Delhi Protest: छेड़छाड़ के आरोपी ACP विवेक भगत को मिला प्रमोशन, अधिकारी का अश्लील पोस्टर बनाने वाला गिरफ्तार
दिल्ली में AI से बनाए गए ACP विवेक भगत के आपत्तिजनक पोस्टर के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है. वहीं महिला पत्रकार से बदसलूकी के आरोपों के बीच ACP विवेक भगत को एडिशनल DCP पद पर प्रमोशन मिलने से सियासी विवाद भी शुरू हो गया है.
Delhi News: दिल्ली पुलिस के ACP विवेक भगत से जुड़े एक AI से बने आपत्तिजनक पोस्टर को सोशल मीडिया पर फैलाने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर माहौल खराब करने की साज़श के तहत पोस्टर बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया था. वहीं ACP विवेक भगत को प्रमोशन भी मिल गया. उन्हें एडिशनल DCP के पद पर प्रमोट किया गया है.
ACP विवेक भगत का अश्लील पोस्टर बनाने वाला गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, नकली AI से बने पोस्टर में कथित तौर पर विवेक भगत को एक महिला पत्रकार के साथ बदतमीजी करते हुए दिखाया गया था. यह घटना 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा बदसलूकी और यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर हुए विवाद के बीच हुई है. दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच इन शिकायतों की जांच कर रही है.
दिल्ली पुलिस ने पहले लोगों को ऐसा कंटेंट शेयर न करने की चेतावनी दी थी और सोशल मीडिया पर वायरल कथित CCTV फुटेज को AI से बना/हेरफेर किया हुआ बताया था. पुलिस ने कहा कि ऐसा गुमराह करने वाला कंटेंट फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों को शक है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं. पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है और संभावित संदिग्धों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है.
छेड़छाड़ के कथित आरोपी ACP विवेक भगत को मिला प्रमोशन
दिल्ली पुलिस के ACP विवेक भगत, जिन पर CEC के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान एक महिला पत्रकार से कथित यौन उत्पीड़न का आरोप है, उनको सोमवार को एडिशनल DCP के पद पर प्रमोट कर दिया गया. सीनियर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह एक रूटीन ऑर्डर है और रिक्वेस्ट बहुत पहले भेजी गई थी. भगत के साथ ग्यारह अधिकारियों को भी प्रमोट किया गया है.
वहीं आम आदमी पार्टी ने इसको लेकर प्रतिक्रिया दी है. AAP ने X पर पोस्ट कर कहा कि PM मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक महिला पत्रकार से छेड़छाड़ करने वाले ACP विवेक भगत को एडिशनल DCP के पद पर प्रमोट करके इनाम दिया है. पार्टी ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि कि FIR दर्ज करके उसे जेल भेजने के बजाय छेड़छाड़ करने वाले को प्रमोट किया जा रहा है. यह दिखाता है कि मोदी सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की बिल्कुल परवाह नहीं करती. यह बहुत शर्मनाक है.