दिल्ली में डी कंपनी के शूटर नसीम दुर्रानी का साथी अमन गाजी पुलिस मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली
दिल्ली के उस्मानपुर में पुलिस और बदमाश अमन गाजी के बीच मुठभेड़ हुई. जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया.
नीरज गौड: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पूर्वी जिले के स्पेशल स्टाफ ने उस्मानपुर खादर में एक मुठभेड़ के बाद अमन गुर्जर को गिरफ्तार किया. वह दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर समीर की हत्या के मामले में वांछित था. एक अन्य आरोपी, नसीम दुर्रानी, बुलंदशहर में हुई एक मुठभेड़ में मारा गया था. नॉर्थ-ईस्ट स्पेशल स्टाफ की टीम ने हत्या के मामले में वांटेड बदमाश अमन गाजी को घेरने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अमन गाजी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया. पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, स्पेशल स्टाफ की टीम को सूचना मिली थी कि हत्या के एक मामले में आरोपी अमन गाजी उस्मानपुर इलाके के आसपास मौजूद है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पुश्ता रोड पर घेराबंदी की और उसे पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने आरोपी को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं.
पुलिस ने चलाईं पांच गोलियां, बदमाश ने किए चार फायर
पुलिस के मुताबिक, जैसे ही टीम का सामना अमन गाजी से हुआ, उसे सरेंडर करने के लिए कहा गया. लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. दोनों तरफ से हुई फायरिंग में अमन गाजी के पैर में गोली लग गई. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चार राउंड फायर किए, जबकि पुलिस टीम की तरफ से जवाबी कार्रवाई में पांच राउंड गोलियां चलाई गईं. कुल नौ राउंड फायरिंग के दौरान अमन गाजी के पैर में गोली लग गई. इसके बाद पुलिस ने उसे काबू में लेकर अस्पताल पहुंचाया.
कपिल मिश्रा के दफ्तर के बाहर फायरिंग से भी जुड़ा नाम
अमन गाजी का नाम डी कंपनी के शूटर नसीम दुर्रानी के साथ जुड़ा रहा है. बताया जा रहा है कि दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के दफ्तर के बाहर हुई फायरिंग की वारदात में नसीम दुर्रानी के साथ अमन गाजी भी शामिल था.
मुठभेड़ के बाद अब पुलिस अमन गाजी से पूछताछ करेगी. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश करेंगी कि वह किन आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है और उसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हैं.
आपने कर दी होगी ये वाली गलती, इसीलिए हरियाणा लाडो लक्ष्मी योजना वाला पैसा खाते में नहीं आया!