SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बच्चे की कस्टडी पर माता-पिता न लड़ें 'ईगो' की जंग, दिल्ली हाईकोर्ट ने क्यों कही ये बात?

बच्चे की कस्टडी और मुलाकात के अधिकार पर दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि माता-पिता का विवाद ईगो की लड़ाई नहीं बनना चाहिए. कोर्ट ने अवमानना कार्रवाई से इनकार करते हुए बच्चे के हित को सर्वोपरि बताया.

Written By Sandhya Yadav
Published: Nov 23, 2026, 14:09 IST | Updated: Nov 23, 2026, 14:13 IST
Image Credit: बच्चे के भविष्य पर दिल्ली हाईकोर्ट की बड़ी और सख्त टिप्पणी.
Join

दिल्ली हाईकोर्ट ने बच्चे की कस्टडी और उससे मिलने के अधिकारों से जुड़े विवाद में अहम टिप्पणी की है. कोर्ट ने कहा कि माता-पिता के बीच बच्चे की कस्टडी और मुलाकात के अधिकारों को लेकर होने वाला विवाद 'बुद्धि और ईगो की लड़ाई' नहीं बनना चाहिए. ऐसे मामलों में बच्चे का कल्याण और उसके हित ही सबसे ज्यादा अहम हैं. माता-पिता को अपने आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर बच्चे की जरूरतों को प्रायोरिटी देनी चाहिए.

लाइव लॉ की रिपोर्ट के अनुसार, जस्टिस नीना बंसल कृष्णा की बेंच ने पिता की ओर से दायर अवमानना याचिका का निपटारा करते हुए यह टिप्पणी की. पिता ने आरोप लगाया था कि उनसे अलग रह रही पत्नी फैमिली कोर्ट के आदेश का जानबूझकर पालन नहीं कर रही है. इस आदेश के तहत उन्हें अपने नाबालिग बेटे से मिलने का अधिकार दिया गया था.

गार्जियनशिप कार्यवाही से शुरू हुआ विवाद
मामले की शुरुआत पिता की ओर से नाबालिग बेटे की कस्टडी पाने के लिए फैमिली कोर्ट में गार्जियनशिप की कार्यवाही शुरू करने से हुई थी. इस दौरान जनवरी 2024 में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया. समझौते के तहत पिता को अपने बेटे से मिलने की परमिशन दी गई थी. इसके बाद मुलाकात के लिए व्यवस्था तय की गई.

यह भी पढे़ं- राजस्थान क्रिकेट को कब मिलेगा नया अध्यक्ष? चुनाव परिणाम पर हाईकोर्ट में अब इस दिन होगी सुनवाई

कुछ समय बाद पिता ने आरोप लगाया कि बच्चे की मां फैमिली कोर्ट के निर्देशों के बावजूद मुलाकात में बार-बार दिक्कतें कर रही है. इसी शिकायत को लेकर उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट में अवमानना याचिका दायर की.

वॉट्सऐप बातचीत के आधार पर लगाए आरोप
पिता ने अपने आरोपों के समर्थन में वॉट्सऐप पर हुई बातचीत का हवाला दिया. उनका कहना था कि जब भी उन्होंने बेटे से मिलने की गुजारिश की, तो मां ने या तो कोई जवाब नहीं दिया या फिर बिना जानकारी दिए बच्चे के बीमार होने की बात कह दी. पिता ने इसे मुलाकात के तय अधिकार में बाधा बताया.

पिता की दलील थी कि मां अपनी मर्जी से कोर्ट की ओर से तय मुलाकात की व्यवस्था में बदलाव नहीं कर सकती. अगर उसे लगता था कि यह व्यवस्था बच्चे के हित में नहीं है, तो उसे संबंधित अदालत में जाकर आदेश में बदलाव की मांग करनी चाहिए थी. पिता के अनुसार, कोर्ट के आदेश का पालन करना मां की जिम्मेदारी थी.

मां की अपील भी हाईकोर्ट में लंबित
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने ध्यान दिया कि पिता मुलाकात के आदेश को लागू कराने के लिए पहले ही फैमिली कोर्ट में कार्यवाही शुरू कर चुके थे. कोर्ट को यह जानकारी भी दी गई कि मां ने हाईकोर्ट में अपील दायर कर मुलाकात के आदेश को चुनौती दी है. यह अपील अभी लंबित है.

अवमानना की कार्रवाई से कोर्ट का इनकार
सारी सिचुएशन पर विचार करने के बाद हाईकोर्ट ने कहा कि इस स्तर पर यह मान लेना उचित नहीं होगा कि मां ने जानबूझकर मुलाकात के आदेश की अवहेलना की है. इसलिए उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू करने का आधार नहीं बनता. कोर्ट ने मां के खिलाफ अवमानना कार्यवाही शुरू करने से इनकार कर दिया.

हाईकोर्ट ने पिता की शिकायत को अनदेखा नहीं किया. कोर्ट ने फैमिली कोर्ट को निर्देश दिया कि वह पिता की ओर से दायर याचिका पर विचार करे और मामले में उचित आदेश पारित करे. इस टिप्पणी के साथ हाईकोर्ट ने साफ किया कि कस्टडी और मुलाकात से जुड़े विवादों में माता-पिता का ईगो नहीं, बल्कि बच्चे का हित सबसे ऊपर रहना चाहिए.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संध्या यादव एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News की रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हाइपरलोकल खबरों, राजनीति, अपराध और जनहित से जुड़े मुद्दों की कवरेज उनकी खासियत है.उन्होंने लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. इसके बाद मीडिया जगत में अपने करियर की शुरुआत की. Zee News से पहले वे Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ काम कर चुकी हैं. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने न्यूज प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं.Mail : sandhya.yadav@zeemedia.comX Handle : https://x.com/JournosandhyaFacebook : https://www.facebook.com/sandhya.yadav.7906
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES