महज 3 से 5 मिनट में जानलेवा बन रही घरों की आग! दिल्ली में मॉडर्न घर कैसे बन रहे 'डेथ ट्रैप'? समझें फायर सर्विस की चौंकाने वाली रिपोर्ट
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के एक विश्लेषण के अनुसार, आज दिल्ली के किसी घर में लगी आग महज 3 से 5 मिनट के भीतर जानलेवा हो सकती है, जबकि 25-30 साल पहले बने घरों में यह समय 15-17 मिनट था.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज के समय में अगर आग लगती है, तो महज 3 से 5 मिनट में जानलेवा रूप ले सकती है और लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल पाता. वहीं, दूसरी तरफ करीब 25 से 30 साल पहले बने घरों में आग लगने पर लोगों को बाहर निकलने और संभलने के लिए कहीं ज्यादा समय मिलता था. दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के विश्लेषण में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, जिसको लेकर पिछले महीने दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में गंभीर चिंता जताई गई.
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा समय में बन रहे घरों को अधिक आकर्षक और आरामदायक बनाने के लिए मॉडर्न कंस्ट्रक्शन, इंटीरियर डिजाइन और साज-सज्जा के नए-नए विकल्प इस्तेमाल किए जा रहे हैं, जो आग के खतरे को कई गुना बढ़ा रहे हैं. इन बदलावों ने घरों को देखने में सुंदर तो बना दिया है, लेकिन आग लगने की स्थिति में ये घर कहीं अधिक खतरनाक हो सकते हैं.
आधुनिक घर और साज-सज्जा आग को तेजी से कैसे फैलाते हैं?
HT की रिपोर्ट के अनुसार, बैठक में पेश किए गए डॉक्यूमेंट्स में बताया गया कि दिल्ली के पुराने घरों में आग लगने के बाद 'फ्लैशओवर (Flashover)' तक पहुंचने में 15-17 मिनट का समय लगता था, जबकि आधुनिक घरों में यह समय घटकर केवल 3-5 मिनट रह गया है. यानी इसमें करीब तीन-चौथाई की कमी आई है.
क्या है 'फ्लैशओवर' और क्यों कम हुआ बच निकलने का समय?
फ्लैशओवर (Flashover) आग लगने की वह खतरनाक स्थिति है, जब कमरे की छत के नीचे जमा गर्म धुआं और गैसें इतनी ज्यादा गर्मी पैदा करती हैं कि कमरे में रखा हर ज्वलनशील सामान एक साथ जल उठता है. इस स्थिति में कमरे में मौजूद किसी भी व्यक्ति का बचना लगभग नामुमकिन हो जाता है और आग पलक झपकते ही पूरे घर को अपनी चपेट में ले लेती है.
दस्तावेजों के मुताबिक, कम ऊंचाई वाली छतें, फॉल्स सीलिंग, ओपन-प्लान लेआउट, पूरी तरह से बंद इंटीरियर, और पॉलीयूरेथेन फोम, पॉलिएस्टर, प्लास्टिक व PVC जैसी सिंथेटिक सामग्रियों के व्यापक इस्तेमाल के कारण आग और भी तेजी से फैलती है.
दिल्ली में मॉडर्न घर कैसे बन रहे डेथ ट्रैप और पुराने कैसे थे बेहतर?
दिल्ली के करीब 25 से 30 साल पुराने घरों में फ्लैशओवर का समय 15-17 मिनट होता था, जो अब घटकर 3-5 मिनट हो गया है. पुराने घरों में छत की ऊंचाई 12 फीट या उससे ज्यादा होती थी, जो अब घटकर 9 फीट रह गई है. इसके अलावा फॉल्स सीलिंग लगने से यह ऊंचाई और कम हो जाती है, जिससे गर्म धुआं और जहरीली गैसें तेजी से नीचे की ओर फैलती हैं. पुराने घरों में वेंटिलेशन के लिए पर्याप्त जगह होती थी, जिनसे गर्मी और धुआं बाहर निकल जाता था. आजकल कम जगह, एयर-कंडीशनिंग और एनर्जी सेविंग के चक्कर में घरों को पूरी तरह सील रखा जाता है, जिससे आग लगने पर गर्मी अंदर ही फंस जाती है.
पहले के घरों में किचन, हॉल और कमरों में दीवार और दरवाजे होते थे, लेकिन आधुनिक घरों में ओपन डिजाइन की वजह से आग एक कमरे तक सीमित रहने के बजाय तुरंत पूरे घर में फैल जाती है. इसके अलावा रुई, ऊन और ठोस लकड़ी की जगह अब घरों में पॉलीयूरेथेन फोम के गद्दे-सोफे, पॉलिएस्टर के पर्दे, प्लास्टिक और पीवीसी का इस्तेमाल हो रहा है. पेट्रोलियम-आधारित मटेरियल में जल्दी आग लगती है और 5 से 8 गुना ज्यादा गर्मी पैदा करते हैं. इसके साथ ही जहरीला धुआं छोड़ते हैं, जो लपटों से भी ज्यादा जानलेवा साबित होता है.
रिपोर्ट के अनुसार, प्रेजेंटेशन के दौरान बताया गया कि दिल्ली के आधुनिक घरों को आराम और सुंदरता के हिसाब से डिजाइन किया जा रहा है, लेकिन इसकी वजह से 'फ्लैशओवर' की प्रक्रिया तेज हो गई है. DFS के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, 'हाल ही में हुई आग की घटनाओं की जांच से पता चला है कि जिन घरों में खिड़कियां पूरी तरह बंद थीं और आधुनिक निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया था, वहां आग ज्यादा तेजी से फैली.' अधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों को डिजाइन करते समय आग-रोधी सामग्री का इस्तेमाल करें.
दिल्ली में आग की घटनाओं के चौंकाने वाले आंकड़े
बैठक के दौरान यह भी बताया गया कि दिल्ली में आग लगने की ज्यादातर घटनाएं घरों में होती हैं. DFS (दिल्ली अग्निशमन सेवा) के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-2026 में आग लगने की कुल 7,387 घटनाएं दर्ज की गईं. इनमें से 5,506 घटनाएं आवासीय इमारतों में हुईं. इसके बाद व्यावसायिक प्रतिष्ठान (693), औद्योगिक परिसर (450), व्यापारिक प्रतिष्ठान (301), भंडारण सुविधाएं (200), सार्वजनिक सभा भवन (121), शैक्षणिक संस्थान (83) और संस्थागत इमारतें (33) शामिल हैं. आग लगने की लगभग 99% घटनाएं यानी करीब 7,312 घटनाएं ऐसी जगहों पर हुईं, जिनके पास कोई वैध 'फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट' नहीं था, या फिर वे 'कम जोखिम' वाली श्रेणी में आती थीं, जिसमें ज्यादातर घर शामिल हैं. वहीं, वैध 'फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट' वाली मध्यम और उच्च जोखिम वाली जगहों पर आग लगने की केवल 75 घटनाएं दर्ज की गईं.
ये भी पढ़ें- दिल्ली के लाजपत नगर में 4 मंजिला इमारत के बेसमेंट में लगी आग, एक की मौत
घरों में क्यों बढ़ता है आग लगने का खतरा?
बैठक के दौरान आग लगने के खतरों पर भी चर्चा हुई, जिसमें इलेक्ट्रिकल ओवरलोडिंग, कम स्वीकृत लोड और खराब वायरिंग को घरों में आग लगने की सबसे आम वजह बताया गया. इनके साथ ही अनधिकृत कॉलोनियों और बिना रीडेवलपमेंट के कॉलोनियों को नियमित करने के मुद्दों को भी जोखिम के रूप में उठाया गया. ऐसी कई कॉलोनियों में गलियां बहुत संकरी हैं, जहां से दमकल की गाड़ियों का गुजरना मुश्किल हो सकता है.
फायर ब्रिगेड के पास संसाधनों का संकट क्यों?
बैठक में फायर ब्रिगेड की कार्यक्षमता में मौजूद बड़ी कमियों को भी उजागर किया गया. दिल्ली फायर सर्विस को 542 जरूरी फायर ब्रिगेड, विशेष बचाव वाहनों और उपकरणों की जरूरत है, लेकिन उसके पास फिलहाल केवल 222 उपकरण हैं. यानी दिल्ली फायर सर्विस के पास जरूरत से 320 उपकरणों की भारी कमी है. इस कमी में वॉटर टेंडर, वॉटर बाउजर, फोम टेंडर, मोबाइल पंप और विशेष बचाव वाहन शामिल हैं. प्रेजेंटेशन में कई विशेष वाहनों के ना होने की स्थिति की ओर भी ध्यान दिलाया गया, जिनमें 42, 55 और 70 मीटर की टर्नटेबल सीढ़ियां, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म लिफ्ट, अर्बन सर्च-एंड-रेस्क्यू वाहन और खतरनाक सामग्री (hazardous-material) ले जाने वाली वैन शामिल हैं. इसके अलावा, 120 फायर स्टेशनों को 24 घंटे चलाने के लिए 17,910 अतिरिक्त कर्मियों की आवश्यकता भी जताई गई है.
सुरक्षा के लिए क्या हैं एक्सपर्ट्स के सुझाव और आगे की योजना?
DFS अधिकारियों और आर्किटेक्चर एक्सपर्ट्स ने लोगों को घर डिजाइन करते समय अग्निरोधक मटेरियल का उपयोग करने और धुएं की निकासी यानी वेंटिलेशन की व्यवस्था रखने की सलाह दी है. इसके साथ ही फायर सर्विस ने अपने बेड़े को मजबूत करने के लिए 197 नए वाहन, 9 एडवांस वाटर-टेंडर सिस्टम, 18 फायरफाइटिंग रोबोट और 90 पुलिस कंट्रोल रूम लोकेशनों पर 50 क्विक-रिस्पॉन्स वाहन तैनात करने का प्रस्ताव रखा है.