SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

DNA: दीपावली के खिलाफ 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' का प्रोपेगेंडा, 1800 वाला AQI बम कैसे हुआ फेल?

दीपावली पर प्रदूषण के नाम पर फैलाए गए प्रोपेगेंडा और 1800 AQI के दावों का पूरा सच. जानिए डीएनए के इस स्पेशल एनालिसिस में कि कैसे आंकड़ों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने वाला 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' बेनकाब हुआ.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Nov 09, 2026, 11:31 PM IST | Updated: Nov 09, 2026, 11:43 PM IST
Image Credit: दिवाली पर पटाखों से नहीं, इस वजह से जहरीली हुई दिल्ली की हवा! आंकड़ों ने खोल दी प्रोपेगेंडा की पोल
Join

DNA में विश्लेषण की शुरुआत आज हम महर्षि अरविंद के एक विचार से करेंगे. उनका मानना था कि, "अगर आप किसी समाज को नष्ट करना चाहते हैं तो उसके बाहरी ढांचे से लड़ने के बजाय उसकी परंपराओं और विश्वासों को तोड़ दें तो वह समाज स्वयं बिखर जाएगा." मित्रो, देश में इसी तरह की महीन साजिश हो रही है और ऐसे साजिशकर्ताओं के निशाने पर दीपावली है.

दीपावली सनातनी पर्व है. दीपावली पूरे भारत का सबसे बड़ा धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव है. ये उत्सव पूजन का है. ये उत्सव आतिशबाजी का भी है. इस अवसर पर सिर्फ दिल्ली के लोगों ने ही 300 करोड़ रुपये के पटाखे फोड़ दिए. यह पिछले साल की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक है. लेकिन मित्रो, ये आतिशबाजी हमारे देश में मौजूद 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' को कल रात से ही चुभ रही है. वो बर्दाश्त नहीं कर पा रहे कि उनकी लाख कोशिशों के बाद भी दिवाली पर पटाखे कैसे फूटे? सोचिए, पटाखे 24 घंटे पहले ही फूट चुके. लेकिन 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' अभी भी 'प्रोपेगेंडा बम' फोड़ रहा है.

दिवाली की आतिशबाजी ने हवा को दूषित किया?

वे नैरेटिव बनाने में जुटे हुए हैं कि दीपावली पर हुई आतिशबाजी ने दिल्ली की हवा को इतना जहरीला बना दिया कि सांस लेना तक मुश्किल हो गया है. आज आपको जानना चाहिए कि दिवाली पर प्रदूषण पीड़ा क्लब का 1800 वाला 'प्रोपेगेंडा बम' कैसे बेकार हो गया? लेकिन पहले इस क्लब में शामिल एक दिन के AQI विशेषज्ञों का नैरेटिव देखिए.

AQI के नाम पर 1700 से 3000 तक के दावे

दिवाली पर जब देश पूजा के बाद पटाखे फोड़ रहा था, परंपरा का उत्सव मना रहा था, तब ये लोग मोबाइल में एयर क्वालिटी इंडेक्स मापकर अपने एजेंडे को साबित करने में लग गए कि दीपावली ने स्थिति को विस्फोटक बना दिया है. कोई दावा कर रहा है कि AQI 1700 के पार पहुंच गया, तो कोई कह रहा है कि तीन हजार को क्रॉस कर गया. मित्रो, एजेंडा चलाने वाले 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' के सदस्य वही कर रहे हैं जिसकी आशंका हमने दीपावली से एक दिन पहले ही जताई थी. हमने आपको बताया था कि जैसे ही पटाखे फूटेंगे और सनातनी अपना उत्सव मनाएंगे, वैसे ही 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' के सदस्यों की पीड़ा बढ़ जाएगी. और देखिए, रात से ही उनकी पीड़ा बढ़ी हुई है.

 

कल रात लोगों ने जैसे बम-पटाखे चलाने शुरू किए, वैसे ही 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' के सदस्य प्रदूषण मापने वाला मीटर लेकर बैठ गए. आजकल मोबाइल में भी ये मीटर उपलब्ध है, इसलिए किसी का भी 'वायु गुणवत्ता सूचकांक विशेषज्ञ' बनना बहुत आसान है. इन विशेषज्ञों ने अपने-अपने घर के बाहर या फिर सड़क पर निकलकर तस्वीरें खींचीं, मोबाइल पर AQI चेक किया और फिर बौद्धिक विलाप करने लगे कि दीपावली ने दिल्ली की हवा को विषैला बना दिया. दीपावली पर आतिशबाजी से अत्यधिक परेशान होने वाले 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' के सदस्यों के बीच प्रतियोगिता शुरू हो गई कि दीपावली को कौन कितना दूषित बता सकता है. इनकी पीड़ा की दूषित अभिव्यक्ति के बारे में हम आपको बताएंगे, लेकिन उससे पहले जान लीजिए कि आज का AQI कितना है?

सरकारी आंकड़ों में AQI 370, निजी ऐप्स पर हजारों का दावा

आज सुबह 8 बजे दिल्ली का AQI 370 दर्ज किया गया था. बहुत ही ध्यान से सुनिएगा. दीपावली पर हुई आतिशबाजी के बाद आज पहली सुबह थी और सुबह 8 बजे दिल्ली का AQI 370 दर्ज किया गया. प्रदूषण के माप के लिहाज से यह बहुत खराब श्रेणी में आता है. लेकिन एक दूसरी सच्चाई ये भी है कि दिल्ली की हवा में जहर की इस मात्रा के लिए दीपावली लगभग न के बराबर जिम्मेदार है. लेकिन 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' के सदस्य ये साबित करने में जुटे हैं कि दीपावली ने दिल्ली-NCR की हवा को बर्बाद कर दिया. सोशल मीडिया पर एक ने लिखा कि दिवाली के बाद दिल्ली का AQI 1500 से ज्यादा हो गया. 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' के दूसरे सदस्यों ने इसे थोड़ा और आगे बढ़ाते हुए लिखा कि AQI के 1,700 तक पहुंचने की खबर आ रही है, जो प्रदूषण को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर रही है. एक ने बाकायदा मीटर दिखाते हुए बताया कि देख लीजिए, AQI 2000 के पार पहुंच गया है.

एक और सदस्य ने लिखा कि दिवाली की रात दिल्ली प्रदूषण के दुस्वप्न में तब्दील हो गई, जहां AQI 2518 के भयावह स्तर पर पहुंच गया. पटाखों के धमाकों से दिल्ली घने, जहरीले धुएं की चादर में लिपट गई, जिससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरे पैदा हो गए. जब दीपावली पर हुई आतिशबाजी को दिल्ली की बीमारी साबित करने की प्रतियोगिता चल रही थी, तब एक AQI एक्सपर्ट ने दावा किया कि दिल्ली में AQI तीन हजार के पार पहुंच चुका है. मित्रो, जब AQI 3 हजार हो जाता है तो वहां मौजूद लोग चंद सेकेंड में बेहोश हो सकते हैं.

'प्रदूषण पीड़ा क्लब' के सभी स्वयंभू AQI एक्सपर्ट्स ने मीटर दिखाकर ये बताने का प्रयास किया कि दीपावली की आतिशबाजी ने दिल्ली की हवा को विषैला बना दिया. दीपावली पर पटाखे फूटने की वजह से लोग सांस नहीं ले पा रहे हैं. इस बौद्धिक विलाप ने कुछ इंटरनेशनल मीडिया को भी ये मौका दे दिया कि दीपावली की वजह से दिल्ली की हवा खराब हो गई.

निजी ऐप्स के आंकड़ों और सरकारी AQI में अंतर

मित्रो, दूषित विचारों के इस विलाप के बीच हम आपको सच्चाई बताते हैं. सच्चाई ये है कि 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' जो आंकड़े दिखा रहा है, वे क्षणिक थे और ऐसे प्राइवेट ऐप्स से मापे गए थे, जिनकी कोई प्रमाणिकता नहीं है. AQI मापने के लिए सरकार द्वारा अधिकृत संस्था केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का कहना है कि आज सुबह 8 बजे AQI 370 था, जबकि निजी प्लेटफॉर्म उस समय इसे एक हजार के करीब बता रहे थे. लेकिन कुंठित एजेंडाधारियों को निजी प्लेटफॉर्म का आंकड़ा सूट किया, इसलिए वे उसी को सच बता रहे हैं. मित्रो, सरकारी आंकड़ों के मुताबिक आज सुबह दिल्ली की हवा दूषित जरूर थी, लेकिन कल के मुकाबले साफ थी. हम आपको एक छोटी-सी रिपोर्ट दिखाना चाहेंगे कि आज सुबह दिल्ली किस तरह धुंध में लिपटी थी.


झूठ को सौ बार दोहराने से सच नहीं बनता

मित्रो, स्वामी विवेकानंद का मानना था कि, "एक झूठ को सौ बार बोलने से वह सच नहीं हो जाता, लेकिन वह लोगों की बुद्धि पर पर्दा जरूर डाल देता है." यही करने का प्रयास भी हो रहा है. विशेषकर सनातनी परंपराओं से दूर होती नई पीढ़ी के बीच पर्यावरण के नाम पर नया नैरेटिव गढ़कर उन्हें पर्व-त्योहारों से दूर करने की बहुत महीन साजिश है.

ये सच है कि जब रात में पटाखे फोड़े गए और जमकर आतिशबाजी हुई, तब जरूर हवा में बारूद की मात्रा बढ़ गई थी. और इसमें भी कोई शक नहीं है कि जब आतिशबाजी होगी तो तत्काल प्रदूषण की मात्रा निश्चित रूप से बढ़ेगी. लेकिन सुबह होते-होते ये मात्रा इतनी ज्यादा नहीं थी कि हवा को जहरीली बनाने के लिए दीपावली को ही जिम्मेदार ठहरा दिया जाए. ऐसा हम क्यों कह रहे हैं, उसे आंकड़ों में ही समझिए.

पटाखे फूटने से पहले ही दिल्ली की हवा ज्यादा खराब थी

हमने आपको बताया कि दीपावली के बाद की पहली सुबह यानी आज दिल्ली का AQI 370 था, जबकि कल दीपावली के दिन जब पटाखे फूटना शुरू भी नहीं हुए थे, तब सुबह 8 बजे दिल्ली का AQI 383 था. मतलब, आतिशबाजी होने के बाद दिल्ली की हवा जितनी खराब थी, उससे ज्यादा खराब हवा आतिशबाजी शुरू होने से पहले ही थी. लेकिन 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' के सेलेक्टिव सोच वाले सदस्यों ने तब इसे चेक नहीं किया था या चेक करके शातिराना चुप्पी साध ली थी.

7 नवंबर को सुबह 8 बजे दिल्ली का AQI 364 था, जो आज के मुकाबले थोड़ा-सा कम है. लेकिन जिस दीपावली को 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' जहरीला साबित करने में जुटा है, उसके हिसाब से यह अंतर न के बराबर ही है. और सुनिए, 6 नवंबर को सुबह 8 बजे दिल्ली का AQI 389 था, जो कल सुबह के AQI से भी ज्यादा था. इससे स्पष्ट है कि दीपावली पर हुई आतिशबाजियों से दिल्ली की हवा पर बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ा. क्योंकि दिल्ली की हवा पहले से जहरीली है. 

हमने आपको DNA के पिछले अंक में बताया था कि दिल्ली-NCR की हवा के विषैले होने में दिवाली की आतिशबाजी से ज्यादा दूसरे कंस्ट्रक्शन, गाड़ी और दूसरी वजहें जिम्मेदार हैं. लेकिन 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' को इससे मतलब नहीं है. स्पष्ट है कि बौद्धिक रूप से बेईमानों का ये प्रदूषण वाला विलाप विशुद्ध रूप से उस एजेंडे का हिस्सा है, जिसके निशाने पर दीपावली जैसा पर्व है या एक तरह से कहिए तो सनातन धर्म की परंपराएं हैं.

दीये जलाने पर भी सवाल उठाने लगे कुछ लोग

क्योंकि इन्हें सिर्फ पटाखों से दिक्कत नहीं है. इनमें से कुछ लोग तो ऐसे भी हैं जिनका दीया जलाने पर भी दिल जलने लगता है. हर साल अयोध्या में दीपोत्सव होता है. इस बार भी हुआ है. कुछ वैचारिक रूप से कुंठित लोग ये भी कहने लगे कि ये दीये जलाने का क्या मतलब है. वो इसे तेल की बर्बादी बता रहे हैं. दीये की रोशनी में ये सेलेक्टिव सोच वाले बौद्धिक बेईमान देश की गरीबी देखने लगे हैं. मित्रो, दीपावली के दीये में गरीबी देखने वाले ऐसे ही लोग हैं, जिन्हें पटाखों से भी दिक्कत है. जिन्हें होली में पानी की बर्बादी दिखती है. जिनका शिवलिंग पर दूध चढ़ाने से ब्लडप्रेशर बढ़ जाता है.

जो किसी दिन इस नैरेटिव को आगे बढ़ाना शुरू कर देंगे कि रात को मंदिरों में आरती नहीं होनी चाहिए, क्योंकि घंटा-घड़ियाल बजने से ध्वनि प्रदूषण होता है. आप लिखकर रख लीजिए, एक दिन ये बौद्धिक बेईमान विलाप करते हुए ये भी मांग करने लगेंगे कि मंदिर में आरती के समय घंटा-घड़ियाल बजाने की क्या जरूरत है? ऐसे ही लोगों को लेकर हमने आपको शनिवार को यानी दिवाली से एक दिन पहले सावधान किया था. सुनिए, तब हमने क्या कहा था.

अपनी परंपराओं को कोसना सबसे आसान क्रांति

मित्रो, विख्यात व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई जी कहते थे कि 'सस्ता क्रांतिकारी बनने का सबसे आसान तरीका है कि अपनी ही परंपराओं को कोसा जाए. क्योंकि यहां सहिष्णुता इतनी अधिक है कि विरोध करने वाले का कोई नुकसान नहीं होता.' पिछले कुछ सालों से हम यही देखते और सुनते आ रहे हैं. जैसे ही सनातनी पर्व-त्योहार आता है, वैसे ही 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' के सदस्यों के अंदर का पर्यावरण प्रेम उमड़ने लग जाता है. और इसी का फायदा ऐसे तथाकथित धर्मनिरपेक्ष लोग उठाते हैं, जिन्हें बकरीद पर होने वाली जानवरों की कुर्बानी धार्मिक परंपरा का हिस्सा लगती है, लेकिन दीपावली पर आतिशबाजी से तकलीफ होती है.

पटाखों पर मुमताज पटेल के सवाल

कांग्रेस के नेता रहे अहमद पटेल साहब की बेटी हैं मुमताज पटेल. कांग्रेस नेता मुमताज पटेल लिखती हैं कि कुछ लोग पटाखों की तुलना ईद-उल-अज़हा की कुर्बानी से कर रहे हैं, वे जरा दोनों में फर्क समझें. ईद-उल-अज़हा पर कुर्बानी एक धार्मिक परंपरा है. उस मौके पर कुर्बानी का गोश्त परिवार, दोस्तों, गरीबों और जरूरतमंदों में बांटा जाता है. वैसे भी हिंदुस्तान में करोड़ों लोग रोज मांसाहार करते हैं. यह मनोरंजन के लिए जानवरों को मारना नहीं है. दिवाली रोशनी का त्योहार है. पूजा होती है, मिठाइयां बांटी जाती हैं, दीये जलाए जाते हैं. दिवाली मनाने पर कोई रोक-टोक नहीं है और होनी भी नहीं चाहिए. लेकिन पटाखे जलाना कोई धार्मिक अनिवार्यता नहीं है.

मुमताज पटेल का सनातनी परंपरा पर निशाना

खुद को मानवतावादी बताने वाली मुमताज बहुत ही चतुराई से प्रदूषण के नाम पर सनातनी परंपरा को खारिज करने की कोशिश कर रही हैं. और जिस धर्म को वो मानती हैं, उसमें दो से ढाई करोड़ जानवरों की कुर्बानी दी जाती है, उसे धार्मिक हिसाब से सही साबित कर रही हैं. 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' की इस मजहबी सदस्य को शायद ये नहीं पता कि एक ही दिन में इतने सारे जानवरों को काटे जाने से पशु अपशिष्ट निकलता है. हैदराबाद में एक बकरीद पर करीब 5 हजार मीट्रिक टन कचरा निकला था. इससे न सिर्फ पानी का बहाव रुकता है, बल्कि इसके सड़ने से कई तरह की बीमारियां भी होती हैं.

यह भी पढ़ेंः DNA: दिवाली इवेंट में घुसे नफरती लोग, ट्रंप की हार के बाद अमेरिका में टारगेट पर हिंदू क्यों?

पानी में जानवरों के खून मिलने से पानी में ऑक्सीजन घट सकती है और जलीय जीवन प्रभावित हो सकता है. लेकिन इससे मुमताज और उनके वैचारिक साथियों को कोई मतलब नहीं है. उनकी पार्टी के अध्यक्ष ही दीपावली को ईद बता रहे हैं. दिवाली पर मल्लिकार्जुन खरगे के ईद प्रेम का हम विश्लेषण करेंगे, लेकिन उससे पहले जान लीजिए कि पटाखों से प्रदूषण मापने वाले 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' की मजहबी सदस्य का वैचारिक पाखंड कितना अधिक है. उन्हें जानवरों के कटने से कोई समस्या नहीं दिखती.

प्रदूषण के मुद्दे पर कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने

मित्रो, कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा कह रहे हैं कि प्रदूषण को लेकर सरकार आंकड़ों में हेरफेर कर रही है. सुनिए, वो क्या कह रहे हैं. कांग्रेस के नेता जो कह रहे हैं, वही राजनीति है. दिल्ली में बीजेपी की सरकार है और दिल्ली की दूषित हवा को लेकर ही सबसे बड़ा सवाल है. इसलिए दिल्ली के मंत्री आंकड़ों के साथ बता रहे हैं कि प्रदूषण में वृद्धि का दिवाली पर हुई आतिशबाजी से कोई मतलब नहीं है.

पंजाब में जानबूझकर जलाई गई है दिवाली पर पराली

दिल्ली की हवा इसलिए दूषित है, क्योंकि पंजाब में जानबूझकर दिवाली के मौके पर पराली जलाई गई है. पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है, इसलिए आम आदमी पार्टी के नेता इसे खारिज कर रहे हैं. सच्चाई क्या है, ये हम आपको बताएंगे. लेकिन पहले यह सुनना चाहिए कि किस तरह अशुद्ध हवा पर दिल्ली बनाम पंजाब की विशुद्ध सियासत हो रही है. मित्रो, प्रदूषण पर साजिश वाली सियासत के बीच ये जान लीजिए कि पंजाब के संगरूर, फिरोजपुर, बठिंडा, फरीदकोट और तरनतारन में पराली जलाने की घटनाएं सबसे अधिक होती हैं. यहां हर साल सबसे ज्यादा एक्टिव फायर काउंट दर्ज किए जाते हैं.

इन जगहों का भी चेक कीजिए AQI

6 नवंबर को तरनतारन का AQI 180 से 211 के बीच चल रहा था, जबकि आज वहां का AQI बढ़कर 269 हो गया. ये खतरनाक श्रेणी में आता है. करीब तीन दिन पहले फरीदकोट में AQI का स्तर 600 के करीब था, लेकिन दिवाली के अगले दिन ही यह बढ़कर 1200 के पार हो गया. मित्रो, दिल्ली की हवा को जहरीला बनाने में पराली का योगदान करीब 25 प्रतिशत है. इससे भी ज्यादा योगदान गाड़ियों का है. इसके अलावा कंस्ट्रक्शन और फैक्ट्रियों से निकलने वाले धुएं से दिल्ली-NCR की हवा दूषित होती है.

साल भर के औसत में पटाखों का योगदान एक प्रतिशत से भी कम होता है!

दिवाली की रात आतिशबाजी से प्रदूषण का स्तर जरूर थोड़ा बढ़ जाता है और 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' के सदस्य साल भर इसी प्रतीक्षा में बैठे रहते हैं कि कब दिवाली पर पटाखे फूटेंगे और वे AQI मापेंगे. उन्हें साल भर की समस्या पर कम पीड़ा होती है. लेकिन दिवाली पर ज्यादा.

ये लोग जितनी ऊर्जा दीपावली की रात AQI मापने में खर्च करते हैं, उसका एक छोटा-सा हिस्सा भी अगर प्रदूषण की असली वजहों पर खर्च करेंगे, तो दिल्ली की हवा को साफ करने में उनका भी योगदान होगा. और उस योगदान को देश के लोग सोशल मीडिया पर साझा करेंगे. लेकिन वैचारिक रूप से दूषित 'प्रदूषण पीड़ा क्लब' के सदस्यों का एजेंडा दीपावली को निशाना बनाना है और इसलिए वे इसी पर सवाल उठाकर अपने सेलेक्टिव विचारों को प्रकट करते हैं, जो निश्चित रूप से उनके एजेंडे का हिस्सा है, जो सनातनी परंपरा को चोट पहुंचाता है.

यह भी पढ़ेंः 'मुझे बहुत खुशी हुई...', रेप के आरोपी का एनकाउंटर और TMC नेता की गिरफ्तारी पर मिथुन चक्रवर्ती का बेबाक बयान

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES