)
दिल्ली पुलिस ने नकली भारतीय करेंसी की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा किया है. सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के पहाड़गंज थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 2,65,100 रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी 36 साल के दिनेश कुमार झा और 20 साल के सतीश कुमार के रूप में हुई है.
पुलिस को 5 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि पहाड़गंज इलाके में दो लोग नकली नोटों की सप्लाई करने के लिए आए हुए हैं. इसके बाद SI एस.एन. ओझा की टीम ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने स्थित नीलम गेस्ट हाउस में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से 2.65 लाख रुपये से ज्यादा के नकली नोट मिले. इनमें 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोट शामिल हैं. मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल की टीम को बुलाकर नोटों की जांच कराई गई.
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी नकली नोट बेचने के लिए दिल्ली आए थे. उनकी योजना 1 लाख रुपये के नकली नोटों को 25 से 30 हजार रुपये के असली नोटों के बदले बेचने की थी. दोनों ग्राहक तलाश रहे थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उन्हें ये नकली नोट कथित तौर पर S नाम के एक शख्स ने सप्लाई किए थे. अब पुलिस उस सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश कर रही है.
जांच में ये भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी दिनेश कुमार झा पहले भी नकली करेंसी के मामले में शामिल रहा है. उसके खिलाफ साल 2023 में दिल्ली के पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाने में नकली नोटों से जुड़ा मामला दर्ज हुआ था. दोनों आरोपियों के खिलाफ पहाड़गंज थाने में मामला दर्ज किया गया है. दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है. पुलिस अब नकली नोटों के असली स्रोत और पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
(दिल्ली से अशोक कुमार की रिपोर्ट)