दिल्ली-NCR में टेम्प्रेचर का 'टॉर्चर'! 9 डिग्री तक पहुंचा पारा, कई इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट, जानें AQI का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली-NCR में सुबह के समय कोहरा छाया रहने वाला है. इसका असर विजिबिलिटी पर भी पड़ेगा, ऐसे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतें.
दिल्ली-NCR में कड़ाके की सर्दी की शुरुआत हो चुकी है, कनकनी बढ़ गई है. मौसम विभाग ने आज, शनिवार (28 नवंबर, 2026) के लिए कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली में सुबह के समय हल्की ठंडी हवाओं के साथ तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है. बीते दिन (शुक्रवार, 27 नवंबर) रात के तापमान में सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री और आयानगर में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ऐसे में आइए जानते हैं कि आज दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है-
कैसा रहेगा दिल्ली-NCR का मौसम?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में सर्दी और कोहरे का असर और तेज होगा. आज दिल्ली और पूरे NCR में सुबह के समय धुंध और हल्का कोहरा छाया रहेगा. दिन चढ़ने के साथ आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. 29 और 30 नवंबर के दौरान मौसम का मिजाज लगभग एक जैसा रहेगा.
सुबह में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है. दिन के समय आसमान साफ रहेगा. वहीं, दिसंबर के शुरुआती दिन (1 दिसंबर, 2026) ही मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे के साथ-साथ दिन में बादल छाए रहने की संभावना है.
दिल्ली में AQI का हाल
मौसम में बदलाव के साथ ही दिल्ली-NCR की हवा एक बार फिर 'खराब' से 'बेहद खराब' श्रेणी में पहुंच गई है. कोहरे और प्रदूषण के कारण राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 243 दर्ज हुआ है. कई प्रमुख इलाकों में स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है. CRRI मथुरा रोड पर AQI 330, IGI एयरपोर्ट पर 317, DTU में 304 और चांदनी चौक में 303 रिकॉर्ड किया गया. इसके साथ ही आरके पुरम में 247, पूसा में 184, इंडिया गेट के आसपास 161 और लोधी रोड पर 146 AQI दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ें: बिहार में ठंड ने पकड़ी रफ्तार, 10.6 डिग्री तक पहुंचा पारा; जानें आज कैसा रहेगा आपके जिले का मौसम