NEET Paper Leak Case: राउज एवेन्यू कोर्ट का बड़ा एक्शन, 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय; 25 नवंबर से रोजाना होगी सुनवाई
NEET पेपर लीक मामले को लेकर राउज एवेन्यू कोर्ट ने बड़ा कदम उठाया है. कोर्ट की ओर से 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए गए. अब 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई होगी.
NEET Paper Leak Case Hearing: राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) पेपर लीक मामले में कानूनी कार्रवाई तेज हो गई है. दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट ने इस मामले में बड़ा कदम उठाते हुए 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है. इस मामले में कॉपीराइट एक्ट के तहत अपराध भी शामिल किए गए हैं.
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की मुख्य और सप्लीमेंट्री चार्जशीट में सामने आए तथ्यों और अपराधों के आधार पर कोर्ट ने ये निर्देश दिया है. इसके अनुसार, 21 नवंबर को सभी 14 आरोपियों को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश किया जाएगा और उनके खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय किए जाएंगे.
25 नवंबर से लगातार सुनवाई
राउज एवेन्यू कोर्ट ने आदेश देते हुए कहा है कि नीट पेपर लीक मामले के सभी 14 आरोपियों को 21 नवंबर को कोर्ट में पेश होना होगा. आरोप तय करने की प्रक्रिया के बाद मामले में मुकदमे की सुनवाई आगे बढ़ेगी. कोर्ट ने कहा कि इस मामले को लेकर 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई शुरू की जाएगी. ऐसे में तेजी से नीट पेपर लीक की सुनवाई हो सकेगी.
नीट पेपर लीक मामले में 14 आरोपी के नाम क्या?
- यश यादव
- दिनेश बिवाल
- मनीष मंधारे
- विकास बिवाल
- मनीषा वाघमारे
- मनीषा हवलदार
- प्रहलाद कुलकर्णी
- रघुनाथ मोटेगांवकर
- डॉ. मनोज शिरुरे
- शुभम खैरनार
- मांगी लाल बिवाल
- धनंजय लोखंडे
- तेजस हर्षद कुमार शाह
- शेषराव बजरंग सूर्यवंशी
CBI की चार्जशीट में क्या है?
NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में सीबीआई की ओर से पहले सिर्फ 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी, लेकिन बाद में सप्लीमेंट्री चार्जशीट के माध्यम से एक और आरोपी का नाम जोड़ा गया. कोर्ट में कुल 14 आरोपियों के खिलाफ नीट पेपर लीक मामले के तहत सुनवाई की जाएगी.
जांच एजेंसी की ओर से 14 आरोपियों पर आरोप लगाया गया है कि परीक्षा से संबंधित गोपनीय प्रश्नपत्रों तक पहुंच रखने वाले लोगों और अन्य आरोपियों के नेटवर्क के जरिए पेपर लीक किया गया था. मामले में कथित तौर पर प्रश्नपत्र हासिल करने, उन्हें दूसरे लोगों तक पहुंचाने और अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराने से जुड़ी भूमिका की जांच की गई है. CBI की चार्जशीट में अलग-अलग अपराधों के तहत आरोपियों पर आरोप लगाए गए हैं, लेकिन कोर्ट की तरफ से अभी इस मामले में आरोप और दोष साबित होना बाकी है.
ये भी पढ़ें- NEET की रेस में 'गेमचेंजर' सुझाव! नीलेकणि पैनल के सामने राज्यों ने खोल दिया 12वीं के अंकों वाला पत्ता