दिल्ली में साफ हो गई 60% यमुना? पर्यावरण मंत्री बोले- अब पानी पी सकते हैं, AAP बोली- पहले आप
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दावा किया कि यमुना का 60% हिस्सा पीने लायक साफ हो चुका है. AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने उन्हें कालिंदीकुंज पहुंचकर एक लीटर पानी पीने की चुनौती दी है.
दिल्ली में यमुना नदी की सफाई को लेकर एक बार फिर सियासत तेज हो गई है. दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दावा किया है कि यमुना का 60 प्रतिशत हिस्सा इतना साफ हो चुका है कि उसका पानी अब पीने लायक है. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2029 या 2030 तक पूरी यमुना नदी को साफ करने का है. वहीं, मंत्री के इस दावे पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने सवाल उठाते हुए उन्हें नदी का पानी पीकर दिखाने की चुनौती दी है.
यमुना का 60 प्रतिशत हिस्सा हुआ साफ
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के मुताबिक, यमुना की सफाई का काम नदी के एक छोर से शुरू किया गया था. यह काम धीरे-धीरे दूसरे छोर तक पहुंचेगा. इसी वजह से फिलहाल नदी का 60 प्रतिशत हिस्सा ही साफ हो पाया है. उन्होंने साफ किया कि पूरी नदी अभी साफ नहीं हुई है.
सिरसा ने कहा है कि यमुना जी का 60 प्रतिशत हिस्सा पूरी तरह साफ है. साफ होने का मतलब इतना साफ है कि आप इसका पानी पी भी सकते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नदी के पास जाकर सफाई की स्थिति खुद देखें. मंत्री के इस बयान के बाद दिल्ली में यमुना की सफाई को लेकर राजनीतिक बहस शुरू हो गई है.
यह भी पढे़ं- किसके सिर सजेगा जयपुर का ताज: जिला प्रमुख की कुर्सी पर महासंग्राम! 44 सीटों के बाद भी क्यों फंसा पेंच?
सीवेज की वजह से गंदी हो रही यमुना
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने यमुना में गंदगी पहुंचने की वजह भी बताई. उनके अनुसार, दिल्ली का सीवेज नालों के जरिए नदी में पहुंचता है. जब तक इस गंदे पानी को ट्रीट करके साफ नहीं किया जाएगा, तब तक पूरी यमुना की सफाई संभव नहीं है.
उन्होंने कहा कि सरकार इस समस्या से निपटने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का इस्तेमाल कर रही है. इन प्लांट के जरिए सीवेज को साफ करने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि गंदा पानी सीधे नदी में न पहुंचे. सरकार का लक्ष्य 2029 या 2030 तक पूरी यमुना को साफ करना है.
सौरभ भारद्वाज ने दी पानी पीने की चुनौती
दूसरी तरफ, सिरसा के दावे पर AAP दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पलटवार किया है. उन्होंने मंत्री को चुनौती दी कि अगर यमुना का पानी वास्तव में पीने लायक साफ हो गया है तो वह कालिंदीकुंज पहुंचकर एक लीटर पानी पीकर दिखाएं.
भारद्वाज ने कहा कि उन्होंने पहले भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को ऐसी ही चुनौती दी थी, लेकिन वह भी वहां नहीं पहुंचीं. उन्होंने कहा कि अब यह आ जाएं और एक लीटर पानी पी लें. हम मान लेंगे कि उन्होंने यमुना साफ कर दी है.
यमुना की सफाई पर आमने-सामने सरकार और विपक्ष
यमुना की सफाई को लेकर दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. एक तरफ मंत्री 60 प्रतिशत नदी साफ होने और भविष्य में पूरी यमुना को स्वच्छ बनाने का दावा कर रहे हैं, वहीं AAP उनके दावों को चुनौती दे रही है. अब इस राजनीतिक बहस के बीच यमुना की असल सफाई और पानी की गुणवत्ता पर भी चर्चा तेज हो गई है.