App

JNU में छात्रा से कथित छेड़खानी: ABVP का प्रदर्शन, सुरक्षा अधिकारी के इस्तीफे की मांग

Delhi JNU Protest: दिल्ली के JNU में एक बार फिर छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. छात्रा ढाबे से अपने हॉस्टल की तरफ जा रही थी., तभी रास्ते में कार सवाल लोगों ने उसके साथ कथित तौर पर छेड़खानी शुरू कर दी.

JNU में छात्रा से कथित छेड़खानी: ABVP का प्रदर्शन, सुरक्षा अधिकारी के इस्तीफे की मांग
Image Credit: JNU_Protest

Delhi News: दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से एक बार फिर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए हैं. कैंपस में एक छात्रा के साथ कथित छेड़खानी की घटना के बाद से  ही छात्रों में नाराजगी देखने को मिली है. रात के समय छात्रा ढाबा से अपने हॉस्टल की तरफ जा रही थी. इस दौरान रास्ते में कुछ कार सवाल लोगों ने उसके साथ कथित तौर पर छेड़खानी की. इस घटना की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है.    

ABVP ने किया प्रदर्शन? 
जैसे ही ये घटना ABVP JNU इकाई को पता चली, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. ABVP कार्यकर्ताओं ने JNU के मेन गेट पर प्रदर्शन करते हुए कैंपस में छात्राओं की सुरक्षा और बाहरी लोगों की आवाजाही पर सवाल उठाए. वहीं प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मेन गेट को बंद कर दिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी.

क्या कहा प्रदर्शन करने वाले छात्रों ने? 
प्रदर्शन करने वाले छात्रों का कहना है कि JNU परिसर में जगह-जगह सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहती है. इसके बावजूद अगर छात्राओं के साथ इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी और प्रभावशीलता पर सवाल उठना जरूरी है. छात्रों ने कैंपस की सड़कों, पैदल रास्तों, हॉस्टल के आसपास और अन्य संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की.

मुख्य सुरक्षा अधिकारी के इस्तीफे की मांग
ABVP ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिम्मेदार मुख्य सुरक्षा अधिकारी के इस्तीफे की मांग की है. संगठन का साफ कहना है कि अगर छात्र अपने ही विश्वविद्यालय परिसर में खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए.

क्या है इनकी मांगे?   
प्रदर्शन के दौरान ABVP से जुड़े लोगों ने बाहरी लोगों की एंट्री की सख्त जांच करने की मांग भी उठाई गई. इसके अलावा जितने भी संवेदनशील जगह हैं वहां पर नियमित सुरक्षा गश्त बढ़ाने, स्ट्रीट लाइट लगाने और छात्रों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने की मांग की गई.

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना जरूरी: ABVP
ABVP का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा केवल आश्वासन देने से सुनिश्चित नहीं होगी. इसके लिए कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना जरूरी है. संगठन ने प्रशासन से ऐसी व्यवस्था बनाने की मांग की है, जिससे छात्र-छात्राएं बिना डर के परिसर में आ-जा सकें. फिलहाल इस मामले में जांच जारी है. अब छात्रों की नजर JNU प्रशासन की तरफ से उठाए जाने वाले अगले कदमों पर है.

(दिल्ली से शरद भारद्वाज की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More