App

घर में बेसुध पड़े थे बुजुर्ग, सोफे के नीचे फंसा था सिर... 90 सेकंड में पहुंची दिल्ली पुलिस, जवान ने ऐसे बचाई जान

दिल्ली के गीता कॉलोनी में PCR कॉल के महज 90 सेकंड के भीतर पहुंचे HC जितेंद्र तोमर ने खिड़की की ग्रिल उखाड़कर पैरालिसिस से पीड़ित बुजुर्ग चमन लाल की जान बचाई. दिल्ली पुलिस के जवान ने इससे इंसानियत की मिसाल पेश की. जवान की यह कदम अपराध ही नहीं बल्कि लोगों की जिंदगी बचाने के लिए तत्परता दिखाती है.

घर में बेसुध पड़े थे बुजुर्ग, सोफे के नीचे फंसा था सिर... 90 सेकंड में पहुंची दिल्ली पुलिस, जवान ने ऐसे बचाई जान
Image Credit: घर में बेसुध पड़े थे बुजुर्ग, सोफे के नीचे फंसा था सिर... 90 सेकंड में पहुंची दिल्ली पुलिस, जवान ने ऐसे बचाई जान

दिल्ली पुलिस सिर्फ अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई ही नहीं करती, बल्कि जरूरत के समय लोगों की जिंदगी बचाने के लिए भी तत्पर रहती है. राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिला गीता कॉलोनी इलाके में पुलिस के एक जवान ने अपनी सूझबूझ और साहस से एक बुजुर्ग की जान बचाई. PCR कॉल मिलते ही बीट ऑफिसर महज 90 सेकंड में मौके पर पहुंच गए और घर में फंसे बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला.

गीता कॉलोनी में अकेले रह रहे बुजुर्ग के घर से आ रही थी आवाज, PCR को दी सूचना 
घटना दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके की है, जहां अकेले रह रहे बुजुर्ग चमन लाल के घर का दरवाजा अंदर से बंद था. घर के भीतर से मदद के लिए आवाजें आ रही थीं. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना PCR को दी, जिसके बाद दिल्ली पुलिस तुरंत हरकत में आई.

90 सेकंड में मौके पर पहुंची पुलिस, पैरालिसिस से पीड़ित बुजुर्ग को बचाया
PCR कॉल मिलते ही बीट ऑफिसर HC जितेंद्र तोमर महज 90 सेकंड में मौके पर पहुंच गए. जब उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो पैरालिसिस से पीड़ित बुजुर्ग चमन लाल, पुत्र केवल दास, फर्श पर बेसुध हालत में पड़े थे. उनका सिर सोफे के नीचे फंसा हुआ था और वह दर्द से कराह रहे थे.

खिड़की की ग्रील उखाड़कर घर में घुसी पुलिस, सुरक्षित निकाला बाहर 
हालात की गंभीरता को देखते हुए HC जितेंद्र तोमर ने बिना समय गंवाए साहसिक कदम उठाया. उन्होंने खिड़की की लोहे की ग्रिल उखाड़कर घर के अंदर प्रवेश किया और बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला. साथ ही उनके परिजनों को भी तुरंत सूचना दी गई.

जवान ने पेश की इंसानियत की मिसाल
पुलिस की मुस्तैदी, सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता ने एक बुजुर्ग की जिंदगी को संकट से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई. महज 90 सेकंड में मौके पर पहुंचकर मदद करना, यही पुलिस की तत्परता और खाकी के मानवीय चेहरे की मिसाल है.

दिल्ली पुलिस का यह सराहनीय कदम बताता है कि वर्दी सिर्फ कानून का प्रतीक नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के लिए उम्मीद और सुरक्षा का भरोसा भी है.

(दिल्ली से राकेश चावला की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और हाइपर लोकल की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग, यूटिलिटी से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. रेनू पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. DU से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से अपने करियर की शुरुआत की. लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा है.रेनू अकर्णिया से आप renu.akarniya@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं. 
Read More