SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

नशे ने छीना बचपन, उजाड़ दिए घर! बिहार में 5वीं के बच्चों से लेकर नौजवानों तक कैसे फैला ड्रग्स का जाल?

बिहार में शराबबंदी के बावजूद ड्रग्स का जाल बढ़ता जा रहा है. पांचवीं कक्षा के बच्चों से लेकर युवाओं तक नशे की लत ने कई जिंदगी बर्बाद कर दी हैं. पटना के नशामुक्ति केंद्र में ऐसी ही दर्दनाक कहानियां सामने आई हैं.

Written By Tahir Kamran
Published: Nov 21, 2026, 22:39 IST | Updated: Nov 21, 2026, 22:43 IST
Image Credit: नशा मुक्त भारत
Join

बिहार में शराबबंदी के बावजूद नशे का कारोबार लगातार बढ़ने का दावा किया जा रहा है. राज्य में नशे की लत ने युवाओं को इस कदर अपनी चपेट में ले लिया है कि कोई नशे के लिए अपने ही घर में चोरी करने लगा तो किसी की पुश्तैनी फैक्ट्री पर ताला लग गया. हालांकि, नशामुक्ति केंद्रों की मदद से कई युवा इस लत से बाहर निकलकर जिंदगी की दूसरी पारी शुरू कर रहे हैं. बिहार की राजधानी पटना से ऐसी ही कुछ कहानियां सामने आई हैं.

बिहार एक ऐसा राज्य है जहां 10 साल से शराबबंदी है. बिहार में शराब बहनी तो बंद हो गई, लेकिन इसका एक साइड इफेक्ट यह हुआ कि यहां नशे की पुड़िया उड़ने लगी. आज की तारीख में इसने युवाओं को इस तरह अपनी चपेट में लिया है कि कई युवाओं का भविष्य हवा हो गया. स्थिति ऐसी है कि पांचवीं कक्षा के बच्चे तक इसकी चपेट में आ गए.

बिहार की राजधानी पटना में दिशा नशामुक्ति केंद्र में एक 14 साल के छात्र मिले, जिन्होंने पांचवीं कक्षा में ही व्हाइटनर और डायल्यूटर सूंघना शुरू कर दिया था. नशे की लत ऐसी लगी कि पॉकेटमनी कम पड़ने लगी. लिहाजा उन्होंने घर में चोरी शुरू कर दी. स्थिति यह हो गई कि नशा नहीं मिलने की वजह से वे हिंसक होने लगे.

इसी नशामुक्ति केंद्र में एक और युवक मिले, जिनके सिर पर स्मैक यानी हेरोइन का नशा इस कदर सवार हुआ कि उन्होंने बहुत छोटी उम्र में मजदूरी शुरू कर दी. दिहाड़ी के पैसे कम पड़ने लगे तो उन्होंने मोबाइल चोरी करना शुरू कर दिया. मोबाइल चोरी के आरोप में पुलिस ने उन्हें पकड़ा. पुलिस ने उन्हें नशामुक्ति केंद्र भेजा, जहां से वे अपनी जिंदगी की दूसरी पारी की शुरुआत कर रहे हैं.

चरस खरीदने के लिए घर में करने लगे चोरी

इसके बाद 15 साल के एक और नौनिहाल की कहानी है. दो साल पहले उन्हें चरस पीने की लत लगी. चरस खरीदने के लिए वे घर में चोरी करने लगे. जब घरवालों को पता चला तो घर से निकलने पर पाबंदी लगा दी. नशे की लत ऐसी थी कि चरस नहीं मिलने पर हिंसक हो जाते थे. लेकिन नशामुक्ति केंद्र आने के बाद अब वे अपनी पढ़ाई पूरी करना चाहते हैं.

यह भी पढ़ें: शौक में शुरू हुआ नशा निगल गया सिविल इंजीनियर का करियर, अब दूसरे को जागरूक कर रहा युवक, पढ़ें 2 खौफनाक कहानियां

नौवीं कक्षा में लगी नशे की लत, बंद हो गई पुश्तैनी फैक्ट्री

नशा उम्र नहीं देखता है. छोटे से छोटे बच्चों को अपनी चपेट में ले लेता है. ये प्रभु हैं. आज ये पूरी तरह से नशा छोड़ चुके हैं, लेकिन इन्हें भी नौवीं क्लास में ही नशे की लत लगी थी. और वो इतनी ज्यादा बढ़ती चली गई कि इनकी पुश्तैनी इलेक्ट्रिक प्लेट की फैक्ट्री बंद हो गई. पत्नी ने छोड़ दिया, बड़े भाई ने बात करना बंद कर दिया और एक वक्त ये कोमा में चले गए थे. इन सभी लोगों को नशामुक्त करवाने का श्रेय दिशा नशामुक्ति केंद्र को जाता है. अभी तक उन्होंने ऐसे हजारों युवाओं की जिंदगी बचाई है.

शराबबंदी के साल बिहार में NDPS के 518 मामले दर्ज हुए थे

दावा किया जा रहा है कि बिहार में ड्रग्स के केस शराबबंदी के बाद से बढ़ गए हैं. ऐसे में आंकड़ों पर नजर डालें तो बिहार में जिस साल शराबबंदी हुई, उस साल NDPS एक्ट के तहत 518 मामले दर्ज हुए थे. लेकिन साल 2024 में पांच गुना ज्यादा यानी 2,411 मामले दर्ज किए गए.

गांजा, नशीली सिरप और इंजेक्शन की जब्ती में भी बढ़ोतरी

बिहार में ड्रग्स की जब्ती से भी इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि राज्य में ड्रग्स का कारोबार कितना बढ़ता जा रहा है. साल 2022 में जहां 16 हजार 500 किलो गांजा जब्त किया गया था, वहीं साल 2025 में यह बढ़कर 32 हजार किलो हो गया. 2022 में 64 हजार नशीली सिरप की बोतलें जब्त हुई थीं, जो 2025 में बढ़कर 3 लाख 40 हजार हो गईं.

2022 में 30 हजार नशीली गोलियां जब्त हुई थीं, जो पिछले साल बढ़कर करीब साढ़े 6 लाख हो गईं. 2022 में 3 हजार 600 नशीले इंजेक्शन जब्त किए गए थे, लेकिन पिछले साल इनकी जब्ती 31 हजार से भी ज्यादा हुई.

बिहार में 90 हजार बच्चे करते हैं गांजे का नशा

आज स्थिति यह है कि बिहार में 10 साल से 17 साल के बीच के 90 हजार बच्चे गांजे का नशा करते हैं. 40 हजार बच्चे हेरोइन जैसा नशा करते हैं, 29 हजार बच्चे सूंघने वाला नशा करते हैं और 8 हजार बच्चे नशे की गोलियां लेते हैं. नशामुक्ति केंद्रों में भी भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि जहां साल 2022-23 में 1487 लोग भर्ती थे, आज करीब-करीब 30 हजार लोगों का इलाज हो रहा है.

नशा पीड़ितों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 14446 पर करें कॉल

नशा पीड़ितों के लिए भी कुछ जरूरी कदम उठाए जा सकते हैं. अगर आपको कोई नशा पीड़ित मिले तो आप सरकारी हेल्पलाइन नंबर 14446 पर कॉल करके जानकारी दे सकते हैं.

बिहार में केंद्र सरकार की योजना के तहत सहायता प्राप्त 15 नशामुक्ति केंद्र चल रहे हैं. बिहार सरकार ने नशीले पदार्थों की अवैध सप्लाई की शिकायत करने के लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जिन्हें आप नोट कर सकते हैं.

इसके अलावा आप जी मीडिया के नशा मुक्त भारत अभियान से भी जुड़ सकते हैं. अगर आपके आसपास कोई नशा पीड़ित व्यक्ति है या कोई नशा बेच रहा है तो उसकी जानकारी या वीडियो दिए गए नंबर पर भेज सकते हैं. हैशटैग नशा मुक्त भारत के साथ हमें सोशल मीडिया पर टैग भी कर सकते हैं. उम्मीद है कि आप हमारे इस अभियान से जुड़ेंगे और भारत को नशामुक्त करने के हमारे इस सफर में साथ चलेंगे.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES