SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

DNA: 'फ्लाइट मोड' में US का आसमान: साढ़े 4 घंटे तक थम गए 19 हजार से ज्यादा एयरपोर्ट, हवा में क्यों अटके रहे 4000 विमान?

दुनिया के सबसे ताकतवर देश कहे जाने वाले अमेरिका के आसमान में अचानक 'फ्लाइट मोड' लग गया. तकनीकी गड़बड़ी के चलते वहां करीब साढ़े चार घंटे तक हवाई इमरजेंसी जैसे हालात बने रहे और देश के 19 हजार से ज्यादा एयरपोर्ट्स पर विमानों की आवाजाही पूरी तरह थम गई. आइए DNA में समझते हैं क्या है पूरी कहानी...

Written By Bhoopendra Rai
Published: Nov 14, 2026, 23:04 IST | Updated: Nov 14, 2026, 23:09 IST
Image Credit: DNA
Join

जिस अमेरिका को दुनिया सुपरपावर कहती है, वहां के आसमान में 14 नवंबर को आपातकाल लग गया. 4 घंटे से ज्यादा समय तक 4000 से ज्यादा विमान अमेरिका के आसमान में अटके रहे. समझ रहे हैं आप. 4000 से ज्यादा विमान चाहकर भी लैंड नहीं कर पा रहे थे. लाखों यात्री हजारों फीट ऊपर हवा में डरे-सहमे और फंसे हुए थे. यूएस में करीब साढ़े 4 घंटे तक हवाई इमरजेंसी घोषित कर दी गई. साढ़े चार घंटे तक अमेरिका के किसी भी एयरपोर्ट से किसी भी विमान ने उड़ान नहीं भरी.

अमेरिका में आखिरी बार ऐसी हवाई इमरजेंसी.. 9/11 आतंकी हमले के दौरान लगी थी. इसलिए इस घटना की गंभीरता आप समझ सकते हैं. आज आपको जानना चाहिए, आखिर अमेरिका इन दिनों एयरप्लेन मोड में क्यों चल रहा है? सबसे पहले आपको ये समझना चाहिए कि हम इसे अमेरिकी विमानों का एयरप्लेन मोड या फ्लाइट मोड क्यों कह रहे हैं...

दरअसल, आपके फोन की सेटिंग में एक मोड होता है. Aeroplane Mode.. इसे आम बोलचाल की भाषा में फ्लाइट मोड कहा जाता है. इसे एक्टिवेट करने पर फोन में कोई नेटवर्क नहीं आता है.. न कॉल आती है, न मैसेज, न ही इंटरनेट चलता है. इसी तरह से कल अमेरिका के सारे एयरपोर्ट्स पर फ्लाइट मोड एक्टिवेट हो गया. सवाल है, अमेरिका के एयरपोर्ट्स पर नेटवर्क की ऐसी कौन सी दिक्कत पैदा हुई कि करीब साढ़े चार घंटे तक अमेरिका में एक भी फ्लाइट उड़ान नहीं भर पाई?

FAA के एक आदेश से थम गए सभी विमान

कल अमेरिका के Federal Aviation Administration यानी FAA ने देशभर के एयरपोर्ट्स पर एक आदेश जारी किया. आदेश में लिखा था.. NATIONAL GROUND STOP... तीन शब्दों के इस मैसेज का मतलब साफ था.. अमेरिका के सभी एयरपोर्ट्स से नई उड़ानें टेकऑफ नहीं करेंगी, जो विमान पहले से हवा में थे, किसी भी तरह उनकी सुरक्षित लैंडिंग करवाई जाए. आने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भी या तो उनके निर्धारित एयरपोर्ट तक पहुंचाया जाए या फिर उन्हें डायवर्ट करके जल्द से जल्द लैंड करवाया जाए.. ये सुनने में जितना आसान लग रहा है उससे कहीं ज्यादा जटिल था..

क्योंकि जब ये आदेश जारी हुआ उस वक्त 4,042 से ज्यादा विमान अमेरिकी एयरस्पेस में उड़ रहे थे.. इसमें से 3,215 विमानों को उनके निर्धारित एयरपोर्ट पर लैंड करवाया गया. 670 विमानों को अपने शुरुआती एयरपोर्ट पर वापस भेज दिया गया और 157 विमानों को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया. इसके अलावा 6,000 उड़ानें रद्द की गईं.. 8600 फ्लाइट्स देरी से उड़ीं और इस फ्लाइट इमरजेंसी का असर 15 लाख से ज्यादा लोगों पर पड़ा.

न्यूयॉर्क से कैलिफोर्निया तक एयरपोर्ट्स पर मची अफरातफरी

न्यूयॉर्क से लेकर वाशिंगटन... शिकागो से लेकर बोस्टन और सैन फ्रांसिस्को से लेकर कैलिफोर्निया.. अमेरिका के हर बड़े हवाई अड्डे पर अफरातफरी मच गई. लोगों को पहले फ्लाइट्स डिले होने की खबर मिली और फिर एक के बाद एक फ्लाइट्स कैंसल होने लग गईं.

9/11 हमले के 25 साल बाद दिखी ऐसी स्थिति

जैसा कि हमने आपसे कहा, अमेरिका में आखिरी बार ऐसी एयर इमरजेंसी नौ-ग्यारह हमले के बाद हुई थी, तब ट्विन टावर्स पर हमले के बाद अमेरिका में सभी फ्लाइट्स को कैंसल कर दिया गया था. लेकिन 25 साल बाद एक बार फिर उसी तरह की स्थिति देख लोगों के मन में कई सवाल उठने लगे..

ये सवाल पूछे जाने लगे कि क्या अमेरिका पर कोई हमला हुआ है.. सोशल मीडिया पर लोग ये पूछने लगे कि क्या अमेरिका पर कोई साइबर अटैक हुआ है. साथ ही ये भी अंदेशा जताया जाने लगा कि क्या ये स्थिति माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर डाउन होने का नतीजा है, इसीलिए सबसे पहले अमेरिकी एजेंसियों ने स्थिति साफ की.. यहां कथित सुपरपावर अमेरिका के एविएशन सेक्टर की सबसे बड़ी कमजोरी दुनिया के सामने आ गई..

साढ़े चार घंटों तक अमेरिका के आसमान में एक भी विमान ने उड़ान नहीं भरी. साढ़े चार घंटों तक एक भी विमान का उड़ान नहीं भरना कोई आम घटना नहीं है, क्योंकि इससे पूरा देश मानो थम सा गया. कोई अपने घर नहीं जा पाया तो कोई अपने दफ्तर नहीं जा पाया. कोई किसी जरूरी मीटिंग में नहीं पहुंच पाया तो कोई अपने इलाज के लिए दूसरे शहर समय पर नहीं पहुंच पाया. इससे लोगों को परेशानी तो हुई है लेकिन इससे अमेरिका को बहुत बड़ा आर्थिक नुकसान भी हुआ है.

एयर इमरजेंसी से 1,160 करोड़ का बड़ा नुकसान

अगर देरी से उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स से नुकसान का अंदाजा लगाया जाए तो करीब 500 करोड़ का नुकसान हो गया. फ्लाइट मिस होने की वजह से यात्रियों को करीब 660 करोड़ का नुकसान हो गया.. यानी कुल मिलाकर इस एयर इमरजेंसी ने 1160 करोड़ का नुकसान करवा दिया. अमेरिका में जो एयर इमरजेंसी दोपहर साढ़े तीन बजे शुरू हुई, उसे ठीक करने में आठ बजे तक का वक्त लग गया. अमेरिका के एयर ट्रैफिक के नेटवर्क को तो ठीक कर लिया गया है. फ्लाइट कैंसल और डिले होने की वजह से कई यात्री अभी भी एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं.

ये भी पढ़ें: 3 साल बाद भारत आएगा PAK का कोई मंत्री! SCO बैठक के लिए दिल्ली पहुंचेंगे मुसादिक; फिर भी बर्फ पिघलने के आसार क्यों है कम?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES