UPSC में अंकों की गड़बड़ी: एक चिट्ठी ने बदल दिया रिजल्ट, 277 से 26 हुई रैंक; कैसे IAS बने यूपी के आशुतोष अग्निहोत्री?
देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक यूपीएससी है और उसके इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब एक शख्स को चिट्ठी भेजने से फायदा हुआ और रैंकिंग में सीधा 277 से 26 का बदलाव आया हो. आइए यूपी के आशुतोष अग्निहोत्री की सक्सेस स्टोरी जानते हैं.
IAS officer Ashutosh Agnihotri: यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में ज्यादातर उम्मीदवार आईपीएस और आईएएस जैसे प्रतिष्ठित पदों की भर्ती के लिए शामिल होते हैं. अच्छी रैंकिंग के साथ पास होने वाले उम्मीदवारों को सिविल सेवा परीक्षा के फाइनल रिजल्ट के बाद मेरिट लिस्ट से पता चलता है कि उन्हें कौन सा पद मिल सकता है. वहीं, फाइनल परिणाम जारी होने के बाद किसी भी उम्मीदवार के लिए गलती निकालना या उसे लेकर चुनौती देना लगभग नामुमकिन होता है, लेकिन इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि वो मुमकिन हुआ है.
उत्तर प्रदेश के रहने वाले आशुतोष अग्निहोत्री ने यूपीएससी सीएसई के फाइनल रिजल्ट जारी होने के बाद आयोग को मजबूर कर दिया कि उन्हें अंक में सुधार करना ही पड़ा. दरअसल, ये मामला आज का नहीं है बल्कि, करीब 27 बरस पहले का है, जब कानपुर के रहने वाले आशुतोष अग्निहोत्री ने यूपीएससी को चिट्ठी लिखकर परीक्षा के रिजल्ट में की गलतियों को देखाया था.
गलती मानने के बाद बढ़ाए अंक
संघ लोक सेवा आयोग को जब सिविल परीक्षा के परिणाम के नतीजों को लेकर चिट्ठी मिली तो आयोग ने अपनी गलती मान ली, जिसके बाद आशुतोष अग्निहोत्री की रैंकिंग में बदलाव भी हुआ और ऑल इंडिया रैंकिंग 277 से 26वीं हो गई. रिजल्ट जारी होने के बाद उन्हें ऐसी रैंकिंग मिली थी जिससे इंडियन डिफेंस अकाउंट्स सर्विस (IDAS) में नियुक्ति मिली.
कब का और क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये किस्सा 25 मई 1999 का है, उस दौरान यूपीएससी ने सिविल सेवा परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित किया था, उसके बाद लिस्ट में आशुतोष अग्निहोत्री का नाम तो आया लेकिन उनकी रैंकिंग 277वीं आई थी और उस दौर में कुल सीटें काफी कम थीं. लगभग 300 से 400 सीटों में आईएएस पद के लिए लिए सिर्फ 55 सीटें थीं. इस पद को हासिल करने के लिए जनरल कैटेगरी के लिए टॉप 30 में आना जरूरी था. जब उन्होंने शिकायत की और रैंक में बदलाव किया गया, तब उन्हें इंडियन डिफेंस अकाउंट्स सर्विस (IDAS) की जगह 26वीं रैंक के साथ असम-मेघालय कैडर का आईएएस पद हासिल हुआ.
यूपी पुलिस के लिए हुए सेलेक्ट
यूपीएससी की सिविल परीक्षा के अलावा उनका चयन उत्तर प्रदेश पुलिस सर्विस में भी हुआ था. क्षमता की परीक्षा लेने के लिए वो पुलिस ट्रेनिंग के लिए मुरादाबाद स्थित सेंटर चले गए. उस समय उनके पिता ने उन्हें यूपीएससी सिविल एग्जाम के अंक बताए.
मार्कशीट में गड़बड़ी का हुआ शक
अंकों का पता चलने पर जब उन्होंने देखा कि अंग्रेजी साहित्य के फर्स्ट पेपर में 178 अंक है, जो दूसरा वैकल्पिक विषय था और द्वितीय पेपर में 70 अंक हासिल हुए. उसके अलावा अन्य सभी विषयों में उन्होंने 160 से 170 के बीच अंक मिले थे और कुल अंक 1261 थे, तब उन्होंने ये देखा कि बिना किसी खास तैयारी के जब पेपर में 138 अंक मिले थे, तो इस बार उनका पेपर काफी अच्छा जाने के बाद केवल 70 अंक के साथ नहीं हो सकता है.
पत्र के बाद हुई जांच, फिर ऐसे बढ़े अंक
साल 1999 में यूपीएससी के चेयरमैन लेफ्टिनेंट जनरल सुरेंद्र नाथ थे. उस समय आशुतोष अग्निहोत्री ने उन्हें एक पत्र लिखकर अपने अंकों पर सवाल उठाए. उन्होंने तर्क दिया कि सभी विषयों में अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें केवल 70 अंक मिलना उनके वास्तविक स्कोर से मेल नहीं खाता. इसके बाद उनकी उत्तर पुस्तिका का दोबारा सत्यापन किया गया. दो दिन बाद संयुक्त सचिव ने जांच में गड़बड़ी की पुष्टि की.
उत्तर पुस्तिका की दोबारा जांच के बाद आशुतोष के अंकों में सुधार हुआ और उनका नाम टॉप-30 उम्मीदवारों की सूची में शामिल किया गया. इस तरह उन्हें 26वीं रैंक मिली और साल 1999 बैच में उनका चयन आईएएस के लिए हुआ.
कौन हैं आईएएस आशुतोष अग्निहोत्री?
पहली बार यूपीएससी परीक्षा के फाइनल नतीजे जारी होने के बाद चुनौती देने वाले पहले शख्स का नाम आईएएस आशुतोष अग्निहोत्री है. वर्तमान में वो केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में एडिशनल सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं. ये एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के तौर पर तो जाने जाते ही हैं. इसके अलावा ये एक संवेदनशील कवि, गहरे चिंतक और लेखक के तौर पर भी काफी प्रसिद्ध हैं.
ये भी पढ़ें- संविधान दिवस 2026: 32 डिग्रियां, 9 भाषाओं का ज्ञान... ऐसा था बाबा साहेब अंबेडकर का पढ़ाई का सफर