SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सोनिया की किताब का संपूर्ण विश्लेषण: इमरजेंसी, ब्लू स्टार और बाबरी का जिक्र, कई राज खोले तो कई बड़े सवाल भी खड़े हुए

सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में इमरजेंसी, ऑपरेशन ब्लू स्टार, बाबरी विध्वंस और प्रधानमंत्री पद ठुकराने जैसे कई अहम राजनीतिक प्रसंगों का जिक्र है.

Written By Tahir Kamran
Published: Nov 10, 2026, 10:23 PM IST | Updated: Nov 10, 2026, 10:36 PM IST
Image Credit: हार्पर कॉलिन्स इंडिया | किताब में दी गई तस्वीरों को Ai की मदद से जोड़ा गया है.
Join

देश की राजनीति में इन दिनों सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' चर्चा में है. इंदिरा गांधी के परिवार में पहली बार किसी ने ऑटोबायोग्राफी लिखी है, जिसमें सोनिया गांधी ने अपनी प्रेम कहानी से लेकर प्रधानमंत्री नहीं बनने तक की कहानी बताई है. 544 पन्नों की इस किताब में उन्होंने पारिवारिक कलह का भी विस्तार से जिक्र किया है और बाबरी ढांचा विध्वंस पर निकले आंसुओं के बारे में भी लिखा है. इस किताब में कई विवादित प्रसंगों के साथ-साथ कुछ ऐसी गलतियां भी हैं, जिन पर सवाल उठ रहे हैं. सोनिया गांधी ने ऑपरेशन ब्लू स्टार को किसकी गलती बताया है, इसका भी किताब में जिक्र है.

छह दशकों की राजनीति का दस्तावेज है सोनिया गांधी की किताब

इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने 60 साल के अनुभवों को शब्दों में दर्ज किया है. उन्होंने कहा है कि यह कोई राजनीतिक किताब नहीं है, बल्कि उनके निजी जीवन और अनुभवों का संग्रह है. बेशक वह अपनी किताब को निजी मेमॉयर बताएं, लेकिन देश के राजनीतिक इतिहास का अध्ययन करने वालों के लिए यह किताब छह दशकों की राजनीति को जानने और समझने का एक जरिया हो सकती है.

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ. केनेडी का विचार है कि राजनीतिक संस्मरण और आत्मकथाएं केवल एक व्यक्ति के जीवन की कहानी नहीं हैं, बल्कि वे उस युग के दस्तावेज हैं, जो आने वाली पीढ़ियों को यह बताते हैं कि निर्णय कैसे लिए गए और इतिहास कैसे गढ़ा गया.

सोनिया गांधी की किताब भी राजनीतिक घटनाओं का दस्तावेज है. इस किताब में दर्ज घटनाओं के राजनीतिक महत्व को समझना जरूरी है. हालांकि, इससे पहले किताब के बारे में कुछ बुनियादी बातें जानना जरूरी है.

राजीव गांधी की खींची तस्वीर को बनाया किताब का कवर

किताब के कवर पर सोनिया गांधी की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर छपी है. यह तस्वीर उनके लिए बेहद खास है. इस तस्वीर को साल 1966 में राजीव गांधी ने कैम्ब्रिज में क्लिक किया था. सोनिया गांधी ने इसे अपने जीवन की सबसे प्रिय तस्वीर बताते हुए आत्मकथा के मुखपृष्ठ के लिए चुना. किताब के कवर के लिए इस तस्वीर को चुनकर सोनिया गांधी ने बताया है कि राजीव गांधी के साथ उनका रिश्ता भावनात्मक तौर पर कितना गहरा, मजबूत और अटूट है.

यह भी पढ़ें: लंदन में पहली मुलाकात... पार्टी में जाने से पहले फट गई सोनिया की ड्रेस, इंदिरा गांधी ने खुद सुई-धागा लेकर की थी सिलाई!

सोनिया गांधी ने अपनी किताब परिवार को समर्पित की है. किताब के शुरुआती पेज पर लिखा है कि यह उनके बेटे राहुल, बेटी प्रियंका और नाती-नातिन रेहान और मिराया के नाम है.

इसके बाद किताब के शुरू होने से पहले ऋग्वेद की ऋचा उद्धृत की गई है. अंग्रेजी में लिखी गई इस ऋचा का अर्थ है कि साथ मिलकर चलो, साथ मिलकर बोलो और तुम्हारे विचार एक हों. तुम्हारा उद्देश्य एक हो और तुम्हारे दिलों में आपसी सामंजस्य हो. तुम्हारे विचार एकजुट हों, ताकि तुम सब मिलकर एकता और पूर्णता के साथ जीवन बिताओ. सोनिया गांधी की किताब में ऋग्वेद की ऋचा और एकता का संदेश भारतीय संस्कृति से उनके लगाव को दर्शाता है.

प्रकाशक से विवाद के बाद हार्पर कॉलिन्स ने प्रकाशित की किताब

सोनिया गांधी की किताब प्रकाशित होने से पहले ही चर्चा और विवाद में आ गई थी. इसकी वजह किताब के प्रकाशन से जुड़ा विवाद था. किताब को हार्पर कॉलिन्स इंडिया ने प्रकाशित किया है. पहले किताब को पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया प्रकाशित करने वाला था, लेकिन किताब के कुछ हिस्सों को लेकर प्रकाशक और सोनिया गांधी के प्रतिनिधियों के बीच मतभेद हो गया. प्रकाशक ने इन कुछ हिस्सों में बदलाव करने या उन्हें हटाने की मांग की थी, लेकिन सोनिया गांधी के प्रतिनिधियों ने इससे इनकार कर दिया. इसके बाद किताब को हार्पर कॉलिन्स इंडिया ने प्रकाशित किया.

सोनिया गांधी ने यह किताब करीब 12 वर्ष में लिखी है. वर्ष 2014 में जब पूर्व केंद्रीय मंत्री के. नटवर सिंह ने अपनी किताब 'वन लाइफ इज नॉट इनफ' में सोनिया गांधी के पीएम पद छोड़ने को लेकर विवादित दावा किया था, तब सोनिया गांधी ने घोषणा की थी कि वह अपनी खुद की किताब लिखेंगी और तब सबको सब कुछ पता चल जाएगा. अब यह किताब आ गई है.

किताब के शुरुआती पन्नों में सोनिया गांधी ने इटली से भारत पहुंचने की कहानी बताई है. इस कहानी में खासतौर से बच्चन परिवार का जिक्र है. सोनिया गांधी शुरुआत में हरिवंश राय बच्चन और तेजी बच्चन के साथ रही थीं. अपनी किताब में उन्होंने दर्ज किया है कि कैसे हरिवंश राय बच्चन सुबह-सुबह देवताओं को जगाने के लिए शंख बजाते थे.

इस किताब में दर्ज घटनाओं को दो हिस्सों में समझा जा सकता है. पहले हिस्से में किताब में जिन बड़ी राजनीतिक घटनाओं का जिक्र किया गया है, उनका विश्लेषण है. दूसरे हिस्से में उन अनछुए निजी प्रसंगों की चर्चा है, जिनका जिक्र सोनिया गांधी ने अपनी किताब में किया है.

इमरजेंसी के लिए संजय गांधी को जिम्मेदार मानती हैं सोनिया गांधी

भारत में सोनिया गांधी की कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, किताब में निजी जीवन के साथ ही राजनीतिक घटनाओं का जिक्र भी बढ़ता जाता है. पुस्तक में पहली बड़ी राजनीतिक घटना के तौर पर वर्ष 1975 में देश में लगाए गए आपातकाल का जिक्र है.

साल 1975 में इंदिरा गांधी ने देश में इमरजेंसी लगाई थी. अपनी किताब में सोनिया गांधी ने लिखा है कि आपातकाल के फैसले को लेकर परिवार में मतभेद थे. राजीव गांधी आपातकाल के फैसले के खिलाफ थे. उन्होंने इंदिरा गांधी को अगले चुनाव तक इंतजार करने को कहा था.

सोनिया गांधी ने लिखा है कि संजय गांधी ने आपातकाल लगाने पर जोर दिया था. संजय गांधी पर किसी का कंट्रोल नहीं था. वह इंदिरा गांधी की भी नहीं सुनते थे. सोनिया गांधी ने यह भी लिखा है कि अगर संजय गांधी कंट्रोल में होते तो नुकसान काफी हद तक रोका जा सकता था.

आपातकाल के विवरण को दर्ज करते हुए सोनिया गांधी ने यह भी लिखा है कि आपातकाल लागू करने का फैसला गलती थी. इंदिरा गांधी को भी बाद में ऐसा महसूस हुआ.

सोनिया गांधी ने जो कुछ लिखा है, उससे यही अर्थ निकलता है कि भारतीय लोकतंत्र के इस काले अध्याय के लिए अकेले संजय गांधी जिम्मेदार थे. राजीव गांधी इसके खिलाफ थे और इंदिरा गांधी संजय गांधी के दबाव में थीं.

किसी भी घटना को पूरी तरह समझने के लिए सभी पक्षों को सुनना और समझना जरूरी होता है. संजय गांधी की मृत्यु 23 जून 1980 को हो गई. उनकी पत्नी मेनका गांधी ने पर्यावरण, पशु कल्याण और कानून पर कई पुस्तकें लिखी हैं, लेकिन उन्होंने गांधी परिवार और राजनीतिक घटनाओं पर कोई पुस्तक नहीं लिखी है.

जॉर्ज फर्नांडिस के ग्रुप में इंदिरा गांधी की हत्या की साजिश की चर्चा

1975 का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है. किताब में उन्होंने लिखा है कि 1975 में बांग्लादेश के तत्कालीन राष्ट्रपति शेख मुजीबुर रहमान की हत्या के बाद इंदिरा गांधी अपने परिवार और खासतौर पर संजय गांधी की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित थीं.

किताब में जिक्र है कि तत्कालीन खुफिया सुरक्षा प्रमुख ने इंदिरा गांधी को आगाह किया था कि रेलवे के ट्रेड यूनियन नेता जॉर्ज फर्नांडिस के ग्रुप के भीतर इंदिरा गांधी की हत्या की साजिश की चर्चा है. इंदिरा गांधी ने अपने एक पत्र में भी लिखा था कि फर्नांडिस उन्हें बनारस में बम से उड़ाने की योजना बना रहे थे.

ऑपरेशन ब्लू स्टार को देश की सुरक्षा के लिए जरूरी फैसला बताया

किताब में दूसरी बड़ी राजनीतिक घटना के तौर पर 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार को जगह दी गई है. ऑपरेशन ब्लू स्टार का विवरण दर्ज करते हुए सोनिया गांधी ने लिखा है कि सैन्य कार्रवाई एक अत्यंत कठिन लेकिन सुरक्षा के नजरिए से जरूरी फैसला था.

स्वर्ण मंदिर में हथियार जमा होने और उग्रपंथियों के जुटने के बाद इंदिरा गांधी देश की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता में थीं. ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद इंदिरा गांधी ने तबाही की तस्वीरें देखीं तो स्वर्ण मंदिर की तस्वीरें देखकर उनकी आंखों में आंसू थे.

सोनिया गांधी के मुताबिक, ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद इंदिरा गांधी को अपनी हत्या की आशंका थी. उन्होंने परिवार को अपनी मौत की आशंका जताई थी. सोनिया गांधी ने यह भी लिखा है कि स्वर्ण मंदिर की तस्वीरें देखकर उन्हें बहुत दुख हुआ था.

यानी एक तरफ सोनिया गांधी ऑपरेशन ब्लू स्टार को देश के लिए जरूरी बता रही हैं, तो दूसरी तरफ यह भी कह रही हैं कि इंदिरा गांधी को इस फैसले पर पश्चाताप था. यह सोनिया गांधी का पक्ष है. इंदिरा गांधी ने कभी ऑपरेशन ब्लू स्टार को लेकर पछतावा नहीं जताया. इसलिए सोनिया गांधी की किताब में दर्ज इस विवरण को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं.

बाबरी विध्वंस की तस्वीरें देखकर रो पड़ी थीं सोनिया गांधी

सोनिया गांधी की किताब में राम मंदिर और अयोध्या विवाद का भी जिक्र है. सोनिया गांधी ने लिखा है कि कांग्रेस इस विवाद का शांतिपूर्ण और न्यायिक समाधान चाहती थी, ताकि देश का धर्मनिरपेक्ष ताना-बाना सुरक्षित रहे. उनके मुताबिक, धार्मिक मुद्दे का राजनीतिकरण करके सांप्रदायिक ध्रुवीकरण को बढ़ावा दिया गया. इससे कांग्रेस के पारंपरिक धर्मनिरपेक्ष रुख पर राजनीतिक असर पड़ा.

सोनिया गांधी ने किताब में दर्ज किया है कि दिसंबर 1992 में जब उन्होंने अयोध्या में विध्वंस वाली तस्वीरें टीवी पर देखीं तो वह रो पड़ीं. सोनिया गांधी की इस टिप्पणी पर उनके राजनीतिक विरोधी सवाल उठा रहे हैं.

2004 में प्रधानमंत्री बनने से इनकार करने के पीछे बताई अंतरात्मा की आवाज

अपनी किताब में सोनिया गांधी ने 2004 की उस घटना का भी विस्तार से विवरण किया है, जब उन्होंने प्रधानमंत्री बनने से इनकार कर दिया था. सोनिया गांधी ने लिखा है कि 2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत के बाद उन्हें प्रधानमंत्री बनाए जाने की मांग हो रही थी. लेकिन प्रधानमंत्री बनना उनका निजी लक्ष्य कभी नहीं था.

उन्होंने लिखा है कि उनके भीतर एक तरफ प्रधानमंत्री पद को पूरी तरह अस्वीकार करने की भावना थी, तो दूसरी तरफ पार्टी और देश के प्रति जिम्मेदारी का एहसास था. उन्होंने अपनी 'अंतरात्मा की आवाज' पर यह पद ठुकराया था.

सोनिया गांधी ने लिखा है कि डॉ. मनमोहन सिंह की ईमानदारी और शासन चलाने की गहरी समझ ने उन्हें प्रभावित किया. डॉ. मनमोहन सिंह को उन्होंने ऐसा व्यक्ति बताया है, जो गठबंधन के सहयोगियों के बीच भरोसा पैदा कर सकते थे. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राजनीतिक घटनाओं को सही संदर्भ में समझने के लिए सोनिया गांधी की किताब पढ़नी चाहिए.

प्रणब मुखर्जी ने जताई थी प्रधानमंत्री बनने की इच्छा

सोनिया गांधी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की प्रधानमंत्री बनने की इच्छा की चर्चा भी अपनी किताब में की है. उन्होंने लिखा है कि साल 2010 में एक दिन बातचीत के दौरान प्रणब मुखर्जी ने उन्हें पीएम बनने की इच्छा का संकेत दिया था.

सोनिया गांधी ने लिखा है कि पार्टी के कोर ग्रुप की हर हफ्ते पीएम के साथ बैठक होती थी. इन बैठकों के बाद कई बार प्रणब मुखर्जी बातचीत के लिए रुक जाते थे. उस दौर में प्रणब मुखर्जी के तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के साथ गंभीर मतभेद हो गए थे.

साल 2010 में एक बातचीत के दौरान प्रणब मुखर्जी ने अपनी नाराजगी जाहिर करने के बाद सुझाव दिया कि शायद अब शीर्ष नेतृत्व में बदलाव का समय आ गया है. सोनिया गांधी ने लिखा है कि उनकी इस बात ने उन्हें हैरान कर दिया. उन्होंने इसे प्रधानमंत्री बनने की प्रणब मुखर्जी की लंबे समय से चली आ रही इच्छा के संकेत के रूप में समझा. प्रणब मुखर्जी की बात सुनने के बाद उन्होंने सहजता से बातचीत का विषय बदल दिया.

सोनिया गांधी के इस खुलासे पर प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सवाल उठाए हैं. शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सोशल मीडिया पर तल्ख टिप्पणी की है. उन्होंने लिखा है कि उनके पिता बहुत ही साधारण बैकग्राउंड से आए थे. उन्होंने अपने जीवन में जो कुछ भी हासिल किया, वह सिर्फ अपनी काबिलियत और कड़ी मेहनत से किया. शाही परिवार से होने के कारण उनके लिए पीएम समेत कोई पद परोसने के लिए नहीं बैठा था.

शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सवाल उठाया कि अगर कोई काबिल इंसान प्रधानमंत्री बनने की इच्छा रखता है तो उसमें गलत क्या है? क्या सोनिया जी इस बात से सदमे में थीं कि गांधी-नेहरू परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति ऐसी महत्वाकांक्षा कैसे पाल सकता है और उससे भी आगे बढ़कर उन्हें इसका संकेत कैसे दे सकता है?

मारुति परियोजना से लेकर 2G घोटाले तक

सोनिया गांधी ने अपनी किताब को निजी संस्मरण कहा है. इस निजी संस्मरण में कई महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाओं का जिक्र है, लेकिन कुछ घटनाएं ऐसी भी हैं, जो महत्वपूर्ण तो हैं, लेकिन किताब उन घटनाओं पर खामोश है.

1970 के दशक में संजय गांधी की महत्वाकांक्षी मारुति परियोजना को लेकर आर्थिक और राजनीतिक सवाल उठे थे. इस विवाद और संजय गांधी को प्राप्त राजनीतिक वरदहस्त पर सोनिया गांधी ने कुछ नहीं लिखा है.

साल 1985 के शाहबानो केस और अयोध्या में ताला खुलवाने के फैसले को लेकर भी सोनिया गांधी खामोश रही हैं. राजीव गांधी के शाहबानो वाले विवादित फैसले का विश्लेषण किताब में नहीं है.

बोफोर्स तोप सौदे के भ्रष्टाचार के आरोपों पर सोनिया गांधी ने रक्षा सौदों के तकनीकी पक्षों या जांच आयोगों पर राजनीतिक चर्चा करने के बजाय इसे सिर्फ राजीव गांधी को बदनाम करने की राजनीतिक साजिश के तौर पर देखा है.

UPA सरकार के दौरान 2G घोटाला, कोयला घोटाला और कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाले के आरोपों पर भी सोनिया गांधी ने गहराई से आत्मनिरीक्षण नहीं किया है.

चूंकि सोनिया गांधी ने खुद कहा है कि पुस्तक उनके निजी संस्मरण का लेखा-जोखा है और यह इतिहास की किताब नहीं है, ऐसे में लेखक को यह आजादी होती है कि वह अपनी किन यादों को पुस्तक में दर्ज करना चाहता है और किन्हें नहीं. यह आजादी सोनिया गांधी को भी है.

हालांकि, अगर वह विवादित मुद्दों को भी अपनी पुस्तक में शामिल करतीं तो राजनीति में रुचि रखने वालों को पूरे घटनाक्रम को समझने में सुविधा होती.

अहमद पटेल के निधन का साल 2022 बताया, जबकि 2020 में हुई थी मौत

सोनिया गांधी की किताब में राजनीतिक घटनाओं के अलावा तथ्यों से जुड़ी कुछ गलतियां भी सामने आई हैं. किताब के पेज नंबर 401 पर अहमद पटेल के निधन की जानकारी देने में बड़ी चूक हुई है. सोनिया गांधी ने अपने सबसे भरोसेमंद राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल के निधन का वर्ष 2022 दर्ज किया है. जबकि अहमद पटेल का निधन 25 नवंबर 2020 को हुआ था.

अन्ना हजारे के आंदोलन का साल भी गलत लिखा

किताब में पेज नंबर 461 पर अन्ना आंदोलन को लेकर बड़ी चूक हुई है. किताब में बताया गया है कि अन्ना हजारे का आंदोलन 2012 में हुआ था. जबकि अन्ना हजारे पहली बार 5 अप्रैल 2011 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे थे और इसी साल अगस्त 2011 में रामलीला मैदान इस देशव्यापी आंदोलन का मुख्य केंद्र बना था.

सोनिया गांधी की किताब का एक अंश विदेशी नेताओं से भी जुड़ा हुआ है. सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में विदेशी नेताओं के साथ अपनी मुलाकात और बातचीत का जिक्र भी किया है. इनमें ब्रिटेन की पूर्व राजकुमारी डायना, फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन शामिल हैं, लेकिन इन नेताओं में बिल क्लिंटन की आदत को लेकर उन्होंने जो लिखा है, उसकी चर्चा अब अमेरिका में भी हो रही होगी. सोनिया गांधी ने साल 2000 में भारत दौरे पर आए उस समय के अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन से मुलाकात का जिक्र किया है.

उस समय अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे. वहीं सोनिया गांधी कांग्रेस की अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष की नेता थीं. बिल क्लिंटन के सम्मान में वाजपेयी जी ने एक कार्यक्रम रखा था. इस दौरान सोनिया गांधी ने क्लिंटन से मुलाकात की. इस मुलाकात में उन्होंने जो महसूस किया, उसे किताब में लिखा है. सोनिया गांधी लिखती हैं कि उस समय तक मोनिका लेविंस्की के साथ क्लिंटन का स्कैंडल थोड़ा ठंडा पड़ चुका था. लेकिन पुरानी आदतें आसानी से नहीं जातीं. सोनिया ने आगे लिखा कि बिल क्लिंटन के सम्मान में आयोजित रिसेप्शन के दौरान वह बीच-बीच में छिपकर वहां मौजूद आकर्षक महिलाओं को निहार रहे थे.

मोनिका लेविंस्की स्कैंडल के बाद भारत आए थे बिल क्लिंटन

सोनिया गांधी ने जिस मोनिका लेविंस्की का जिक्र किया है, वह क्लिंटन के कार्यकाल के दौरान व्हाइट हाउस में इंटर्न थीं. मोनिका के साथ बिल क्लिंटन का करीब दो साल तक अफेयर रहा. 1998 में इसका खुलासा होने पर पहले तो क्लिंटन ने आरोपों से पूरी तरह इनकार किया. लेकिन बाद में सबूत सामने आने पर क्लिंटन को कहना पड़ा कि उन्होंने देश को गलत जानकारी दी थी.

इस मामले में उनके खिलाफ अमेरिकी संसद के निचले सदन में महाभियोग की कार्रवाई भी हुई. लेकिन 1999 में अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन सीनेट ने उन्हें आरोपों से बरी कर दिया. तब तक पूरी दुनिया में उनकी बदनामी हो चुकी थी. आरोपों से बरी होने के करीब एक साल बाद क्लिंटन ने भारत का यह दौरा किया था.

कश्मीर को दुनिया की सबसे खतरनाक जगहों में से एक बताते थे क्लिंटन

क्लिंटन के व्यक्तिगत आचरण के अलावा सोनिया गांधी ने भारत को लेकर उनके रवैये के बारे में भी लिखा है. जब सोनिया ने तत्कालीन विदेश मंत्री के साथ क्लिंटन से मुलाकात की तो उन्होंने कश्मीर पर भारत का पक्ष जानने के बदले अपने विचार और संभावनाएं साझा करने में ज्यादा दिलचस्पी दिखाई. सोनिया के मुताबिक, क्लिंटन ने कश्मीर को परमाणु संघर्ष का केंद्र और दुनिया की सबसे खतरनाक जगहों में से एक बताया. यानी भारत की चिंताओं को सुनने के बदले क्लिंटन कश्मीर को लेकर अपने विचार थोपना चाहते थे.

मनमोहन सिंह के सामने सरकोजी के व्यवहार में अहंकार देखती थीं सोनिया

सोनिया गांधी ने किताब में फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी से 2010 में हुई मुलाकात का भी जिक्र किया है. उस समय UPA की सरकार थी और तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सरकोजी के लिए डिनर का आयोजन किया था. इस मुलाकात के दौरान सोनिया को सरकोजी के व्यवहार में अहंकार नजर आया.

सोनिया गांधी के मुताबिक, सरकोजी ने भारत के प्रधानमंत्री के सामने अपनी राय रखी कि भारत को क्या करना चाहिए. सोनिया ने उनके अंदाज को काफी अहंकारी बताया. वह आगे लिखती हैं कि सरकोजी को इस बात का बिल्कुल भी खयाल नहीं था कि वह किसी ऐसे व्यक्ति से बात कर रहे हैं, जो उनसे कहीं अधिक वरिष्ठ, अनुभवी और जानकार हैं.

प्रिंसेज डायना की शादी में शामिल हुई थीं सोनिया गांधी

सोनिया गांधी की आत्मकथा में ब्रिटेन की प्रिंसेज डायना से भी कई भेंट-मुलाकातों का जिक्र है. सोनिया के मुताबिक, ब्रिटिश शाही परिवार के सदस्य और उनका परिवार पीढ़ियों से दोस्त रहे हैं. सोनिया गांधी 1981 में डायना की शादी में भी शामिल हुई थीं. डायना की तारीफ करते हुए सोनिया ने उनका व्यक्तित्व आकर्षक बताया है.

यह भी पढ़ें: राजीव से मोहब्बत, इंदिरा की आंखों में आंसू, मेनका से टकराव और प्रणब का सपना; सोनिया की किताब में क्या-क्या?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES