SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'कैंपस में भूत': देर रात सड़क पर उतरे सैकड़ों छात्र, पुलिस वैन तोड़ी; कहा- सुसाइड करने वाली लड़की तंग कर रही है

Punjab University Ghost Rumors: पंजाब के राजपुरा स्थित चिटकारा यूनिवर्सिटी में 'भूत' और दो छात्राओं के लापता होने की अफवाह के बाद शुक्रवार देर रात भारी हंगामा हो गया. सैकड़ों छात्र सड़कों पर उतर आए और कैंपस में जमकर नारेबाजी करते हुए तोड़फोड़ की.

Written By Simran Singh
Published: Sep 26, 2026, 11:14 AM IST | Updated: Sep 26, 2026, 11:36 AM IST
Join

Punjab University Ghost Rumors: आपने यूनिवर्सिटी कैंपस में भूतों या सायों से जुड़े कई किस्से-कहानियां सुने होंगे. देश-दुनिया में कई ऐसी जगहें भी हैं जिन्हें लेकर तरह-तरह के दावे किए जाते हैं, लेकिन पंजाब की एक मशहूर यूनिवर्सिटी में शुक्रवार रात जो कुछ हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया. पंजाब के राजपुरा स्थित चिटकारा यूनिवर्सिटी में 'भूत' और दो छात्राओं के लापता होने की अफवाह सोशल मीडिया पर देखते ही देखते आग की तरह फैल गई. इसके बाद कैंपस का माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया. 

खौफ और गुस्से में सैकड़ों छात्र देर रात सड़कों पर उतर आए और उन्होंने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की. मौके पर पहुंची पुलिस के लिए भी हालात संभालना मुश्किल हो गया और उग्र छात्रों ने पुलिस वैन को भी निशाना बनाया. हालांकि, पटियाला पुलिस का कहना है कि ये महज एक अफवाह है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है. आइए जानते हैं कि आखिर उस रात कैंपस में क्या-क्या हुआ?

क्या था छात्रों का दावा? 

कैंपस में भूत होने की अफवाह के बाद सड़क पर छात्रों द्वारा प्रदर्शन किया जाने लगा. उस दौरान छात्रों की ओर से दावा किया गया कि कैंपस में पहले किसी छात्रा ने आत्महत्या की थी और उसका 'भूत' अब हॉस्टल के कमरों में रहने वाले छात्रों को परेशान कर रहा है. वहीं, इस दावे पर हामी न भरते हुए प्रशासन और सुरक्षा गार्डों ने छात्रों को समझाने की कोशिश की कि कैंपस में ऐसी कोई आत्महत्या नहीं हुई है. यूनिवर्सिटी के प्रशासन के अनुसार कुछ शरारती तत्व जानबूझकर देर रात हॉस्टल के कमरों के दरवाजे खटखटाकर भाग जाते हैं.

चौकी इंचार्ज पर लगाया आरोप

हालांकि, प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने किसी की बात नहीं सुनी और मामला बढ़ता चला गया. स्थिति बिगड़ती देख बनूड़, सदर राजपुरा और सिटी राजपुरा थाने से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. हालात संभालने के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. इस दौरान उग्र छात्रों ने पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी. वहीं, कुछ छात्रों ने केएसएम चौकी इंचार्ज अजय कुमार पर शराब पीकर आने का आरोप लगाया, जिसके बाद यूनिवर्सिटी की लैब में ही उनका मेडिकल परीक्षण करवाया गया.

CCTV जांच का आश्वासन, शांत हुए छात्र 

प्रदर्शन कर रहे छात्रों को जब पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से भरोसा दिलाया कि रात के समय दरवाजे खटखटाने की घटनाओं की सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से जांच की जाएगी, जो दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई होगी तब जाकर छात्र शांत हुए और वापस अपने हॉस्टल लौटे.

'गायब होने की बात महज अफवाह': DSP सुखदेव सिंह 

इस मामले पर जानकारी देते हुए डीएसपी सुखदेव सिंह की ओर से ये साफ कहा गया है कि कैंपस से जिन दो छात्रों के गायब होने की बात की जा रही है वो सिर्फ एक अफवाह है. उन्होंने आगे कहा कि विरोध करने वाले किसी भी छात्र के पास उन कथित लापता छात्राओं के नाम या पहचान की कोई जानकारी नहीं है. फिलहाल, छात्रों की शिकायत दर्ज कर ली गई है और इस मामले की जांच जारी है. अगर वास्तव में कोई छात्रा लापता पाई जाती है, तो नियम के अनुसार कार्रवाई होगी. डीएसपी ने अभिभावकों से भी अपील की है कि यूनिवर्सिटी में स्थिति पूरी तरह कंट्रोल में है और सभी बच्चे सुरक्षित हैं. 

ये भी पढ़ें- डॉक्टर से IAS और अब CBSE प्रमुख: मनदीप भंडारी ने कितनी की है पढ़ाई-लिखाई? जानें पूरा करियर बैकग्राउंड

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

सिमरन सिंह को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई हिमालयन यूनिवर्सिटी से की है. साल 2016 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा. इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक से लेकर डिजिटल मीडिया से जुड़ी रहीं. पिछले 3 साल से News24 में थी और वहां बतौर फीचर लीड कई सेक्शन को संभाला. फिलहाल, Zee News में शिक्षा, रोजगार और करियर सेक्शन संभाल रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES