंस) | 01 | रेगुलर |
| टीजीटी (जनरल साइंस) | 01 | रेगुलर |
| काउंसलर | 01 | कॉन्ट्रेक्चुअल |
| वार्ड बॉय | 04 | कॉन्ट्रेक्चुअल |
| बैंड मास्टर | 01 | कॉन्ट्रेक्चुअल |
| जनरल एम्प्लॉई | 07 | कॉन्ट्रेक्चुअल |
किस पद के लिए कौन कर सकता है आवेदन?
| पद का नाम | शैक्षणिक योग्यता | आयु सीमा |
| TGT (कंप्यूटर साइंस) | BSc कंप्यूटर साइंस, BCA, IT या निर्धारित कंप्यूटर डिप्लोमा और ग्रेजुएशन की योग्यता | 21 से 35 वर्ष |
| TGT (जनरल साइंस) | संबंधित विषयों (बॉटनी, जूलॉजी और केमिस्ट्री) के साथ कम से कम 50% अंकों में ग्रेजुएशन/इंटीग्रेटेड डिग्री और निर्धारित बीएड योग्यता के अलावा CTET पेपर-II पास होना भी जरूरी है | 21 से 35 वर्ष |
| बैंड मास्टर | आर्मी के AEC ट्रेनिंग सेंटर पचमढ़ी से बैंड मास्टर/बैंड मेजर/ड्रम मेजर कोर्स या समकक्ष नेवी/एयरफोर्स कोर्स | 21 से 35 वर्ष |
| काउंसलर | साइकोलॉजी या सोशल वर्क में संबंधित डिग्री अथवा निर्धारित स्कूल काउंसलिंग/चाइल्ड गाइडेंस योग्यता | 21 से 35 वर्ष |
| वार्ड बॉय | मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास, अंग्रेजी का अच्छा ज्ञान जरूरी. इसके अलावा उच्च शैक्षणिक योग्यता और खेल/कला/संगीत उपलब्धियों वाले भी आवेदन कर सकते हैं | 18 से 50 वर्ष |
| जनरल एम्प्लॉई | 10वीं पास, कुक, मैकेनिक, पेंटर, कारपेंटर, इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर, स्वीपर आदि ट्रेड का ज्ञान रखने वाले आवेदन कर सकते हैं | 18 से 50 वर्ष |
आवेदन फीस कितनी है?
जनरल और ओबीसी उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये आवेदन फीस है, जबकि एससी और एसटी उम्मीदवारों के लिए 400 रुपये आवेदन शुल्क है. आवेदन की प्रक्रिया ऑफलाइन है, इसलिए फीस का भुगतान बैंक ड्राफ्ट के जरिए करना होगा. आवेदन पत्र के साथ स्कूल के पते पर बैंक ड्राफ्ट भेजना होगा.
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को सैनिक स्कूल गोपालगंज की आधिकारिक वेबसाइट www.ssgopalganj.in पर जाकर पहले आवेदन पत्र का फॉर्मेट डाउनलोड करना होगा. इसके बाद आवेदन पत्र में सभी मांगी जा रही डिटेल्स को दर्ज करें. पेन से फॉर्म भरने के बाद आवेदन पत्र पर पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ वाली जगह पर फोटो को पेस्ट कर दें. साथ ही, अपना बायोडाटा भी अटैच कर दें, जिसमें फोन नंबर, ईमेल आईडी समेत अन्य संपर्क डिटेल्स हो.
आवेदन की अंतिम तिथि कौन सी?
आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी को सैनिक स्कूल गोपालगंज के पते पर भेजने के लिए लास्ट डेट 31 दिसंबर 2026 है. इस तारीख के बाद भेजे गए आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा. इसलिए ध्यान रखें कि 31 दिसंबर से पहले-पहले आवेदन पत्र को तय पते पर स्पीड पोस्ट करना है. सैनिक स्कूल की टीचिंग और नॉन-टीचिंग वैकेंसी से संबंधित पूरी डिटेल्स या अन्य अपडेट के लिए ऑफिशियल वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं.
किस पद पर कितनी सैलरी मिलेगी?
सैनिक स्कूल में विभिन्न पदों पर सैलरी अलग-अलग तय की गई हैं. चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के अनुसार सैलरी दी जाएगी. टीजीटी (जनरल साइंस) पोस्ट पर बेसिक पे 44,900 रुपये प्रति माह है. जबकि, टीजीटी (कंप्यूटर साइंस) का बेसिक पे 44,900 रुपये प्रति माह, काउंसलर की सैलरी 42,000 रुपये प्रति माह, बैंड मास्टर की पोस्ट पर 34,000 रुपये प्रति माह सैलरी, वार्ड बॉय के पद पर 23,500 रुपये प्रति माह और सामान्य कर्मचारी के पद पर 21060 रुपये प्रति माह सैलरी दी जाएगी.
ये भी पढ़ें- सरकारी बैंक SBI में बंपर भर्तियां: 12,000 पदों पर निकलेंगी वैकेंसी, चेयरमैन ने किया ऐलान