SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Trade Fair में हरियाणा की संस्कृति और विकास का संगम, AI सेल्फी बूथ से लेकर पारंपरिक चौपाल तक खास इंतजाम

भारत मंडपम में चल रहे IITF 2026 में हरियाणा पवेलियन को विकास और विरासत की थीम पर सजाया गया है. यहां पारंपरिक चौपाल, AI-AR सेल्फी बूथ, हाइड्रोजन ट्रेन और स्थानीय उद्यमियों के उत्पाद आकर्षण का केंद्र होंगे.

Written By Renu Akarniya
Published: Nov 14, 2026, 11:12 IST | Updated: Nov 14, 2026, 11:27 IST
Image Credit: Delhi Trade Fair 2026
Join

नई दिल्ली के भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर तक चल रहे भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF) 2026 में हरियाणा पवेलियन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा. विकास और विरासत के थीम पर सजाए गए हरियाणा पवेलियन में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा.

पवेलियन में हरियाणा की संस्कृति के साथ-साथ प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास की झलक देखने को मिलेगी. पवेलियन के भीतर एक विशाल खुले आंगन के चारों ओर प्रदर्शनी क्षेत्र विकसित किया गया है. पवेलियन की विशेष पहचान पारंपरिक हरियाणवी चौपाल है. ग्रामीण परिवेश में बनी इस चौपाल में गांव की झलक देखने को मिलेगी, जो प्रदेश की सामाजिक मेलजोल, सामूहिक भागीदारी और आपसी भाईचारे की परंपरा को दर्शाती है और आगंतुकों को हरियाणा के ग्रामीण जीवन और सांस्कृतिक मूल्यों की झलक देती है.

AI और AR सेल्फी बूथ, इंटरैक्टिव क्विज से जुड़ रहे आगंतुक
ट्रेड फेयर अथॉरिटी आफ हरियाणा के सीनियर मैनेजर अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि तकनीक को पवेलियन की प्रस्तुति का अभिन्न हिस्सा बनाया गया है. डिजिटल स्क्रोलर और LED दीवारों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश की उपलब्धियों और प्रगति को दर्शाया जा रहा है. कायनेटिक इन्फॉर्मेशन वॉल हरियाणा की विकास गाथा को गतिशील दृश्य रूप में प्रस्तुत करती है. आगंतुकों के लिए AI आधारित सेल्फी बूथ और AR आधारित सेल्फी बूथ भी लगाए गए हैं, जहां वे डिजिटल परिवेश के साथ जुड़कर अपना अनुभव यादगार बना सकते हैं. इसके अलावा इंटरैक्टिव डिजिटल क्विज के माध्यम से लोग हरियाणा के इतिहास, संस्कृति, उपलब्धियों और विकास के बारे में रोचक जानकारी हासिल कर सकते हैं.

तेजी से हो रहे विकास की दिखेगी झलक
सीनियर मैनेजर अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि पवेलियन में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, तेजी से हो रहे विकास की झलक बेहद आकर्षक तरीके से प्रस्तुत की गई है. इसके साथ-साथ स्पोर्टस का पावर हाउस कहे जाने वाले हरियाणा की तस्वीर भी देखने को मिलेगी. 22 नवंबर को व्यापार मेले में हरियाणा डे मनाया जाएगा. इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शिरकत करेंगे. इस दौरान हरियाणवी फोक डांस व अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी. उन्होंने आमजन से आह्वान किया है कि मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचे और हॉल नंबर-5 में बनाए गए हरियाणा पवेलियन को जरूर विजिट करें.

विभागों की योजनाओं के साथ निर्यात क्षमता की भी प्रदर्शनी
सीनियर मैनेजर अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि पवेलियन की परिधि पर हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों और सहभागी संस्थाओं के लिए अलग-अलग प्रदर्शनी स्थल बनाए गए हैं. डिस्प्ले पैनल, डिजिटल स्क्रोलर, सूचना बोर्ड और उत्पाद प्रदर्शन के जरिये यहां प्रदेश की प्रमुख योजनाओं, उपलब्धियों और विकास प्राथमिकताओं की जानकारी दी जा रही है. साथ ही एक समर्पित निर्यात-उन्मुख प्रदर्शनी में हरियाणा की औद्योगिक क्षमता, विनिर्माण शक्ति और राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में बढ़ती मौजूदगी को दर्शाया गया है.

शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों और एमएसएमई को मिला मंच
उन्होंने बताया कि पवेलियन में शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों और एमएसएमई को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए स्थान उपलब्ध करवाया गया है. कुल 10 शिल्पकारों एवं स्वयं सहायता समूहों और 22 MSME ने अपने स्टॉल लगाए हैं. उद्यमियों द्वारा प्रदर्शित प्रमुख उत्पादों में टेराकोटा मिट्टी के बर्तन, कृत्रिम आभूषण, जैविक एवं हर्बल उत्पाद, फुलकारी, जिम उपकरण, कांच के खिलौने, स्पोर्ट्सवियर, परफ्यूम, परिधान और हरियाणा के लोकप्रिय व्यंजन शामिल हैं. इसके अतिरिक्त एक शिल्पकार को प्लास्टिक कचरे से तैयार पर्यावरण अनुकूल चित्रों का लाइव प्रदर्शन करने का मंच भी दिया गया है.

ये भी पढ़ें: Trade Fair 2026 शुरू, दिल्ली में 27 नवंबर तक इन सड़कों पर लग सकता है भीषण जाम; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES