Delhi के GTB एन्क्लेव में मकान के मरम्मत के दौरान गिरी छत, मलबे में दबे चार मजदूर; एक की मौत
GTB एन्क्लेव इलाके में एक पुराने मकान की छत डालने का काम चल रहा था, तभी छत के गार्डर और पटिए अचानक भरभराकर गिर गए. वहां मौजूद चार मजदूर मलबे में दब गए, जिसमें से एक की मौत हो गई.
Delhi News: दिल्ली शाहदरा जिला के थाना GTB एन्क्लेव इलाके में एक पुराने मकान की छत के गार्डर और पटिए अचानक भरभराकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया. हादसे के दौरान मकान के अंदर काम कर रहे चार मजदूर मलबे में दब गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
छत डालने के दौरान तभी अचनाक गिरे मकान के गार्डर
जानकारी के मुताबिक, मकान काफी पुराना बताया जा रहा है और वहां छत डालने का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक मकान के गार्डर और पटिए नीचे आ गिरे. हादसे में वहां मौजूद चार मजदूर मलबे की चपेट में आ गए.
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. जहां अस्पताल में इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि अन्य का इलाज जारी बताया जा रहा है.
घटनास्थल की जांच शुरू
वहीं मकान के मालिक का नाम महेंद्र बताया जा रहा है. हादसे की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी पहुंची और मौके से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है.
मकान काफी पुराना बताया जा रहा
प्रारंभिक जानकारी में मकान के काफी पुराना होने की बात सामने आई है, हालांकि मकान की वास्तविक संरचनात्मक स्थिति और हादसे की सही वजह क्या थी, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. एक मजदूर की मौत के बाद इलाके में शोक का माहौल है.
(दिल्ली से राकेश चावला की रिपोर्ट)