यूरोप घूमने के साथ नौकरी करने का मौका, भारतीयों के लिए वर्किंग हॉलिडे वीजा; कैसे और कहां से करें अप्लाई?
Austria Working Holiday Visa: ऐसे उम्मीदवार जो विदेश जाकर नौकरी करना चाहते हैं, साथ ही घूमने-फिरने की भी प्लानिंग कर रहे हैं, तो आपके लिए गुड न्यज है. ऑस्ट्रिया का वर्किंग हॉलिडे वीजा क्या है, कैसे और कहां से अप्लाई करें? आइए जानते हैं.
Austria Working Holiday Visa: नौकरी के साथ घर घूमने का मौका मिले तो किसे पसंद हीं आएगा? खासतौर पर अगर ये अवसर विदेश से जुड़ा हुआ हो. हर भारतीय के लिए ये एक बड़ा मौका रहेगा, जिसके तहत उन्हें विदेश घूमने के साथ-साथ नौकरी करने का भी अवसर मिल सकेगा. अगर आप भी विदेश घूमने के साथ-साथ वहां काम भी करना चाहते हैं, तो एक स्पेशल वीजा है, जिसके तहत यूरोप में नौकरी के साथ घूमने का अवसर भी मिल रहा है.
दरअसल, ऑस्ट्रिया में वर्किंग हॉलिडे वीजा की शुरुआत की गई है, जिसके तहत भारतीयों को 1 साल के लिए विदेशी वीजा मिल सकेगा. सिर्फ घूमने के लिए ही नहीं, बल्कि यूरोपीय देश ऑस्ट्रिया में भारतीयों को नौकरी भी मिलेगी.
कौन कर सकता है आवेदन?
ऑस्ट्रिया में भारतीयों के लिए स्पेशल वीजा शुरू किया गया है, जो 'वर्किंग हॉलिडे प्रोग्राम' के तहत है. इस वीजा के लिए न्यूनतम 18 साल और अधिकतम 30 साल की उम्र के भारतीय आवेदन कर सकते हैं. यहां पर रहने के लिए उन्हें 1 साल का वीजा मिलेगा. इसके तहत वो ऑस्ट्रिया घूमने के अलावा वहां का रहन-सहन, संस्कृति और डेली लाइफ को बेहतर समझ सकेंगे. वर्किंग हॉलिडे वीजा के जरिए भारतीय 1 साल तक रहने और काम करने का अवसर हासिल कर सकेंगे.
भारतीयों के लिए वर्किंग हॉलिडे वीजा क्यों?
दरअसल, ऑस्ट्रिया की ओर से वर्किंग हॉलिडे प्रोग्राम के तहत भारतीयों को वीजा दिया जाएगा. भारत और ऑस्ट्रिया, दोनों एक-दूसरे को हर साल इस तरह की सुविधा देते हैं. देश के नागरिकों के लिए दोनों देश करीब 200 वीजा जारी करते हैं. जो भी भारतीय छात्र इस वीजा के जरिए ऑस्ट्रिया जाना चाहता है, वो आवेदन कर सकता है.
कहां से करें अप्लाई?
ऑस्ट्रिया सरकार की ओर से नेशनल 'वीजा डी- वर्किंग हॉलिडे प्रोग्राम' कैटेगरी के तहत इस वीजा को पेश किया है. भारतीय उम्मीदवार, नई दिल्ली स्थित ऑस्ट्रियाई दूतावास जाकर वर्किंग हॉलिडे वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं. भारतीय छात्रों को वीजा के तहत यूरोप घूमने और जॉब मार्केट को समझने का मौका मिलेगा. यहां पर वो टेंपरेरी तौर पर काम भी कर सकते हैं.
ऑस्ट्रिया वर्किंग हॉलिडे वीजा की पात्रता शर्तें
- आवेदक भारतीय नागरिक हो और उसके पास वैध पासपोर्ट हो.
- उम्र 18 से 30 साल के बीच हो.
- ऑस्ट्रिया जाने का मुख्य उद्देश्य घूमना और सांस्कृतिक अनुभव लेना हो.
- नौकरी और पढ़ाई सेकेंडरी उद्देश्य हों.
- आवेदक के साथ कोई आश्रित परिवार का सदस्य न हो.
- शुरुआती खर्चों के लिए पर्याप्त पैसे हों.
- पूरी अवधि के लिए हेल्थ इंश्योरेंस हो.
- वापसी का टिकट या उसे खरीदने के लिए पर्याप्त पैसे हों.
- कोई आपराधिक रिकॉर्ड न हो.
ध्यान दें: इस वीजा का मुख्य उद्देश्य ऑस्ट्रिया घूमना और वहां की संस्कृति को समझना है. नौकरी करना इसका प्राथमिक उद्देश्य नहीं है. इसलिए इसे सीधे रोजगार पाने वाला वीजा न समझें. इस वीजा के मुताबिक, 12 महीने की अवधि तक रहने की सुविधा मिलती है लेकिन 6 महीने की अवधि तक नौकरी करने की अनुमति मिलती है.
ये भी पढ़ें- ऑफिस जाना नहीं है पसंद? ये 3 वर्क फ्रॉम होम जॉब्स दिला सकती हैं अच्छी कमाई