जेवर एयरपोर्ट से बढ़ी फ्लाइट कनेक्टिविटी: कोलकाता-बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान, जानें टाइमिंग
Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने जा रही है. अकासा एयर 1 अक्टूबर से जेवर एयरपोर्ट से कोलकाता और बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ानें शुरू करेगी. इसके अलावा यात्रियों को अहमदाबाद और पुणे के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा भी मिलेगी.
Noida News: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फ्लाइट की कनेक्टिविटी लगातार बढ़ रही है. अकासा एयर एक अक्टूबर से जेवर से कोलकाता और बेंगलुरु के लिए सीधी फ्लाइट शुरू करने जा रहा है. ऐसे में लोगों को अब आवागमन का एक और ऑप्शन मिल जाएगा. इसके अलावा अहमदाबाद और पुणे जाने वाले लोगों को अकासा एयर कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा उपलब्ध करा रही हैं.
कोलकाता के लिए क्या होगी फ्लाइट टाइमिंग?
बता दें कि आकाश एयर की फ्लाइट नंबर QP 1569 सुबह 10:30 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए जाएगी. वहीं लगभग 2 घंटे 20 मिनट के सफर के बाद ये फ्लाइट दोपहर 12.50 बजे कोलकाता के नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी. वहीं दूसरी तरफ कोलकाता से वापसी के समय फ्लाइट से नंबर QP 1570 दोपहर 1:30 बजे वहां से चलेगी. ये लगभग दो घंटे 20 मिनट का सफर तय करते हुए 3:50 बजे जेवर एयरपोर्ट पहुंचेगी. ऐसे में सफर करने वाले लोगों को दोनों शहरों के बीच सीधी हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी.
बेंगलुरु के लिए भी सीधी उड़ान
इतना ही नहीं आकाश एयर जेवर और बेंगलुरु के बीच भी फ्लाइट शुरू कर रही है. फ्लाइट नंबर QP 1525 सुबह 7 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरकर सुबह 9:45 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आ जाएगी. साथ ही वापसी में QP 1526 शाम 4:30 बजे जेवर एयरपोर्ट से बेंगलुरु के लिए रवाना होगी और रात 7:20 बजे वहां पहुंच जाएगी. ऐसे में आईटी और कारोबार के लिए बेंगलुरु आने-जाने वाले लोगों को फायदा होगा.
अहमदाबाद और पुणे के लिए क्या?
वहीं दूसरी तरफ अकासा एयर ने अहमदाबाद और पुणे के लिए फिलहाल सीधे रूट के बजाय कनेक्टिंग फ्लाइट की शुरुआत की है. यानी जेवर से इन शहरों तक जाने वाले लोगों को बीच में फ्लाइट बदलनी होगी. इसी बीच जेवर से मुंबई के लिए चलने वाली दोपहर की फ्लाइट में अकासा एयर ने बदलाव किया है. एक अक्टूबर से फ्लाइट नंबर QP 1940, जो दोपहर 2:05 बजे मुंबई के लिए रवाना होती है, फिलहाल बंद की जा रही है.
अलग-अलग शहरों के लिए हवाई संपर्क लगातार बढ़ रहे हैं
नई उड़ानों और रूट में बदलाव के साथ जेवर एयरपोर्ट से देश के अलग-अलग शहरों के लिए हवाई संपर्क लगातार बढ़ रहा है. आने वाले त्योहारी सीजन और सर्दियों को देखते हुए अकासा एयर और इंडिगो की तरफ से नए रूट शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है. इससे आने वाले समय में जेवर एयरपोर्ट से यात्रियों को और ज्यादा ऑप्शन मिल सकते हैं. जो भी सीधी फ्लाइट शुरू की जा रही हैं वो लोगों को कहीं आने-जाने में परेशानी न हो इसको देखते हुए ही की जा रही है.