)
दिवाली के दिन दिल्ली में आतिशबाजी और आग लगने की घटनाओं ने दमकल विभाग की मुश्किलें बढ़ा दीं. 8 नवंबर को दिल्ली फायर सर्विस को कुल 257 कॉल मिलीं. इनमें 214 कॉल आग लगने की घटनाओं से संबंधित थीं, जबकि 24 कॉल पटाखों से जुड़ी हुई थीं. इन घटनाओं में एक मीडियम और दो मेजर कैटेगरी की कॉल भी शामिल थीं. आग की घटनाओं के दौरान एक व्यक्ति की मौत दर्ज की गई, हालांकि उसकी मौत आग लगने से नहीं हुई थी. मौके से एक डीकंपोज्ड बॉडी बरामद हुई थी.
दिवाली के दिन आग लगने से दिल्ली में 11 लोग घायल
इसके अलावा छह लोग घायल हुए, जबकि आग बुझाने के दौरान दिल्ली फायर सर्विस के करीब पांच कर्मचारी भी मामूली रूप से घायल हो गए. राहत की बात रही कि किसी भी दमकलकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई.
रात में ज्यादा आईं आग लगने की कॉल
दिवाली के दौरान दिल्ली दमकल विभाग को सबसे ज्यादा कॉल शाम और रात के समय मिलीं. विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, रात 6 बजे से 12 बजे के बीच 178 कॉल आईं, जबकि रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक 103 कॉल दर्ज की गईं.
नजफगढ़ की कपड़ा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 25 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
दिवाली के दिन दिल्ली के द्वारका जिले के नजफगढ़ स्थित नंगली सकरावती इलाके में एक कपड़ा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई थी. आग की लपटें तेजी से फैलने के साथ ही आसमान में धुएं का गुबार दिखाई देने लगा था. घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की गाड़ियां मौके पर पहुंचनी शुरू हो गई थीं. शुरुआत में आधा दर्जन दमकल गाड़ियों को भेजा गया था, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए इनकी संख्या बढ़ाकर 25 कर दी गई थी.
फैक्ट्री में लगी आग में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं मिली थी. फायर कंट्रोल रूम ने शुरुआत में आग को मीडियम कैटेगरी का घोषित किया था. इसके बाद डिविजनल फायर ऑफिसर संदीप दुग्गल को 100 से ज्यादा दमकलकर्मियों की टीम के साथ मौके पर भेजा गया था. आग बुझाने के अभियान में डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर डीबी मुखर्जी भी शामिल हुए थे.