)
Delhi News: दिल्ली के कालकाजी से एक मामला सामने आया है, जहां प्रॉपर्टी विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक प्रॉपर्टी डीलर की मौत हो गई. वहीं उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल व्यक्ति का इलाज अस्पताल में चल रहा है. मृतक की पहचान मनजीत सिंह के रूप में हुई है. परिवार वालों का आरोप है कि मनजीत की कुछ लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
ये घटना दिल्ली के कालकाजी इलाके में हुई. ऐसा बताया जा रहा है कि प्रॉपर्टी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था. देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया. मारपीट में मनजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई. उनके भाई पर भी कुछ लोगों ने हमला किया, जिसमें वो घायल हो गए.
बहन ने क्या कहा?
मृतक की बहन के अनुसार, घटना के दौरान परिवार के पास फोन आया था. फोन पर बताया गया कि मिंटू मामा के साथ कुछ लोगों का झगड़ा हो गया है और कई लोग उन्हें मार रहे हैं. महिला ने बताया कि फोन मिलने के बाद परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. वहां जाने के बाद देखा कि उनके बड़े भाई मनजीत सड़क पर पड़े थे. उनकी मौत हो चुकी थी.
छोटे भाई के साथ भी की मारपीट
परिवार वालों ने बताया कि मौके पर उनके छोटे भाई के साथ भी कुछ लड़के और महिलाएं मारपीट कर रहे थे. इस हमले में वो गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. मृतक की बहन ने दावा किया कि अगर परिवार के लोग समय पर मौके पर नहीं पहुंचते तो आरोपी उनके छोटे भाई को भी नुकसान पहुंचा सकते थे. हालांकि, विवाद का असली कारण पुलिस पता लगा रही है.
घटना वाली जगह का निरीक्षण किया?
घटना की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे. फोरेंसिक टीम ने भी घटना वाली जगह का निरीक्षण किया. साथ ही जरूरी सबूत जुटाए. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े लोगों की पहचान की जा सके.
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, परिवार ने पुलिस से सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और मनजीत सिंह को न्याय दिलाने की मांग की है.
(दिल्ली से हरि किशोर साह की रिपोर्ट)