SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

छठ पूजा में सिर्फ 48 घंटे बाकी, मगर दिल्ली के घाटों पर टेंट के टेंडर अब तक अधूरे; AAP ने सरकार को घेरा

AAP विधायक संजीव झा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के नौ जिलों में छठ घाटों पर टेंट लगाने के टेंडर अब तक पूरे नहीं हुए हैं. उन्होंने कहा कि 12 नवंबर को टेंडर खुलने से तैयारियों में देरी हो सकती है.

Written By Renu Akarniya
Published: Nov 11, 2026, 07:27 PM IST | Updated: Nov 11, 2026, 07:42 PM IST
Image Credit: AAP (X)
Join

दिल्ली में 13 नवंबर से शुरू होने वाले छठ महापर्व को लेकर तैयारियों में देरी पर आम आदमी पार्टी ने सरकार और प्रशासन को घेरा है. AAP के नेता एवं बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने आरोप लगाया है कि महापर्व शुरू होने में महज 48 घंटे शेष हैं, लेकिन दिल्ली के नौ जिलों में छठ घाटों पर टेंट लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब टेंडर 12 नवंबर को खुलेंगे तो महज एक दिन में बड़े-बड़े छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं कैसे की जा सकेंगी?

संजीव झा ने कहा कि छठ महापर्व दिल्ली में रहने वाले लाखों पूर्वांचलवासियों की आस्था और भावनाओं से जुड़ा हुआ है. हर साल यमुना सहित विभिन्न घाटों पर पूजा की तैयारियां लगभग एक सप्ताह पहले ही शुरू कर दी जाती थीं, ताकि व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो. मगर इस बार महापर्व से ठीक पहले तक टेंट लगाने के टेंडर लंबित हैं. उन्होंने इसे दिल्ली सरकार और प्रशासन की गंभीर लापरवाही करार दिया.

आप नेता ने बताया कि 11 नवंबर हो चुका है और उत्तरी दिल्ली जिले में भी छठ घाटों पर टेंट लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है. जिलाधिकारी की ओर से उन्हें बताया गया है कि टेंडर 12 नवंबर को खोले जाएंगे, जबकि डिविजनल कमिश्नर ने इससे पहले टेंडर कराने की बात कही थी. संजीव झा ने कहा कि इस संबंध में अब उनकी न तो जिलाधिकारी से बातचीत हो पा रही है और न ही डिविजनल कमिश्नर से संपर्क हो रहा है.

उन्होंने सवाल उठाया कि अगर 12 नवंबर को टेंडर खुलता है तो टेंट लगाने वाले ठेकेदार 13 नवंबर को ही काम शुरू कर पाएंगे. ऐसे में इतने कम समय में बड़े-बड़े छठ घाटों पर टेंट, बैठने की व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजाम कैसे पूरे होंगे? उन्होंने कहा कि छठ पूजा की तैयारियों के लिए पर्याप्त समय मिलना जरूरी है. दुर्गा पूजा समाप्त होने के बाद ही टेंट लगाने के टेंडर जारी कर दिए जाने चाहिए थे, ताकि ठेकेदार समय रहते अपनी तैयारियां पूरी कर सकें.

संजीव झा ने टेंडर प्रक्रिया में देरी का कारण बताते हुए कहा कि टेंडर हासिल करने वाले ठेकेदारों को भी आगे छोटे-छोटे टेंट संचालकों से संपर्क करना पड़ता है. इसके बाद अलग-अलग घाटों पर टेंट लगाने और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाती हैं. यह पूरी प्रक्रिया समय लेती है. ऐसे में अंतिम समय पर टेंडर जारी करना श्रद्धालुओं के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है.

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार छठ महापर्व के आयोजन को लेकर उदासीन रवैया अपना रही है. उन्होंने कहा कि प्रशासन की इस कथित लापरवाही से पूर्वांचल समाज के लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं. भाजपा सरकार को इस तरह का गैर जिम्मेदाराना रवैया छोड़कर छठ पूजा की तैयारियों को प्राथमिकता देनी चाहिए. आप विधायक ने कहा कि राजनीतिक लड़ाई अपनी जगह है, लेकिन छठ जैसे महापर्व के आयोजन के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए.

उन्होंने भाजपा सरकार से अपील की कि पूर्वांचल के लोगों के प्रति राजनीतिक नाराजगी का असर उनके धार्मिक आयोजनों पर नहीं पड़ना चाहिए. उन्होंने जिलाधिकारी और डिविजनल कमिश्नर के रवैये पर भी सवाल उठाते हुए दिल्ली सरकार से मामले का तत्काल संज्ञान लेने और जिम्मेदार अधिकारियों को जरूरी निर्देश देने की मांग की.

संजीव झा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इस मुद्दे को उठाया. उन्होंने लिखा कि 13 नवंबर से छठ पूजा शुरू होनी है, लेकिन दिल्ली के नौ जिलों में अब तक घाटों पर टेंट लगाने के टेंडर पूरे नहीं हुए हैं. अधिकारियों के अनुसार, टेंडर 12 नवंबर को खुलेंगे. उन्होंने सवाल किया कि क्या एक दिन में इतने बड़े-बड़े घाटों की व्यवस्था संभव है? उन्होंने कहा कि यमुना के घाटों पर एक सप्ताह पहले से तैयारियां शुरू हो जाती थीं, लेकिन इस बार हो रही देरी समझ से परे है.

ये भी पढ़ें: दिल्ली में बनेगा देश का सबसे बड़ा छठ घाट! मुनक नहर पर 11 KM लंबा घाट, जानें खासियत

(Input: आईएएनएस)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES