नशे की ओवरडोज से एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत! कभी 6 बेटों से भरा था घर, आज बूढ़ी मां के पास बचा सिर्फ दर्द
पंजाब के शेरेवाला गांव में नशे की ओवरडोज ने एक परिवार के सात लोगों की जान ले ली. पति और बेटों को खोने के बाद अब घर में सिर्फ एक बूढ़ी मां बची है.
हर दिन Zee मीडिया के नशा मुक्त भारत अभियान से जुड़ने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है. यह देखकर खुशी होती है कि देश के लोग नशे के खिलाफ लड़ाई में आगे बढ़कर साथ देना चाहते हैं और दे भी रहे हैं. जो लोग अभी तक इस अभियान से नहीं जुड़े हैं, उनसे भी आग्रह है कि आगे आएं और इस अभियान का हिस्सा बनें.
अगर आपके आसपास कोई नशा पीड़ित दिखे या कोई नशीला पदार्थ बेचता दिखे, तो आप स्क्रीन पर दिए गए नंबर पर वीडियो बनाकर भेज सकते हैं. इसके अलावा, हैशटैग नशा मुक्त भारत के साथ सोशल मीडिया पर हमें टैग भी कर सकते हैं. हम इन तस्वीरों को DNA के साथ-साथ Zee News के हर प्लेटफॉर्म पर दिखाएंगे.
नशे ने उजाड़ दिया पूरा परिवार, अब घर में बची सिर्फ एक बूढ़ी मां
नशा किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार को तबाह कर देता है. पंजाब के शेरेवाला गांव के एक घर में कभी भरा-पूरा परिवार रहा करता था. परिवार में पति-पत्नी और उनके छह बेटे थे, लेकिन नशे की वजह से आज इस परिवार में सिर्फ एक बूढ़ी मां बची है.
नशे ने इस परिवार को इस कदर तबाह किया कि पहले पति और फिर एक-एक कर सभी बेटे ड्रग ओवरडोज की भेंट चढ़ गए. अब घर में शिंदर कौर, एक बहू और पोता ही बचे हैं.
इस परिवार में सबसे पहले साल 2012 में शिंदर कौर के पति मुख्तियार सिंह की मौत हुई. उसके बाद एक-एक कर उनके बेटे गुरदीप सिंह, जसवंत सिंह, बलजीत सिंह और राजू सिंह चल बसे. आखिरी बचा बेटा जसवीर सिंह भी अब नशे की ओवरडोज की वजह से मौत का शिकार हो गया.
पंजाब में कई परिवारों पर नशे की मार
पंजाब में यह कहानी किसी एक परिवार की नहीं है. कपूरथला में एक मां ने दावा किया कि आठ वर्षों में नशे की लत के कारण उनके पांचों बेटों की मौत हो गई. फरीदकोट में एक ही परिवार के दो बेटों की ओवरडोज से मौत हो गई. तरनतारन में भी दो भाई नशे की ओवरडोज की वजह से मारे गए.
नशा किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार पर भारी पड़ता है. नशा वैसे तो पूरे देश के लिए एक बड़ी समस्या है, लेकिन पंजाब में यह बहुत तेजी से फैल रहा है.
पंजाब में नशे को लेकर क्या कहते हैं आंकड़े?
एक अध्ययन के अनुसार, पंजाब के लगभग 35 प्रतिशत परिवारों में कम से कम एक व्यक्ति किसी न किसी नशे का आदी है. (IJMR, जून 2025)
गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के एक अन्य अध्ययन में पाया गया कि दोआबा के 65 प्रतिशत और मालवा के 64 प्रतिशत परिवारों में कम से कम एक सदस्य किसी न किसी नशे का आदी है.
गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के अध्ययन के मुताबिक, सीमावर्ती क्षेत्रों के 15 से 25 आयु वर्ग के 70 से 75 प्रतिशत युवाओं में नशे की लत है.
AIIMS के पंजाब ओपिओइड डिपेंडेंस सर्वे के अनुसार, राज्य में लगभग 2.3 लाख लोग ओपिओइड यानी हेरोइन जैसे नशीले पदार्थों पर निर्भर हैं. इनमें से 83 प्रतिशत नौकरी करने वाले और 89 प्रतिशत शिक्षित पुरुष हैं.
राष्ट्रीय महिला आयोग के मुताबिक, दोआबा क्षेत्र में किए गए एक शोध में 92 प्रतिशत नशा पीड़ितों की पत्नियों ने बताया कि पति के नशा शुरू करने के बाद आर्थिक स्थिति बुरी तरह बिगड़ गई. 84 प्रतिशत परिवारों ने नशा मुक्ति के इलाज के खर्च को अपनी क्षमता से बहुत अधिक बताया. नशे से जूझ रहे 63 प्रतिशत लोगों और उनके परिवारों को समाज में कलंक और अलगाव का सामना करना पड़ता है.
नशा पीड़ितों की मदद कैसे कर सकते हैं?
नशा एक व्यक्ति करता है और बदनामी पूरे परिवार की होती है. यहां यह ध्यान रखना जरूरी है कि नशा करने वाला व्यक्ति नशा पीड़ित है. इसलिए उसका तिरस्कार करने के बजाय उसकी मदद करनी चाहिए.
नशा छोड़ने के इच्छुक युवाओं के लिए पंजाब में आउटपेशेंट ओपिओइड असिस्टेड ट्रीटमेंट यानी OOAT क्लीनिक और सरकारी नशा मुक्ति केंद्रों का विस्तार किया गया है.
2026-27 के बजट में नशा मुक्ति और स्वास्थ्य ढांचे के लिए विशेष रूप से 175 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं. गांव के स्तर पर निगरानी रखने के लिए लगभग 1.5 लाख ग्राम रक्षा समिति स्वयंसेवकों को जोड़ा गया है. पंजाब में रहने वाले लोग भी इससे जुड़ सकते हैं.
नशा पीड़ित को नजदीकी सरकारी अस्पताल के OOAT क्लीनिक या नशा मुक्ति केंद्र ले जाना चाहिए. यहां बिना किसी खर्च और गोपनीयता के साथ दवा और काउंसलिंग दी जाती है. इसके अलावा, केंद्रीय नशा मुक्ति हेल्पलाइन 1800-11-0031 पर भी निःशुल्क सलाह ली जा सकती है.
नशा पीड़ितों के परिवार को भी काउंसलिंग में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए, क्योंकि जिन मरीजों को इलाज के दौरान परिवार का भावनात्मक सहयोग मिलता है, उनके ठीक होने की दर 65 प्रतिशत ज्यादा होती है.
अगर आपके आसपास कोई नशा बेचता है, तो आप बिना अपनी पहचान उजागर किए पंजाब पुलिस की एंटी ड्रग हेल्पलाइन 9779100200 पर कॉल या व्हाट्सएप कर सकते हैं. भारत सरकार के मानस पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
आप Zee News के नशा मुक्त भारत अभियान से भी जुड़ सकते हैं. नशे के खिलाफ इस लड़ाई में आगे आइए और किसी परिवार को उजड़ने से बचाने में मदद कीजिए.