रामलीला मैदान में सज गया मंच, 1 नवंबर को जुटेंगे इंडिया गठबंधन के बड़े नेता, 3500 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा
दिल्ली में रविवार 1 नवंबर को कांग्रेस की चलो दिल्ली रैली होने वाली है. रैली को लेकर तैयारियां जोरों पर है. रविवार को रामलीला मैदान में काफी लोगों के पहुंचने की संभावना है. इसे लेकर दिल्ली पुलिस भी तैयार है. 3,500 पुलिसकर्मियों को तैनाती की जाएगी.
दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार 1 नवंबर को कांग्रेस की चलो दिल्ली रैली होने वाली है. इसे लेकर तैयारियां तेज हो गई है. मैदान में मंच तैयार कर दिया गया है. इसके साथ ही लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई जा चुकी हैं. पूरे रामलीला मैदान को तिरंगे के रंग में सजाया गया है. वहीं मैदान के बाहर सड़कों पर कांग्रेस के नेताओं के पोस्टर लगाए गए हैं. पोस्टरों में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत पार्टी के कई बड़े नेता हैं. रविवार की रैली को लेकर मैदान में काम अभी भी चल रहा है. मजदूर स्पीकर लगाने से लेकर दूसरी व्यवस्थाओं में लगे हुए हैं.
दिल्ली पुलिस के कितने पुलिसकर्मी तैनात?
रामलीला मैदान में होने वाली इस रैला में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है. ऐसे में दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा की तैयारी कर ली है. जानकारी के अनुसार, लगभग 3,000 से 3,500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है. दूसरी तरफ CCTV कैमरों से पूरे कार्यक्रम पर नजर रखी जाएगी. इतना ही नहीं सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है. आयोजन वाली जगह को 14 हिस्सों में बांटा गया है. हर हिस्से की जिम्मेदारी ACP कौ सौंपी गई है. इसके साथ ही सीएपीएफ की कंपनियां भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगी.
शाम 5 बजे तक खत्म करना होगा कार्यक्रम
रैली के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक का समय तय किया गया है. आयोजकों को शाम 5 बजे तक मैदान खाली करना होगा. मैदान के बाहर किसी भी तरह के प्रदर्शन की परमिशन नहीं दी गई है. वहीं, रैली के चलते दिल्ली के कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं. ऐसे में लोगों को घर से निकलने से पहले यातायात संबंधी जानकारी लेने की सलाह दी गई है.
व्यापारियों और CTI ने क्या कहा?
वहीं व्यापारियों और चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) की तरफ से राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नेताओं से रैली को दिवाली के बाद आयोजित करने की रिक्वेस्ट की गई. व्यापारियों ने कहा है कि त्योहार के समय रैली होने से बाजार और कारोबार प्रभावित हो सकते हैं. अभी तक इस अपील का राहुल गांधी ने कोई रिप्लाई नहीं दिया है. रामलीला मैदान में जारी तैयारियों को देखते हुए फिलहाल कार्यक्रम तय समय पर होने की संभावना है.
(दिल्ली से तान्या चुघ की रिपोर्ट)