SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पहले थाने में 5 पुलिसकर्मियों को चाकू मारा, फिर चितली कबर में 4 को किया घायल... जानें जामा मस्जिद में कब, क्या और कैसे हुआ?

दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में मां-बहन की शिकायत पर काउंसलिंग के लिए बुलाए गए नबील ने पांच पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला किया, फिर चितली कबर में चार पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया. इसके बाद पुलिस फायरिंग में उसके पैरों में गोलियां लगीं.

Written By Renu Akarniya
Published: Nov 23, 2026, 22:46 IST | Updated: Nov 23, 2026, 22:58 IST
Image Credit: पहले थाने में 5 पुलिसकर्मियों को चाकू मारा, फिर चितली कबर में 4 को किया घायल... जानें जामा मस्जिद में कब, क्या और कैसे हुआ?
Join

पुरानी दिल्ली का जामा मस्जिद इलाका हमेशा अपनी भीड़भाड़ और चहल-पहल के लिए जाना जाता है. इसकी तंग गलियां और बिजी मार्केट दिनभर लोगों से भरे रहते हैं. इस भीड़भाड़ वाले इलाके में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जामा मस्जिद थाने के अंदर एक युवक ने अचानक पुलिसवालों पर चाकू से हमला कर दिया. आरोपी ने थाने के अंदर पांच पुलिसवालों को घायल करने के बाद भागने फरार हो गया. इसके बाद क्या हुआ सिलसिले वार जानें कि आखिर क्या है पूरा मामला. आखिर शख्स ने क्यों पुलिसवालों पर चाकू से हमला किया?

काउंसलिंग के लिए आरोपी को जामा मस्जिद थाने बुलाया गया
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे जामा मस्जिद थाने में काला महल निवासी करीब 30 वर्षीय नबील को उसकी मां और बहन की शिकायत पर काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि नबील उन्हें परेशान कर रहा है. पुलिसकर्मियों से बातचीत के दौरान आरोपी ने अचानक चाकू निकाल लिया और थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया. इस हमले में पांच पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं.

पहले इन पांच पुलिसकर्मी पर चाकू से वार किया
घायल पुलिसकर्मियों में SI अजय, SI अरविंद, HC हरेंद्र, ASI श्री कृष्ण और HC बलजीत शामिल हैं. सभी को पहले संजीवन अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सर गंगा राम अस्पताल रेफर कर दिया गया.

थाने से भागकर एक स्कूटर छीना
पुलिस पर हमला करने के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया. भागने के लिए उसने कथित तौर पर एक आम नागरिक से स्कूटर छीन लिया. घटना की जानकारी मिलते ही सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की AATS, स्पेशल स्टाफ और ऑपरेशन्स यूनिट की टीमें आरोपी की तलाश में जुट गईं. पुलिस टीम ने आरोपी को चांदनी महल थाना क्षेत्र के चितली कब्र इलाके में ट्रैक कर लिया.

पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर फिर चाकू से हमला, इस बार चार पुलिसकर्मी घायल 
शाम करीब 4:30 बजे जब पुलिस टीम ने चितली कबर इलाके में आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो उसने एक बार फिर पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में स्पेशल स्टाफ के चार पुलिसकर्मी कांस्टेबल अंकित, कांस्टेबल जयंत, कांस्टेबल लोकेश और कांस्टेबल परमिंदर घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए LNJP अस्पताल ले जाया गया.

आठ राउंड फायरिंग, आरोपी के पैरों में लगी 6 गोलियां
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के लगातार हमले और उससे पैदा हुए गंभीर खतरे को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने उसे काबू करने के लिए फायरिंग की. इस दौरान कुल आठ राउंड गोलियां चलाई गईं. पुलिस का कहना है कि सभी गोलियां कमर के नीचे के हिस्से को निशाना बनाकर चलाई गईं, जिनमें से छह गोलियां आरोपी के पैरों में लगीं. गोली लगने के बाद आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.

पहले भी दर्ज है आपराधिक मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपी नबील का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. साल 2022 में उसके खिलाफ दरियागंज थाने में IPC की धारा 324 के तहत मामला दर्ज किया गया था. फिलहाल, जामा मस्जिद और चांदनी महल थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए जा रहे हैं. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें:  दिल्ली की जामा मस्जिद थाने में खूनी हमला! 9 पुलिसकर्मियों को मारे चाकू, आरोपी गिरफ्तार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और हाइपर लोकल की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग, यूटिलिटी से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. रेनू पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. DU से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से अपने करियर की शुरुआत की. लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा है.रेनू अकर्णिया से आप renu.akarniya@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES