)
मुजफ्फरपुर में 27 वर्षीय विवाहिता जेबा खातून की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है, लेकिन विवाहिता जेबा की मौत से कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. क्योंकि मौत से पहले जेबा खातून ने रोते हुए एक वीडियो बनाया और उस वीडियो में कहा कि उसे शौहर, सास और ससुर फांसी लगाकर मारना चाहते हैं, अगर मर गई तो शौहर, सास और ससुर जिम्मेदार होंगे. इस वीडियो को व्हाट्सएप के माध्यम से उसने अपने मायके वालों को भेजा था, इसके बाद उसकी मौत हो गई.
जेबा के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य इकट्ठा करवाया गया है. साथ ही, वायरल वीडियो की जांच का जिम्मा फोरेंसिक टीम को दिया गया है. वायरल वीडियो में जेबा खातून यह कहते हुए सुनाई दे रही हैं कि उसके ससुराल के गांव-समाज और पंच ने उनका साथ नहीं दिया और सब ससुराल वालों की तरफ से बोल रहे हैं. वह वीडियो में कह रही हैं कि अगर उन्हें कुछ हो जाता है तो इसके जिम्मेदार उनके शौहर, सास और ससुर होंगे.
वीडियो में यहां तक कहते हुए सुना जा सकता है कि सभी मिलकर उन्हें फांसी लगाने की बात कह रहे हैं और यह कह रहे थे कि उन्हें मारकर कह दिया जाएगा कि उन्होंने खुद से फांसी लगाई है. मृतका जेबा ने यह भी कहा कि अगर उन्हें कुछ होता है, तो सबसे पहले उनका फोन चेक किया जाए, जिसमें उन लोगों के खिलाफ बहुत से सबूत मिलेंगे कि वे लोग उनके साथ कैसा सलूक करते थे. जेबा ने कहा कि वह मरना नहीं चाहती, लेकिन मजबूरी में उन्हें यह कदम उठाना पड़ रहा है.
मृतका के पिता मोहम्मद सगीन अंसारी ने भी ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पिता के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10 बजे बेटी के साथ झगड़ा होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद उन्होंने शुक्रवार को दामाद के घर पहुंचकर बेटी से मिलने की बात कही, लेकिन ससुराल का मुख्य दरवाजा बंद था. उन्हें बताया गया कि थोड़ी देर बाद बेटी से मुलाकात करा दी जाएगी और बाद में फोन कर दिया जाएगा. पिता का कहना है कि शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद परिवार के लोगों के साथ दोबारा आने और बेटी को समझा-बुझाकर मायके ले जाने की योजना थी, लेकिन जब वे दोबारा पहुंचे तो बेटी की मौत हो चुकी थी.
मृतका के पिता ने बताया कि शादी को करीब 4 साल हुए थे और दंपती के कोई संतान नहीं थी. उनका आरोप है कि मेडिकल जांच में पति की तरफ से संतान नहीं होने की समस्या सामने आई थी. इलाज और आर्थिक जिम्मेदारियों को लेकर पति-पत्नी के बीच अकसर विवाद होता था. मायके पक्ष का कहना है कि बेटी की जरूरतों का खर्च भी वे ही उठाते थे. पिता ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है.
घटना की सूचना मिलने पर कांटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद पति, सास, ससुर और देवर के साथ ससुराल पक्ष के सभी सदस्य फरार बताए जा रहे हैं. अब इस पूरे मामले में पुलिस के सामने कई अहम सवाल हैं कि जेबा की मौत किन परिस्थितियों में हुई.
वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों को लेकर एसडीपीओ वेस्ट सुचित्रा कुमारी ने कहा कि वीडियो में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है, मोबाइल फोन में कौन से साक्ष्य मौजूद हैं और क्या महिला की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है. फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच, मोबाइल फोन की जांच और पुलिस की छानबीन के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.
रिपोर्ट: मणितोष कुमार