)
Delhi News: कभी खूबसूरती की पहचान थी, लेकिन अब यही झील लोगों के लिए बड़े खतरे का सबब बनती जा रही है. ओवरफ्लो पानी बहुमंजिला इमारतों की नींव तक पहुंच रहा है और स्थानीय लोगों को सत्य निकेतन जैसी बड़ी घटना का डर सता रहा है.
बुराड़ी के शक्ति एन्क्लेव के पास शक्ति सरोवर झील का पानी किस तरह खतरे की घंटी बजा रहा है. झील में लगातार पानी बढ़ने से इसका ओवरफ्लो पानी आसपास बने मकानों और बहुमंजिला इमारतों की तरफ पहुंच रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इससे इमारतों की नींव पर भी खतरा मंडरा रहा है. झील के चारों तरफ बने अपार्टमेंट और बहुमंजिला इमारतों में बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं. ऐसे में अगर पानी इसी तरह बढ़ता रहा तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आसपास की बहुमंजिला इमारतों से निकलने वाली सीवरेज पाइपलाइनों का गंदा पानी झील में पहुंच रहा है. यही वजह है कि झील का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और पानी अब ओवरफ्लो होकर रिहायशी इलाकों में प्रवेश करने लगा है.लोगों का कहना है कि जिस झील को कभी सुंदरता का प्रतीक माना जाता था, वही अब घरों के लिए खतरा बन चुकी है.
सिर्फ इमारतें ही नहीं... झील के आसपास राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी सवालों के घेरे में है. स्थानीय लोगों के मुताबिक झील के चारों तरफ पर्याप्त सेफ्टी वॉल या मजबूत बाउंड्री नहीं है. ऐसे में वाहन चालकों की जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है. लोगों का दावा है कि आए दिन वाहन झील के आसपास हादसे का शिकार होते हैं और हर दूसरे दिन यहां दुर्घटना का खतरा बना रहता है. स्थानीय RWA का कहना है कि झील के सौंदर्यीकरण और रखरखाव को लेकर DDA से लगातार पत्राचार किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला.
फिलहाल हालात ये हैं कि झील का ओवरफ्लो पानी रिहायशी मकानों तक पहुंच रहा है. अगर समय रहते झील के ओवरफ्लो पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ और बहुमंजिला इमारतों की नींव प्रभावित हुई तो क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? सत्य निकेतन जैसी घटना के बाद भी अगर सबक नहीं लिया गया तो शक्ति एन्क्लेव की ये झील खूबसूरती नहीं, किसी बड़े खतरे की तस्वीर बन सकती है.
(दिल्ली से नसीम अहमद की रिपोर्ट)