)
बिहार में शराबबंदी के बावजूद नशे का कारोबार लगातार बढ़ने का दावा किया जा रहा है. राज्य में नशे की लत ने युवाओं को इस कदर अपनी चपेट में ले लिया है कि कोई नशे के लिए अपने ही घर में चोरी करने लगा तो किसी की पुश्तैनी फैक्ट्री पर ताला लग गया. हालांकि, नशामुक्ति केंद्रों की मदद से कई युवा इस लत से बाहर निकलकर जिंदगी की दूसरी पारी शुरू कर रहे हैं. बिहार की राजधानी पटना से ऐसी ही कुछ कहानियां सामने आई हैं.
बिहार एक ऐसा राज्य है जहां 10 साल से शराबबंदी है. बिहार में शराब बहनी तो बंद हो गई, लेकिन इसका एक साइड इफेक्ट यह हुआ कि यहां नशे की पुड़िया उड़ने लगी. आज की तारीख में इसने युवाओं को इस तरह अपनी चपेट में लिया है कि कई युवाओं का भविष्य हवा हो गया. स्थिति ऐसी है कि पांचवीं कक्षा के बच्चे तक इसकी चपेट में आ गए.
बिहार की राजधानी पटना में दिशा नशामुक्ति केंद्र में एक 14 साल के छात्र मिले, जिन्होंने पांचवीं कक्षा में ही व्हाइटनर और डायल्यूटर सूंघना शुरू कर दिया था. नशे की लत ऐसी लगी कि पॉकेटमनी कम पड़ने लगी. लिहाजा उन्होंने घर में चोरी शुरू कर दी. स्थिति यह हो गई कि नशा नहीं मिलने की वजह से वे हिंसक होने लगे.
इसी नशामुक्ति केंद्र में एक और युवक मिले, जिनके सिर पर स्मैक यानी हेरोइन का नशा इस कदर सवार हुआ कि उन्होंने बहुत छोटी उम्र में मजदूरी शुरू कर दी. दिहाड़ी के पैसे कम पड़ने लगे तो उन्होंने मोबाइल चोरी करना शुरू कर दिया. मोबाइल चोरी के आरोप में पुलिस ने उन्हें पकड़ा. पुलिस ने उन्हें नशामुक्ति केंद्र भेजा, जहां से वे अपनी जिंदगी की दूसरी पारी की शुरुआत कर रहे हैं.
इसके बाद 15 साल के एक और नौनिहाल की कहानी है. दो साल पहले उन्हें चरस पीने की लत लगी. चरस खरीदने के लिए वे घर में चोरी करने लगे. जब घरवालों को पता चला तो घर से निकलने पर पाबंदी लगा दी. नशे की लत ऐसी थी कि चरस नहीं मिलने पर हिंसक हो जाते थे. लेकिन नशामुक्ति केंद्र आने के बाद अब वे अपनी पढ़ाई पूरी करना चाहते हैं.
नशा उम्र नहीं देखता है. छोटे से छोटे बच्चों को अपनी चपेट में ले लेता है. ये प्रभु हैं. आज ये पूरी तरह से नशा छोड़ चुके हैं, लेकिन इन्हें भी नौवीं क्लास में ही नशे की लत लगी थी. और वो इतनी ज्यादा बढ़ती चली गई कि इनकी पुश्तैनी इलेक्ट्रिक प्लेट की फैक्ट्री बंद हो गई. पत्नी ने छोड़ दिया, बड़े भाई ने बात करना बंद कर दिया और एक वक्त ये कोमा में चले गए थे. इन सभी लोगों को नशामुक्त करवाने का श्रेय दिशा नशामुक्ति केंद्र को जाता है. अभी तक उन्होंने ऐसे हजारों युवाओं की जिंदगी बचाई है.
दावा किया जा रहा है कि बिहार में ड्रग्स के केस शराबबंदी के बाद से बढ़ गए हैं. ऐसे में आंकड़ों पर नजर डालें तो बिहार में जिस साल शराबबंदी हुई, उस साल NDPS एक्ट के तहत 518 मामले दर्ज हुए थे. लेकिन साल 2024 में पांच गुना ज्यादा यानी 2,411 मामले दर्ज किए गए.
बिहार में ड्रग्स की जब्ती से भी इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि राज्य में ड्रग्स का कारोबार कितना बढ़ता जा रहा है. साल 2022 में जहां 16 हजार 500 किलो गांजा जब्त किया गया था, वहीं साल 2025 में यह बढ़कर 32 हजार किलो हो गया. 2022 में 64 हजार नशीली सिरप की बोतलें जब्त हुई थीं, जो 2025 में बढ़कर 3 लाख 40 हजार हो गईं.
2022 में 30 हजार नशीली गोलियां जब्त हुई थीं, जो पिछले साल बढ़कर करीब साढ़े 6 लाख हो गईं. 2022 में 3 हजार 600 नशीले इंजेक्शन जब्त किए गए थे, लेकिन पिछले साल इनकी जब्ती 31 हजार से भी ज्यादा हुई.
आज स्थिति यह है कि बिहार में 10 साल से 17 साल के बीच के 90 हजार बच्चे गांजे का नशा करते हैं. 40 हजार बच्चे हेरोइन जैसा नशा करते हैं, 29 हजार बच्चे सूंघने वाला नशा करते हैं और 8 हजार बच्चे नशे की गोलियां लेते हैं. नशामुक्ति केंद्रों में भी भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि जहां साल 2022-23 में 1487 लोग भर्ती थे, आज करीब-करीब 30 हजार लोगों का इलाज हो रहा है.
नशा पीड़ितों के लिए भी कुछ जरूरी कदम उठाए जा सकते हैं. अगर आपको कोई नशा पीड़ित मिले तो आप सरकारी हेल्पलाइन नंबर 14446 पर कॉल करके जानकारी दे सकते हैं.
बिहार में केंद्र सरकार की योजना के तहत सहायता प्राप्त 15 नशामुक्ति केंद्र चल रहे हैं. बिहार सरकार ने नशीले पदार्थों की अवैध सप्लाई की शिकायत करने के लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जिन्हें आप नोट कर सकते हैं.
इसके अलावा आप जी मीडिया के नशा मुक्त भारत अभियान से भी जुड़ सकते हैं. अगर आपके आसपास कोई नशा पीड़ित व्यक्ति है या कोई नशा बेच रहा है तो उसकी जानकारी या वीडियो दिए गए नंबर पर भेज सकते हैं. हैशटैग नशा मुक्त भारत के साथ हमें सोशल मीडिया पर टैग भी कर सकते हैं. उम्मीद है कि आप हमारे इस अभियान से जुड़ेंगे और भारत को नशामुक्त करने के हमारे इस सफर में साथ चलेंगे.