SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

DNA: बीजेपी ने सुलझाया सीटों का गणित, पर कांग्रेस के गठबंधन में फंसा पेंच? समझें पूरा समीकरण

चुनावी बिसात पर बीजेपी ने सहयोगियों के साथ सीटों का गणित सुलझा लिया है, जबकि कांग्रेस के गठबंधन में सीट शेयरिंग पर पेंच फंसा है. डीएनए के इस विश्लेषण में समझें पूरा सियासी समीकरण

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Nov 24, 2026, 23:04 IST | Updated: Nov 24, 2026, 23:12 IST
Image Credit: DNA: बीजेपी का गठबंधन हो गया..कांग्रेस का क्यों फंसा?
Join

आज सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी की जयंती है. उनके विचारों में एक गहरी सीख छिपी है. जो व्यक्ति समय रहते जाग जाता है, वही कुछ प्राप्त करता है. इसका सरल अर्थ यह है कि किसी भी लक्ष्य को पाने के लिए सही समय पर सही दिशा में प्रयास करना बेहद जरूरी होता है. अगर इस विचार को चुनावी राजनीति की कसौटी पर रखा जाए, तो वहां टाइमिंग ही सब कुछ होती है. जो दल समय की नब्ज को पहचानकर दूसरों से पहले सक्रिय हो जाता है, जो सही वक्त पर एजेंडा सेट करके जमीनी मुद्दों को उठाता है और जो समय रहते नए सहयोगियों को साथ जोड़ लेता है, उसके लिए जीत की राह काफी आसान हो जाती है. 

चुनावी राजनीति में गठबंधन को जीत की पहली सीढ़ी माना जाता है. इस लिहाज से देखें तो बीजेपी ने पंजाब में यह पहली सीढ़ी पार कर ली है, लेकिन उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी अभी इसी पायदान पर अटकी हुई हैं.

पंजाब में गठबंधन का ऐलान, यूपी में घंटों की बैठक बेनतीजा

आज कांग्रेस और बीजेपी, दोनों ही दलों ने अपने-अपने सहयोगियों के साथ अहम बैठकें कीं. पंजाब में बीजेपी की बातचीत शिरोमणि अकाली दल के साथ हुई, जबकि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की बैठक समाजवादी पार्टी के साथ चली. पंजाब के मोर्चे पर तस्वीर साफ हो गई और यह तय हो गया कि बीजेपी और अकाली दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे. इस फैसले की घोषणा भी दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व ने कर दी.

इसके उलट, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी लगातार दूसरे दिन बातचीत की मेज पर बैठीं. यह बैठक तीन घंटे से अधिक समय तक चली, लेकिन इसका कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका. दोनों विपक्षी दल सीट बंटवारे को लेकर सहमति तक नहीं बना पाए, गठबंधन की घोषणा करना तो अभी बहुत दूर की बात है. यहीं से एक बड़ा सवाल खड़ा होता है कि आखिर कैसे बिना किसी बड़े शोर-शराबे के बीजेपी और अकाली दल ने चुनावी राजनीति की पहली परीक्षा पास कर ली, जबकि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी इसमें पिछड़ती जा रही हैं. यह समझना भी जरूरी है कि बीजेपी और कांग्रेस के गठबंधन मॉडल में बुनियादी फर्क क्या है.

छह साल बाद अकाली दल की घर वापसी और बड़ा भाई का फॉर्मूला

पंजाब में पिछले दस वर्षों से अकाली दल और बीजेपी सत्ता से बाहर हैं. सत्ता में वापसी की उम्मीद के साथ छह साल बाद दोनों दल एक बार फिर साथ आए हैं. आज बीजेपी मुख्यालय में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और बीजेपी पहले की तरह ही छोटे भाई के रूप में काम करेगी. उन्होंने यह भी साफ किया कि मुख्यमंत्री पद अकाली दल के हिस्से ही रहेगा.

चूंकि अकाली दल किसानों के मुद्दे पर गठबंधन से अलग हुआ था, इसलिए आज जब गृह मंत्री अमित शाह अपने एजेंडे की बात कर रहे थे, तो उसमें किसानों का जिक्र भी प्रमुखता से शामिल था. चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले यह पहली सीढ़ी पार करने के बाद गृह मंत्री अमित शाह और सुखबीर सिंह बादल के बयानों ने सियासी हलचल बढ़ा दी है. अकाली दल बीजेपी का सबसे पुराना और वैचारिक सहयोगी रहा है. ऐसे में उसका एनडीए में लौटना एक तरह से राजनीतिक घर वापसी जैसा है. छह साल की दूरी के बाद दोनों दलों के फिर से एक साथ आने के पीछे ठोस जमीनी वजहें हैं.

2022 के नतीजों और वोट शेयर के गणित ने बदली सोच

साल 1997 में औपचारिक गठबंधन होने के बाद पहली बार 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी और अकाली दल ने अलग-अलग मैदान में उतरकर देखा था. उस चुनाव के नतीजे दोनों के लिए बेहद कड़वे रहे. अकाली दल को सिर्फ तीन सीटें मिलीं. पार्टी के गठन के बाद से पहली बार उसे इतनी कम सीटों पर सिमटना पड़ा था. वहीं, बीजेपी को भी महज दो सीटों से संतोष करना पड़ा था.

जब दोनों दलों ने मिलकर इस स्थिति पर मंथन किया, तो सामने आया कि अगर गठबंधन कायम रहता, तो संयुक्त वोट शेयर लगभग 43 प्रतिशत तक पहुंच सकता था. इतना ही नहीं, 2024 के चुनाव में भी दोनों पार्टियां अलग-अलग लड़ी थीं, लेकिन अगर उनके मिले वोटों को जोड़ दिया जाए, तो गठबंधन 58 सीटों पर बढ़त बनाता दिखता है, जबकि पंजाब में बहुमत के लिए 59 सीटों की जरूरत होती है.

 

 

इसी गणित और जमीनी हकीकत को समझते हुए दोनों दल इस बार पूरी तैयारी के साथ आए हैं. सीटों को लेकर भी दोनों के बीच लगभग सहमति बन चुकी है. सूत्रों के मुताबिक, पंजाब की 117 सीटों में से 62 सीटों पर अकाली दल और 55 सीटों पर बीजेपी चुनाव लड़ सकती है, हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा अभी बाकी है. तुलना करें तो 2017 में जब दोनों ने आखिरी बार साथ चुनाव लड़ा था, तब अकाली दल 94 और बीजेपी सिर्फ 23 सीटों पर मैदान में उतरी थी. इस बार बीजेपी ने अकाली दल को बड़े भाई का दर्जा देते हुए भी अपनी हिस्सेदारी और ताकत बढ़ाई है, और अकाली दल को इससे कोई आपत्ति नहीं है.

संतुष्टि की डोर से बंधा तालमेल बनाम सहयोगियों की नाराजगी

पंजाब के समीकरण की एक खास बात यह है कि अकाली दल बड़ा भाई बनकर संतुष्ट है और बीजेपी अपनी ताकत बढ़ाकर संतुष्ट है. इसी आपसी संतुष्टि की डोर ने दोनों दलों को एक साथ बांध दिया. इसके विपरीत, कांग्रेस अपने सहयोगी दलों को संतुष्ट करने में बार-बार कठिनाई महसूस करती दिख रही है. पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल का मानना था कि राजनीति में सही समय पर उठाया गया एक छोटा कदम गलत समय पर लगाई गई पूरी ताकत से कहीं अधिक प्रभावी होता है. पंजाब को जीतने के लिए बीजेपी इसी सूत्र वाक्य को अपनाकर रणनीति बना रही है, जबकि कांग्रेस इस मोर्चे पर पीछे छूटती नजर आ रही है.

यूपी में 210 मिनट की बैठक और सीटों पर तकरार

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ सीटों का तालमेल नहीं बैठ पा रहा है और दोनों दलों के बीच खींचतान साफ दिखाई दे रही है. सीट बंटवारे को लेकर आज फिर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं की बैठक हुई. यह मंथन करीब 210 मिनट तक चला, लेकिन कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इस पर कोई फैसला नहीं हो सका. इससे पहले कल महज 20 मिनट बैठक चली थी. उसके मुकाबले आज दस गुना ज्यादा समय तक चर्चा हुई, लेकिन नतीजा सिफर रहा. अब दोनों दलों के नेता प्रदेश की सभी 403 सीटों पर बारी-बारी से मंथन कर रहे हैं.

यह भी पढ़ेंः DNA: भारत सोना खरीदने से पीछे हटा, चीन ने बढ़ाई खरीदारी; मोदी-जिनपिंग की गोल्ड पॉलिसी में कितना फर्क?

जब यह प्रक्रिया पूरी होगी, तब एक रिपोर्ट तैयार की जाएगी. इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर सहमति बनेगी और तब जाकर अंतिम निर्णय होगा. बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं के बयानों से भी इस खींचतान की झलक मिली. हकीकत यह है कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी, दोनों को ही अपनी-अपनी ताकत और कमजोरियों का अंदाजा है. इसके बावजूद एक-एक सीट पर चर्चा करनी पड़ रही है, क्योंकि कल की बैठक में समाजवादी पार्टी ने जो सीटें कांग्रेस को ऑफर की थीं, वे कांग्रेस को मंजूर नहीं थीं.

125 बनाम 26 सीटों का पेंच और नाराजगी की भाषा

बताया जा रहा है कि कांग्रेस 125 सीटों से कम लेने को तैयार नहीं है, जबकि समाजवादी पार्टी 26 सीटों से ज्यादा देने के मूड में नहीं है. समाजवादी पार्टी का रुख साफ है कि उसने कांग्रेस को 26 सीटें बता दी हैं, जहां से वह अपने उम्मीदवार उतार सकती है. वहीं, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के छह लोकसभा सांसद हैं और उनके क्षेत्रों में 30 विधानसभा सीटें आती हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी वे सीटें भी कांग्रेस को देने के लिए तैयार नहीं दिखती. इसके अलावा, समाजवादी पार्टी के नेताओं के बोलने और व्यवहार करने के तरीके से भी कांग्रेस के नेता खासे नाराज हैं. आज बैठक शुरू होने से पहले इमरान मसूद ने जो कहा, उससे यह नाराजगी और स्पष्ट हो गई.

वजूद की लड़ाई और ड्राइवर सीट का फैसला

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी, दोनों ही दल उत्तर प्रदेश में अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं. इसके बावजूद वे यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि बीजेपी का मुकाबला कैसे किया जाए, बल्कि आपस में ही उलझे हुए हैं. कुछ ऐसी ही स्थिति पंजाब में बीजेपी और अकाली दल की भी है, जहां दोनों दल सियासी वजूद की जंग लड़ रहे हैं. जैसा कि पहले भी जिक्र हुआ, पंजाब में अकाली दल के सिर्फ तीन विधायक हैं और बीजेपी के केवल दो विधायक हैं. केंद्र में बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार होने के बावजूद बीजेपी ने अकाली दल को बड़ा भाई मानकर ड्राइवर सीट पर बैठाने का फैसला किया और गठबंधन को अंतिम रूप दे दिया.

इसका मतलब यह है कि बीजेपी चुनावी लड़ाई की पहली सीढ़ी पार कर दूसरी सीढ़ी पर कदम रख चुकी है, जबकि कांग्रेस पहले चरण में ही उलझी हुई है. आखिर यह अंतर क्यों है, इसे गहराई से समझना जरूरी है.

शीर्ष नेतृत्व की सीधी डील बनाम सेकेंड लाइन की बातचीत

पंजाब में गठबंधन को लेकर बीजेपी और अकाली दल के शीर्ष नेता सीधे बातचीत कर रहे थे. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इस प्रक्रिया में शामिल थे, जबकि शिरोमणि अकाली दल की ओर से पार्टी प्रमुख सुखबीर सिंह बादल स्वयं कमान संभाले हुए थे.

इसके उलट, उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में सेकेंड लाइन के नेता बातचीत कर रहे हैं. समाजवादी पार्टी की ओर से सांसद राम गोपाल यादव, इकरा हसन, राजीव राय और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल बैठक में मौजूद थे. वहीं, कांग्रेस की ओर से प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, इमरान मसूद, वीरेंद्र चौधरी और सलमान खुर्शीद शामिल हुए.

यही बीजेपी और कांग्रेस के कामकाज का एक बड़ा फर्क है. एनडीए में जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष या उस स्तर के नेता सीधे संवाद कर रहे हैं, वहीं यूपी में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के प्रदेश स्तर के नेता बैठक कर रहे हैं. समाजवादी पार्टी स्वयं एक क्षेत्रीय स्तर की दल है और उसके प्रदेश स्तर के नेता बातचीत में बैठे हैं, और कांग्रेस ने भी प्रदेश स्तर के नेताओं को ही जिम्मेदारी सौंपी है.

बैठक में बैठे कांग्रेस या समाजवादी पार्टी के नेता अंतिम फैसला लेने के लिए स्वतंत्र नहीं हैं. उन्हें अपने-अपने राष्ट्रीय अध्यक्षों से अनुमति और सहमति लेकर ही आगे बढ़ना होगा. यही वजह है कि दो दिनों से बैठकें चल रही हैं और आगे भी जारी रहने की संभावना है.

इसके विपरीत, बीजेपी में अमित शाह और नितिन नबीन जैसे शीर्ष नेता सीधे बातचीत करते हैं, जिन्हें खुद निर्णय लेना होता है. यदि किसी बिंदु पर कोई अड़चन आती है, तो उसका समाधान भी तुरंत हो जाता है. यही एक बड़ा कारण है कि एनडीए चुनावी तैयारी की पहली सीढ़ी आसानी से चढ़ गया और कांग्रेस इसमें पीछे रह गई.

भविष्य की बिसात, लचीलापन और ऐतिहासिक विरासत का अंतर

एक दूसरा महत्वपूर्ण फर्क यह है कि बीजेपी तात्कालिक फायदे के बजाय भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए आंतरिक सर्वेक्षणों के आधार पर निर्णय लेती है. जब बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व को लगता है कि अकेले चुनाव लड़ने से वोट बंटेंगे या सत्ता हाथ नहीं लगेगी, तो वे अपना रुख बेहद लचीला रखते हैं. वे क्षेत्रीय दलों को बड़ा भाई मानकर सत्ता की कमान सौंपने से भी पीछे नहीं हटते. बीजेपी बड़े भाई की भूमिका छोड़ने में नहीं हिचकती. पंजाब में यही रणनीति दिखी है और इससे पहले बिहार में भी बीजेपी इसी रास्ते पर चलती रही है.

2014 के बाद से लगातार सत्ता में रहने के बावजूद बीजेपी के नेता जमीनी हकीकत को परखकर व्यावहारिक फैसले लेते हैं. दूसरी तरफ, कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी होने के दावे के साथ अपनी ऐतिहासिक विरासत या लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन के आधार पर अधिक सीटों की मांग करती है.

बिहार 2025 और यूपी 2017: देर से हुए फैसलों की कीमत

बिहार के उदाहरण को देखें, तो 2025 से पहले लगभग हर चुनाव में बीजेपी छोटे भाई की भूमिका में रही. 2025 में बराबर सीटों पर लड़कर जेडीयू से चार सीटें ज्यादा जीतने के बावजूद मुख्यमंत्री पद जेडीयू के नेता नीतीश कुमार को ही दिया गया. इसके उलट, कांग्रेस उन राज्यों में भी समय पर फैसला नहीं कर पाती जहां वह खुद काफी कमजोर है.

यह भी पढ़ेंःDNA: हेल्थ इंश्योरेंस के नाम पर भरोसे का खेल! क्लेम रिजेक्ट करने पर स्टार हेल्थ पर बड़ी कार्रवाई

2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान दो चरणों की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी विपक्षी महागठबंधन में सीट बंटवारे पर औपचारिक सहमति नहीं बन पाई थी. आपसी तालमेल की कमी के कारण गठबंधन ने कुल सीटों से अधिक उम्मीदवार मैदान में उतार दिए, जबकि एनडीए ने एक हफ्ते पहले ही सीटों का बंटवारा कर लिया था. इसका नतीजा यह हुआ कि कांग्रेस और आरजेडी का महागठबंधन बुरी तरह पराजित हुआ.

उत्तर प्रदेश में भी 2017 में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, लेकिन नामांकन शुरू होने के पांच दिन बाद और पहले चरण के मतदान से महज 20 दिन पहले दोनों के बीच सीटों का समझौता हो पाया था. कांग्रेस 114 सीटों पर लड़ी, लेकिन समझौते में हुई देरी के कारण उसे चुनावी तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल सका.

वोट ट्रांसफर का गणित और जमीनी एकजुटता का सवाल

अवसर किसी का इंतजार नहीं करता. राजनीति में जो नेता समय से पहले भविष्य की बिसात बिछा देता है, सत्ता उसी के पास आती है. देर से लिया गया सही फैसला भी कई बार राजनीति में गलत साबित हो जाता है, और ऐसा कई बार देखा गया है. फिर भी कांग्रेस अपने सहयोगियों के साथ अक्सर समय पर तालमेल नहीं बिठा पाती. जिन राज्यों में क्षेत्रीय दल उससे कहीं अधिक मजबूत हैं, वहां कांग्रेस लगातार पिछड़ती दिख रही है.

बीजेपी और कांग्रेस के काम करने के तरीके में एक और बड़ा अंतर वोट ट्रांसफर का है. सीएसडीएस (CSDS) के पोस्ट-पोल सर्वे बताते हैं कि जब बीजेपी किसी क्षेत्रीय दल के साथ गठबंधन करती है, तो उसके 75 से 85 प्रतिशत तक कैडर वोट सहयोगी दल के उम्मीदवार को ट्रांसफर हो जाते हैं.

कांग्रेस के मामले में स्थिति इसके विपरीत नजर आती है. जिन क्षेत्रीय दलों के साथ कांग्रेस गठबंधन करती है, उनके उम्मीदवारों को कांग्रेस के कोर वोटर भी वोट देने से हिचकते हैं. इसके बावजूद कांग्रेस के नेता आखिरी समय तक सीटों को लेकर मोलभाव करते रहते हैं. इस खींचतान और मोलभाव के कारण जमीनी स्तर पर गठबंधन के कार्यकर्ताओं में आपसी भरोसा नहीं बन पाता और चुनाव के दौरान एकजुटता नजर नहीं आती, जिससे वोट ट्रांसफर प्रभावी ढंग से नहीं हो पाता.

गठबंधन की कला और परसेप्शन की लड़ाई

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी अक्सर कहा करते थे कि गठबंधन बनाना और उसे चलाना एक कठिन कार्य है, जिसके लिए बहुत अधिक लचीलेपन और समय से पहले तालमेल बिठाने की जरूरत होती है. बीजेपी ने इस कठिन कार्य में महारत हासिल कर ली है और वह शुरुआत में ही इस प्रक्रिया को आसान बना लेती है.

वहीं, कांग्रेस के नेता अक्सर गठबंधन बनाने के चरण में ही उलझ जाते हैं. गठबंधन होने के बाद वे पूरी आक्रामकता के साथ चुनाव लड़ते हैं—कभी एसआईआर (SIR), कभी ईवीएम (EVM), कभी वोट चोरी, तो कभी कोई अन्य मुद्दा उठाते हैं. पूरी ताकत से सरकार को घेरने की कोशिश भी करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने से चूक जाते हैं. इसकी बड़ी वजह यह है कि वे परसेप्शन की लड़ाई शुरुआत में ही, यानी गठबंधन बनाते समय हार जाते हैं.

यह भी पढ़ेंः DNA:चीन से लौटकर भारत के मुरीद हुए डोनाल्ड ट्रंप, जानिए अमेरिका की बदलती विदेश नीति के मायने

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES