SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दिवाली और छठ पर ट्रेन से सफर करने से पहले जान लें ये नियम, दिल्ली के 6 स्टेशनों पर बड़ा बदलाव

दिवाली, भाई दूज और छठ पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली-NCR के 6 स्टेशनों पर 14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट बंद किए हैं, जबकि 700 AI कैमरों और करीब 18 हजार स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को सुविधा देने की तैयारी है.

Written By Renu Akarniya
Published: Nov 07, 2026, 02:31 PM IST | Updated: Nov 07, 2026, 02:42 PM IST
Image Credit: AI IMAGE
Join

दिवाली, भाई दूज और छठ महापर्व के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं. त्योहारों के दौरान दिल्ली से बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पूर्वी भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा दबाव रहता है. इसे देखते हुए रेलवे ने दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रित करने और यात्रियों की सुविधा के लिए कई इंतजाम किए हैं.

दिल्ली के 6 रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट बंद
उत्तर रेलवे ने दिल्ली-एनसीआर के छह प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 3 नवंबर से 14 नवंबर 2026 तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री बंद कर दी है. इनमें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, हजरत निजामुनंदद्दीन, आ विहार टर्मिनल, आनंद विहार हॉल्ट और गाजियाबाद रेलवे स्टेशन शामिल हैं.

इस दौरान केवल वैध ट्रेन टिकट वाले यात्रियों को ही प्लेटफॉर्म पर जाने की अनुमति होगी. हालांकि, बुजुर्ग, बीमार, दिव्यांग और जरूरतमंद यात्रियों की सहायता करने वाले लोगों को नियमानुसार छूट दी जाएगी. स्टेशन पर अनावश्यक भीड़ रोकने के लिए रेलवे ने यह कदम उठाया है.

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बनाया गया होल्डिंग एरिया
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए अलग होल्डिंग एरिया बनाया गया है. वहीं अनारक्षित यात्रियों के लिए पहले से होल्डिंग एरिया की व्यवस्था है. इसके अलावा यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित करने के लिए कॉमन होल्डिंग एरिया भी बनाया गया है.

सामान की जांच की व्यवस्था स्टेशन भवन के बाहर की गई है, ताकि अंदर भीड़ कम हो. यात्रियों की सुविधा के लिए बैठने, पेयजल, साफ शौचालय और अतिरिक्त टिकट काउंटर की व्यवस्था की गई है.

सुरक्षा के लिए लगाए गए 700 अतिरिक्त AI कैमरे
त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ पर निगरानी रखने के लिए रेलवे ने अतिरिक्त इंतजाम किए हैं. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 700 अतिरिक्त AI कैमरे लगाए गए हैं. इसके साथ ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अतिरिक्त जवानों की तैनाती भी की गई है. यात्रियों की आवाजाही और भीड़ पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.

त्योहारों के सीजन में चलाई जा रहीं करीब 18 हजार स्पेशल ट्रेनें
इस साल दिवाली, छठ और दुर्गा पूजा को मिलाकर पूरे त्योहारों के सीजन में करीब 18 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. दिल्ली में सामान्य दिनों में रोजाना 5 लाख से ज्यादा यात्रियों का आवागमन होता है, लेकिन त्योहारों के समय यह संख्या बढ़कर करीब 8 लाख तक पहुंच जाती है. ऐसे में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं.

ये भी पढ़ें: दिवाली-छठ घर जाने वालों की रेलवे स्टेशनों पर बढ़ी भीड़, दिल्ली से बिहार-UP के लिए चलेंगी ये स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरी लिस्ट

(देवेश कुमार की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES