App

Delhi Hit and Run Case: बुराड़ी में इवनिंग वॉक पर निकले 44 साल के शख्स को बोलेरो ने मारी टक्कर, मौके पर मौत

दिल्ली के बुराड़ी में तेज रफ्तार बोलेरो टेंपो ने इवनिंग वॉक पर निकले 44 वर्षीय दीपक को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई. जबकि वारदाक को अंजाम देकरभाग रहे चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

Delhi Hit and Run Case: बुराड़ी में इवनिंग वॉक पर निकले 44 साल के शख्स को बोलेरो ने मारी टक्कर, मौके पर मौत
Image Credit: Delhi Hit and Run Case: बुराड़ी में इवनिंग वॉक पर निकले 44 साल के शख्स को बोलेरो ने मारी टक्कर

Delhi News: उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी में यमुना पुस्ते पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. इवनिंग वॉक पर निकले 44 साल के दीपक को तेज रफ्तार बोलेरो टेंपो ने टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया. पीछा करने वालों को भी वाहन ने टक्कर मारी. आखिरकार कुछ लोगों ने पीछा कर आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया. हादसे में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई.

गुरुवार शाम की सैर एक परिवार के लिए जिंदगी भर का गम बन गई. 44 वर्षीय दीपक रोज की तरह शाम के वक्त इवनिंग वॉक के लिए घर से निकले थे. दीपक बुराड़ी के प्रधान एन्क्लेव के रहने वाले थे. बताया जा रहा है कि जैसे ही वह प्रधान एन्क्लेव को पार कर यमुना पुस्ते के बांध पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार बोलेरो टेंपो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद चालक ने रुककर मदद करने के बजाय वाहन को तेज रफ्तार में दौड़ा दिया और मौके से फरार होने लगा.

हादसा देखकर कुछ युवकों ने बोलेरो टेंपो का पीछा शुरू कर दिया. आरोप है कि खुद को बचाने के लिए चालक ने पीछा कर रहे युवकों को भी वाहन से साइड मार दी, जिससे वे घायल हो गए. इसके बाद कुछ और लोगों ने वाहन का पीछा किया और आखिरकार चालक को पकड़ लिया. आरोपी चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि घायल युवकों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया.

वहीं, इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही दीपक के परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. लोगों का कहना है कि रात होते ही यमुना पुस्ते की इस सड़क पर सन्नाटा पसर जाता है. अंधेरा होने के बाद तेज रफ्तार वाहन यहां फर्राटा भरते हैं. आरोप है कि इसी दौरान सड़क के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी देखने को मिलता है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर न तो पर्याप्त पुलिस बैरिकेडिंग है और न ही स्पीड कैमरों की व्यवस्था. ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम नहीं लग पा रही है और राहगीरों की जान लगातार खतरे में बनी हुई है.

फिलहाल बुराड़ी थाना पुलिस ने मृतक दीपक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. अब जांच के बाद ही साफ होगा कि हादसे के वक्त बोलेरो की रफ्तार कितनी थी और चालक के खिलाफ किन धाराओं में कार्रवाई की जाएगी.

(दिल्ली से नसीम अहमद की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More