)
CBSE Board Exam 2027: सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) जल्द ही कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा की डेट शीट जारी कर सकता है. एग्जाम शेड्यूल से ठीक पहले बोर्ड ने छात्रों के लिए एक बेहद जरूरी अलर्ट जारी किया है. सीबीएसई ने 10वीं-12वीं के छात्रों को निर्देश दिए हैं कि वो अपने स्कूल रिकॉर्ड में दर्ज व्यक्तिगत जानकारी और चुने गए विषयों की तुरंत जांच कर लें.
अगर नाम, जन्मतिथि या विषयों में कोई स्पेलिंग मिस्टेक या गलती है, तो उसे समय रहते सुधारा जा सके जिससे बाद में एडमिट कार्ड आने पर किसी परेशानी का सामना न करना पड़े.
CBSE के लेटेस्ट गाइडलाइंस के मुताबिक, कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए बोर्ड परीक्षा से पहले कुछ महत्वपूर्ण जानकारियों का वेरिफिकेशन करना बेहद जरूरी है. छात्रों को सलाह दी जाती है कि वो अपने स्कूल रिकॉर्ड में दर्ज विवरणों की अच्छी तरह जांच कर लें. अगर स्कूल रिकॉर्ड में छात्र से संबंधित कोई भी जानकारी गलत पाई जाती है, तो उन्हें बाद में एडमिट कार्ड जारी होने या मार्कशीट मिलने के समय बड़ी समस्या का सामना करना पड़ सकता है.
अगर स्कूल रिकॉर्ड और दस्तावेजों में फर्क नजर आ रहा है, किसी तरह की गलती नजर आती है तो ऐसी स्थिति में तुरंत स्कूल से संपर्क करें और स्कूल प्रशासन को इसके बारे में बताएं. अगर स्कूल में जमा दस्तावेज, मौजूदा डॉक्यूमेंट से अलग हैं तो तुरंत स्कूल में जरूरी दस्तावेज जमा करें. छात्रों को सलाह दी जाती है कि वो बोर्ड परीक्षा से जुड़ी अपडेट और अन्य जानकारी के लिए सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जा सकते हैं.
जानकारी के लिए बता दें कि बोर्ड ये पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों और मार्कशीट में बिल्कुल सटीक जानकारी होनी चाहिए. सीबीएसई की ये वेरिफिकेशन प्रक्रिया कई चरणों से होकर गुजरती है, जिसमें स्कूल स्तर पर रजिस्ट्रेशन, शुरुआती डेटा एंट्री, और कैंडिडेट्स की फाइनल लिस्ट आदि बोर्ड को भेजना शामिल है. इसके बाद ही परीक्षा से कुछ दिन पहले एडमिट कार्ड जारी किए जाते हैं.