App

Delhi पुलिस भर्ती: फिजिकल टेस्ट के दौरान 23 साल के युवक की मौत

दिल्ली के वजीराबाद में दिल्ली पुलिस भर्ती के लिए फिजिकल चला रहा था, जहां एक कैंडिडेट की दौड़ते समय मौत हो गई. कॉन्स्टेबल रैंक के लिए भर्ती हो रही है.

Delhi पुलिस भर्ती: फिजिकल टेस्ट के दौरान 23 साल के युवक की मौत
Image Credit: Delhi पुलिस भर्ती: फिजिकल टेस्ट के दौरान 23 साल के युवक की मौत

Delhi News: उत्तर पूर्वी दिल्ली वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (Delhi Police Training Centre) में सोमवार को पुलिस भर्ती के लिए चल रही शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Test) के दौरान दौड़ लगाते समय 23 वर्षीय युवक अचानक ट्रैक पर गिर गया. उसे तत्काल प्राथमिक इलाज दिया गया और पीसीआर की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के अनूपशहर निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है.

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11:11 बजे सोनिया विहार थाने को जेपीसी अस्पताल से सूचना मिली कि दिल्ली पुलिस प्रशिक्षण केंद्र, वजीराबाद से एक युवक को पीसीआर वैन के जरिए अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में लाया गया है. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया था.

सूचना मिलते ही सोनिया विहार थाना पुलिस अस्पताल पहुंची. मृतक की पहचान सौरभ कुमार पुत्र लच्छी सिंह के तौर पर हुई. सौरभ नेता नगर, गांव सलामतपुर, अनूपशहर का रहने वाला था. वह वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में चल रही पुलिस भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने आया था.

पुलिस के मुताबिक, पुलिस भर्ती फिजिकल टेस्ट के तहत दौड़ के दौरान सौरभ अचानक ट्रैक पर गिर पड़ा. वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसे तत्काल प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई. इसके बाद पीसीआर कर्मियों की मदद से उसे जेपीसी अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. सौरभ के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू की है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है.

(दिल्ली से राकेश चावला की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More