Delhi SIR: 18 से 25 साल के युवाओं के लिए 29-30 सितंबर को लगेंगे स्पेशल कैंप, ऐसे जुड़वाएं वोटर लिस्ट में नाम
दिल्ली में 29-30 सितंबर को कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जहां पात्र युवा Form-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे.
Delhi SIR 2026: दिल्ली में मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र युवाओं के नाम जोड़ने के लिए 29 और 30 सितंबर को कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे. इन कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मौजूद रहेंगे और पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं को आवेदन प्रक्रिया में मदद करेंगे. दिल्ली के CEO कार्यालय के अनुसार, SIR के तहत पात्र मतदाता 30 सितंबर तक नाम शामिल कराने के लिए Form-6 के जरिए आवेदन कर सकते हैं.
18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं को मौका
जिन युवाओं की उम्र 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरी हो रही है और उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे विशेष शिविरों में Form-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के साथ निर्धारित दस्तावेज और घोषणा पत्र भी देना होगा.
कॉलेज में ही चेक कर सकेंगे वोटर लिस्ट
विशेष कैंप के दौरान युवा अपने नाम की मतदाता सूची में मौजूदगी भी जांच सकेंगे. आवेदन BLO के पास जमा करने के अलावा ऑनलाइन माध्यम से भी किया जा सकता है. चुनाव आयोग के Voter Services Portal पर मतदाता पंजीकरण और अन्य सेवाएं उपलब्ध हैं.
27 सितंबर को मतदान केंद्रों पर भी लगेंगे स्पेशल कैंप
इसके अलावा 27 सितंबर यानी कि रविवार को दिल्ली के मतदान केंद्रों पर भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. SIR के मौजूदा कार्यक्रम के तहत नाम शामिल कराने और दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 30 सितंबर तक जारी है. CEO दिल्ली की वेबसाइट पर भी SIR-2026 से जुड़ी जानकारी और Form-6 समेत संबंधित फॉर्म उपलब्ध हैं.