सावधान दिल्ली! आज इन 20 से ज्यादा सड़कों पर लग सकता है भीषण जाम, ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया नया रूट प्लान
दिल्ली में सोमवार 23 नवंबर को नगर कीर्तन और राजघाट कार्यक्रम के चलते कई रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा. ओल्ड जीटी करनाल रोड और भामा शाह रोड शाम 5 से रात 12 बजे तक बंद रहेंगे. घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें.
अगर आप दिल्ली में रहते हैं तो घर से निकलने से पहले यह खबर जरूर पढ़ लीजिए. आज देश का राजधानी दिल्ली की कई जगहों पर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है, जिसकी जानकारी दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के ऑफिशियल X हैंडल से शेयर की गई है. आज सोमवार, 23 नवंबर 2026 को कई इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रहने की संभावना है.
दरअसल, गुरु नानक देव जी के प्रकाश गुरुपर्व के अवसर पर नगर कीर्तन और राजघाट स्थित महात्मा गांधी स्मृति स्थल पर आयोजित कार्यक्रम को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. नगर कीर्तन सुबह 10 बजे से शुरू होगा. वहीं, राजघाट में सुबह 10 से 11 बजे के बीच जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जा सकता है. ऐसे में घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी लेना जरूरी है.
नगर कीर्तन के चलते इन इलाकों में रहेगी आवाजाही प्रभावित
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति की ओर से 23 नवंबर को नगर कीर्तन का आयोजन किया जाएगा. इसमें करीब 25 हजार से 30 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. इसके अलावा 400 से 500 वाहन भी जुलूस में शामिल होंगे. इनमें ट्रैक्टर, टेंपो और ट्रक शामिल हैं. नगर कीर्तन सुबह 10 बजे गुरुद्वारा शीशगंज साहिब, चांदनी चौक से शुरू होगा.
यह भी पढे़ं- दिल्ली में सर्दी के साथ प्रदूषण का डबल अटैक, 400 पार पहुंचा AQI, जानें आपके इलाके में कितनी जहरीली है हवा?
यहां से गुजरेगा नगर कीर्तन का जुलूस
नगर कीर्तन चांदनी चौक से फतेहपुरी, खारी बावली, नया बाजार चौक, पीली कोठी रोड, पुल मिठाई, जोरावर सिंह मार्ग, बरफ खाना चौक, पुल बंगश मेट्रो स्टेशन, रोशनआरा रोड, घंटा घर और शक्ति नगर चौक होते हुए गुरुद्वारा नानक पियाऊ साहिब, जीटी करनाल रोड पर समाप्त होगा. इस दौरान जुलूस के रास्ते और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक को जरूरत के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा.
इन जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन की संभावना
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, छत्ता रेल क्रॉसिंग, सुभाष पार्क टी-पॉइंट, नेताजी सुभाष मार्ग, चांदनी चौक, टाउन हॉल, फतेहपुरी, खारी बावली, श्याम प्रसाद मुखर्जी मार्ग, कुतुब रोड चौक, पुल डफरिन, पुल मिठाई, जोरावर सिंह मार्ग, बरफ खाना चौक, रानी झांसी फ्लाईओवर, सब्जी मंडी, पुल बंगश, रोशनआरा रोड, रोशनआरा पार्क और घंटा घर पर यातायात प्रभावित हो सकता है. शक्ति नगर चौक, नागिया पार्क राउंडअबाउट, रूप नगर और जीटी करनाल रोड पर भी विशेष व्यवस्था रहेगी.
जीटी करनाल रोड और भामा शाह रोड पर रहेगा प्रतिबंध
एडवाइजरी के अनुसार, 23 नवंबर को शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक ओल्ड जीटी करनाल रोड और भामा शाह रोड पर यातायात बंद रहेगा. इन सड़कों से गुजरने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना चाहिए.
राजघाट कार्यक्रम के लिए भी ट्रैफिक एडवाइजरी
राजघाट स्थित महात्मा गांधी स्मृति स्थल पर निर्धारित कार्यक्रम के कारण आईटीओ चौक, दिल्ली गेट, गुरु नानक चौक, शांतिवन चौक, राजघाट डीटीसी डिपो और आईपी फ्लाईओवर पर ट्रैफिक नियंत्रित किया जा सकता है. बीएसजेड मार्ग, रिंग रोड, आसफ अली रोड और शांतिवन चौक से निषाद राज मार्ग तक आवाजाही प्रभावित होने की संभावना है.
वाहन चालकों के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को प्रभावित रास्तों से बचने, यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखने और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. वाहन चालकों से ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने और आधिकारिक चैनलों से अपडेट लेते रहने की अपील की गई है.