DNA: दिवाली इवेंट में घुसे नफरती लोग, ट्रंप की हार के बाद अमेरिका में टारगेट पर हिंदू क्यों?
इस DNA में हम जानेंगे कि आखिर अमेरिका में भारतीयों से बेइंतहा नफरत करने वाले ये नफरती लोग कौन हैं? ट्रंप के लिए इससे पहले ये क्या-क्या कर चुके हैं? और भारतीयों के खिलाफ इन्होंने जो बातें कहीं, उसका अमेरिका में क्या असर दिख रहा है?
अमेरिका में मिडटर्म चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप को मिली हार की बौखलाहट अब वहां रहने वाले भारतीय और हिंदू समुदाय के खिलाफ नफरत के रूप में सामने आ रही है. सिएटल में दिवाली के जश्न के बीच ट्रंप समर्थक कट्टरपंथियों ने घुसकर न सिर्फ हंगामा किया, बल्कि हिंदुओं को देश से बाहर निकालने वाले नस्लभेदी पोस्टर भी लहराए. टेक्सस में रिपब्लिकन पार्टी की हार का ठीकरा भारतीयों पर फोड़ने वाले ये नफरती लोग कौन हैं और इस पूरी घटना के पीछे की असली वजह क्या है? आइए जानते हैं...
दरअसल, अमेरिका में भारतीयों का मोहभंग डोनाल्ड ट्रंप का नुकसान करवा चुका है. मिडटर्म चुनाव में हार के बाद अब ट्रंप समर्थकों की हिंदुओं से नफरत भी सामने आने लगी है. भारतीयों से ट्रंप समर्थकों की नफरत अमेरिका में मनाए जा रहे दीपावली जश्न में दिखाई दी. अमेरिकी कुंठा क्लब के कुछ सदस्यों ने देश से हिंदुओं को बाहर निकालने की मांग की, एंटी हिंदू पोस्टर लहराए और अमेरिका, खासकर टेक्सस में रिपब्लिकन पार्टी की हार के लिए भारतीयों को जिम्मेदार ठहराया.
सिएटल के दिवाली इवेंट में कैसे हुआ हंगामा?
दिवाली के मौके पर सिएटल में दिवाली का जश्न अचानक अराजकता में बदल गया. पारंपरिक कपड़ों में नर्तकियां स्टेज पर थीं और पीछे “Diwali Lights of India” का बैनर दिख रहा था. यहां “Diwali: Lights of India” फेस्टिवल चल रहा था. परिवार और बच्चे साथ बैठे थे. तभी फार-राइट एक्टिविस्ट और ट्रंप समर्थक माने जाने वाले Jake Lang और Thomas Allen अंदर घुस आए. इनके हाथों में प्लेकार्ड थे, जिन पर लिखा था "सभी डॉट हेड्स को डिपोर्ट करो" और “ईसाइयों की जगह हिंदुओं को मत आने दो”. “Dot Heads” हिंदुओं के लिए अपमानजनक शब्द है, जो माथे पर तिलक या बिंदी पहनने को लेकर कहा जाता है.
मौके पर मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया. इन लोगों को घेर लिया और स्टेज से दूर ले गए. वहां पर मौजूद लोगों ने ट्रंप समर्थकों से प्लेकार्ड छीनने की कोशिश की. हंगामा करने वालों ने प्लेकार्ड तो नहीं छोड़ा, लेकिन भीड़ ने उन्हें धक्का देकर इवेंट से हटा दिया. मतलब बेइज्जत करके बाहर कर दिया. इस हंगामे के बावजूद स्टेज पर पारंपरिक भारतीय नृत्य कर रही कलाकारों ने अपना परफॉर्मेंस नहीं रोका... मतलब अमेरिकी हिंदू नहीं डरे. लेकिन इन ट्रंप समर्थकों ने हिंदुओं के खिलाफ ऐसे प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी है.
भारतीयों के खिलाफ नफरती पोस्टर दिखाने वाले जेक लैंग और थॉमस एलेन डोनाल्ड ट्रंप के कट्टर समर्थक हैं. तिलक और बिंदी लगाने वाले हिंदुओं से इनकी नफरत अमेरिकी कुंठा क्लब की खतरनाक सोच है. ये सोच बेहद सफल और काबिल भारतीयों से खुद को असुरक्षित महसूस करती है. कभी ये सोच मंदिरों पर हमले के लिए बंदूक लेकर पहुंच जाती है... कभी हनुमान जी की विशाल मूर्ति का विरोध करती है और कभी अमेरिकी हिंदुओं को ईसाइयों के लिए खतरा बताकर समाज में नफरत फैलाती है.
आज आपको जानना चाहिए रोशनी के त्योहार दिवाली में नफरत फैलाने आए लोगों के दिलों में कितना जहर भरा है और भारतीयों से इनकी नफरत की असली वजह क्या है.
जेक लैंग ने पोस्ट में क्या लिखा?
दिवाली के जश्न में खलल डालने पहुंचे ट्रंप समर्थक जेक लैंग ने समारोह से बाहर निकाले जाने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें उसकी इस नफरत की असली वजह भी लिखी थी.
जेक लैंग ने अपनी पोस्ट में लिखा, "सिएटल के दिवाली समारोह में एंटीफा और दर्जनों हिंदुओं ने अभी हम पर हमला किया! लगता है उन्हें हमारा 'सभी भारतीय मूल के लोगों को देश से बाहर निकालो' वाला पोस्टर पसंद नहीं आया! हिंदुओं ने टेक्सस को डेमोक्रेटिक पार्टी के पक्ष में कर दिया. हमें इनसे नफरत है."
अपनी पोस्ट की अंतिम लाइन में जेक लैंग ने लिखा कि टेक्सस जैसे पारंपरिक रिपब्लिकन राज्य को हिंदुओं ने डेमोक्रेटिक पार्टी के पक्ष में कर दिया, इसलिए उसे हिंदुओं से नफरत है. मतलब ये शख्स ट्रंप की पार्टी के चुनाव हारने की वजह से इतना कुंठित है कि अमेरिकी इकोनॉमी और तकनीक में बहुत बड़ा योगदान दे रहे काबिल हिंदुओं को देश से बाहर करना चाहता है. क्योंकि इसे लगता है कि टेक्सस में रिपब्लिकन पार्टी की हार का कारण वहां रहने वाले भारतीय और खासकर हिंदू वोटर्स हैं. जिस राज्य में ट्रंप की पार्टी को चुनाव जितवाने के लिए एलन मस्क ने 220 मिलियन डॉलर खर्च किए, वहां हारने के बाद अमेरिका का हिंदू हेटर गैंग बुरी तरह बौखला गया है.
अपने पोस्ट में इस शख्स ने 'एंटीफा' शब्द का इस्तेमाल भी किया... आज आपको उसका मतलब भी समझना चाहिए. अमेरिका में दक्षिणपंथी विचारधारा का विरोध करने वाले कार्यकर्ताओं के समूहों के लिए एंटीफा शब्द का इस्तेमाल किया जाता है. अमेरिका में जेक लैंग जैसे MAGA समर्थकों ने आगे भी हिंदुओं के खिलाफ नफरती अभियान जारी रखने की बात कही है. लेकिन एंटीफा के डर की वजह से अभी तक जगह का नाम नहीं बताया है.
हम आपको टेक्सस में ट्रंप की पार्टी की हार के इंडियन कनेक्शन के बारे में भी बताएंगे, लेकिन पहले भारतीयों से नफरत करने वाले ट्रंप समर्थक के बारे में आपको कुछ और बातें जाननी चाहिए.
कौन है जेक लैंग और क्या है उसका विवादित इतिहास?
- 6 जनवरी 2021 को हुए कैपिटल हिल दंगों के दौरान जेक लैंग पर पुलिस अधिकारियों पर बेसबॉल बैट से हमला करने और हिंसा जैसे गंभीर आरोप लगे थे. इन मामलों के तहत वह लगभग चार साल तक जेल में बंद रहा.
- जनवरी 2025 में डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति के तौर पर कार्यभार संभालते ही 6 जनवरी के दंगों से जुड़े आरोपियों को सामूहिक रूप से पूर्ण क्षमादान दे दिया, जिसके तहत जेक लैंग भी जेल से रिहा हो गया. जेक खुद को ट्रंप का कट्टर समर्थक बताता है और ट्रंप के नाम और इमिग्रेशन नीतियों का इस्तेमाल करके भारतीयों के खिलाफ नफरत फैलाता है.
- जेल से छूटने के बाद उसने फ्लोरिडा से अमेरिकी सीनेट के लिए रिपब्लिकन प्राइमरी चुनाव लड़ने की घोषणा भी की थी, हालांकि उसको मौका नहीं मिला. जेक ग्रेट रिप्लेसमेंट थ्योरी और श्वेत राष्ट्रवाद का खुला समर्थन करता है.
- 'ग्रेट रिप्लेसमेंट थ्योरी' एक भ्रामक षड्यंत्र सिद्धांत है, जिसका दावा है कि अमेरिका और यूरोप जैसे पश्चिमी देशों में श्वेत लोगों की आबादी को साजिश के तहत एशिया और अफ्रीकी लोगों से बदला जा रहा है. इस थ्योरी का इस्तेमाल पश्चिमी देशों में अफ्रीकी और एशियाई लोगों से नफरत फैलाने के लिए किया जाता है.
- ये ट्रंप समर्थक और इसके जैसे हजारों 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' मुहिम के कार्यकर्ता जिस थ्योरी का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं, उसी से प्रेरित होकर ये हिंदुओं के लिए नस्लभेदी और नफरती टिप्पणी भी करते हैं. जिससे हिंदुओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
अमेरिकी नेताओं और हिंदू समुदाय की क्या प्रतिक्रिया रही?
सिएटल की घटना पर अमेरिकी कांग्रेस की सदस्य प्रमिला जयपाल ने नाराजगी जाहिर की. जयपाल ने एक्स पर लिखा, ‘इस घृणित और नस्लभेदी प्रदर्शन से मैं बेहद नाराज हूं. दिवाली एक महत्वपूर्ण त्योहार है और हमारे समुदाय को इसे सुरक्षित माहौल में मनाने का अधिकार है. इस तरह की नफरत के लिए हमारे शहर या देश में कोई जगह नहीं है.’ सिर्फ नेता नहीं... अमेरिका का पूरा हिंदू समुदाय इस तरह की नस्लभेदी टिप्पणियों से नाराज है.
ये भी पढ़ें: 'बंद होना चाहिए 500 और 2000 के नोट'... CM चंद्रबाबू नायडू ने क्यों उठाई ये मांग?