SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दिल्ली वोटर लिस्ट में बड़ा अपडेट! नाम वापस जुड़वाने का आखिरी मौका आज, जानें कैसे करें आवेदन

दिल्ली में SIR के दौरान ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से बाहर हुए मतदाता 25 नवंबर तक Form-6 भरकर अपना नाम दोबारा जुड़वाने के लिए आवेदन करने का अखिरी मौका हैं. जिन लोगों का नाम लिस्ट में नहीं था या कुछ गड़बड़ी है, वे लोग जल्दी से आवेदन करें. फाइनल वोटर लिस्ट 22 दिसंबर को जारी होगी.

Written By Renu Akarniya
Published: Nov 25, 2026, 15:28 IST | Updated: Nov 25, 2026, 15:43 IST
Image Credit: AI IMAGE
Join

दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के तहत मतदाता सूची से बाहर हुए लोगों के लिए आज बेहद अहम दिन है. करीब 47 लाख 56 हजार नाम मतदाता सूची से बाहर हो गए थे, अब इन मतदाताओं के पास अपना नाम दोबारा जुड़वाने का मौका है, लेकिन इसके लिए आज यानी 25 नवंबर तक फॉर्म-6 भरना जरूरी है.

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की आखिरी मौका
दिल्ली में मतदाता सूची के SIR की प्रक्रिया के बीच आज का दिन बेहद अहम है. जिन लोगों का नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो पाया है, उनके पास नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करने का आखिरी मौका है. निर्वाचन आयोग ने फॉर्म-6 के जरिए आवेदन की अंतिम तारीख 25 नवंबर निर्धारित की है.

आंकड़ों पर नजर डालें तो SIR से पहले दिल्ली की मतदाता सूची में करीब 1 करोड़ 45 लाख मतदाताओं के नाम दर्ज थे. मगर 31 अगस्त को जारी सूची में करीब 97 लाख 50 हजार मतदाताओं के नाम ही शामिल किए गए. इस तरह करीब 47 लाख 56 हजार नाम सूची से बाहर हो गए. इनमें अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित, मृत और दोहरे पंजीकरण वाले मतदाताओं को ASDD श्रेणी में रखा गया था.

नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन कर सकते हैं आवेदन
हालांकि, ड्राफ्ट लिस्ट से नाम बाहर होने का मतलब यह नहीं है कि संबंधित व्यक्ति का मतदान का अधिकार खत्म हो गया है. पात्र मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम दोबारा जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह की सुविधाएं उपलब्ध हैं.

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए कैसे करें आवेदन 
मतदाता voters.eci.gov.in पोर्टल और ECINET ऐप के जरिए फॉर्म-6 भर सकते हैं. इसके अलावा अपने क्षेत्र के BLO, AERO या ERO के पास भी आवेदन जमा करा सकते हैं. वहीं, एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं.

22 दिसंबर को जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट 
निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, 15 दिसंबर तक दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा. इसके बाद 22 दिसंबर को दिल्ली की फाइनल वोटर लिस्ट जारी होगी. वहीं, ASDD श्रेणी के मतदाताओं को 30 नवंबर तक अपने वर्तमान निवास क्षेत्र में गणना प्रपत्र जमा कराने की सुविधा दी गई है.

ये भी पढ़ें: दिल्ली वालों ध्यान दें! इन इलाकों में 25 और 26 नवंबर को पानी की सप्लाई रहेगी ठप, DJB ने किया अलर्ट

(दिल्ली से देवेश कुमार की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और हाइपर लोकल की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग, यूटिलिटी से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. रेनू पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. DU से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से अपने करियर की शुरुआत की. लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा है.रेनू अकर्णिया से आप renu.akarniya@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES