)
CBSE Experience Center Entry Process: समय के साथ पढ़ने और पढ़ाने, दोनों तरीकों में बदलाव किया जा रहा है. एजुकेशन सिस्टम में बड़े बदलाव की दिशा के साथ केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने खास कदम उठाया है. छात्रों को थ्योरिटिकल पढ़ाई के अलावा प्रैक्टिकल ज्ञान देने की पहल की जा रही है. स्टूडेंट्स विज्ञान, तकनीक और शिक्षा में हो रहे बदलावों को करीब से जान सके, इसके लिए बोर्ड की ओर से एक खास एक्सपीरियंस सेंटर का निर्माण किया गया है.
द्वारका में सीबीएसई का कार्यालय है जहां पर एक्सपीरियंस सेंटर को तैयार किया गया है. यहां पर छात्रों को नई तरह की जानकारी हासिल होगी. तकनीकी दुनिया के बारे में जानेंगे और कई सारी एक्टिविटी को बहुत पास से समझेंगे. इस सेंटर का उद्देश्य स्टूडेंट्स को सिर्फ पढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें गहराई के साथ विज्ञान और टेक्नोलॉजी की दुनिया से जोड़ना है.
सीबीएसई के एक्सपीरियंस सेंटर में छात्रों को जाने का मौका मिलेगा. 3 नवंबर से 30 नवंबर तक के बीच में सिर्फ बोर्ड से संबंधित स्टूडेंट्स को एंट्री मिल सकेगी. इसमें जाना है तो स्कूल के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है. 1 नवंबर से ही एंट्री के रजिस्ट्रेशन के लिए ऑनलाइन बुकिंग चालू है. यहां ले जाने के लिए स्कूल की ओर से उपलब्ध तारीख और समय तय किया जाएगा.
सीबीएसई का कहना है कि छात्रों को एक्सपीरियंस सेंटर जाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए. यहां पर स्टूडेंट्स को क्लासरूम में पढ़ाई जाने वाली बातों को एक नए तरीके में समझाया जाएगा, जिससे छात्रों की रुचि विज्ञान और तकनीक के प्रति बढ़ सकती है. इस सेंटर में शिक्षा के प्राचीन इतिहास से लेकर मॉर्डन डिजिटल क्लास से लेकर टेक्नोलॉजी तक के बारे में जानकारी दी जाएगी.
सीबीएसई स्कूल को बोर्ड के एक्सपिरिएंस सेंटर जाने के लिए पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके लिए सीबीएसई के आधिकारिक वेबसाइट www.cbse.gov.in पर जाना होगा. यहां पर परीक्षा संगम का ऑप्शन मिलेगा, उस पर क्लिक करने के बाद स्कूल खंड में जाए और वहां पर सीबीएसई एक्सपीरियंस सेंटर का ऑप्शन मिलेगा.
इसके बाद स्कूल को अपना संबद्धता नंबर और ओसीएस पासवर्ड दर्ज करके लॉगिन करना होगा. इसके बाद अपने अनुसार स्कूल टाइम और तारीख का चयन करने के साथ बुकिंग कर सकेंगे. स्कूल को इस बात का ध्यान रखना है कि उपलब्ध स्लॉट और स्टूडेंट्स की संख्या के साथ स्लॉट मैच हो रहा है या नहीं. टीचर्स के साथ ज्यादा से ज्यादा 60 लोगों को ही एंट्री मिलेगी. सीबीएसई एक्सपिरिएंस सेंटर में एंट्री की बुकिंग के लिए इस डायरेक्ट लिंक (cbseyatra.in) पर क्लिक कर सकते हैं.