दिल्ली एयरपोर्ट का बढ़ा दबदबा: 160 शहरों से कनेक्टिविटी, दुनिया में 28वां स्थान
Delhi IGI Airport: दिल्ली का IGI एयरपोर्ट से 70 अंतरराष्ट्रीय और 90 घरेलू गंतव्यों के लिए उड़ानें उपलब्ध हैं. इस तरह दिल्ली एयरपोर्ट करीब 160 शहरों को हवाई सेवा से जोड़ रहा है. यहां रोजाना करीब 50 हजार यात्री कनेक्टिंग फ्लाइट के लिए ट्रांजिट करते हैं.
Delhi News: दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (IGI) देश के मेन विनान केंद्र के तौर पर अपनी कनेक्टिविटी बढ़ा रहा है. इस समय एयरपोर्ट से 70 इंटरनेशनल और 90 नेशनल जगहों के के लिए उड़ानें उपलब्ध हैं. वर्तमान समय में दिल्ली एयरपोर्ट लगभग 160 शहरों को हवाई सेवा से जोड़ रहा है. वहीं यहां से हर रोज 50 हजार यात्री अपनी आगे की उड़ान पकड़ने के लिए ट्रांजिट करते हैं. ऐसे में हर महीने लगभग 15 लाख लोग दिल्ली एयरपोर्ट का इस्तेमाल कनेक्टिंग हब के तौर पर करते हैं.
वहीं एयरपोर्ट की बढ़ती कनेक्टिविटी का असर अब वैश्विक रैंकिंग पर भी पड़ा है. ओएजी (Official Airline Guide) मेगाहब्स इंडेक्स-2026 में दिल्ली एयरपोर्ट 11 पायदान की छलांग लगाया है. साथ ही एयरपोर्ट 28वें स्थान पर पहुंच गया है. साल 2025 में दिल्ली एयरपोर्ट 39वें स्थान पर था. ऐसे में देखा जाए तो एक साल में इसकी रैंकिंग में 11 स्थान का सुधार हुआ है. वैश्विक स्तर पर शीर्ष 30 एयरपोर्ट में शामिल होने वाला दिल्ली भारत का एकमात्र एयरपोर्ट है.
आखिर क्यों मिली 28वीं रैंकिंग?
दिल्ली एयरपोर्ट की रैंकिंग में सुधार के पीछे का कारण उपलब्ध घरेलू और इंटरनेशनल उड़ानों का बड़ा नेटवर्क है. बड़ी संख्या में शहरों से आने वाली उड़ानों को अंतरराष्ट्रीय सेवाओं से जोड़ने के कारण यात्रियों को दिल्ली के जरिए आगे की यात्रा करने के कई ऑप्शन मिलते हैं. साथ ही रोजाना बड़ी संख्या में ट्रांजिट यात्रियों का दिल्ली से गुजरना भी एयरपोर्ट को एक बड़े विमानन हब के तौर पर मजबूत करता है.
मजबूत घरेलू विमानन नेटवर्क
दिल्ली का हब मॉडल मुख्य रूप से देश के मजबूत घरेलू विमानन नेटवर्क पर आधारित है. जयपुर, लखनऊ, पटना, रांची, इंदौर, भुवनेश्वर और गुवाहाटी जैसे शहरों से आने वाले यात्री दिल्ली के रास्ते यूरोप, उत्तरी अमेरिका, दक्षिण-पूर्व एशिया, ऑस्ट्रेलिया, मध्य एशिया और मध्य-पूर्व के कई जगहों तक जा सकते हैं. हाल में बीजिंग और उज्बेकिस्तान के नमनगन के लिए भी कनेक्टिविटी जोड़ दी गई है. इसके अलावा बरेली, दमन, अंबिकापुर, हलवारा और किशनगढ़ जैसे घरेलू शहर भी नेटवर्क में शामिल हुए हैं.
दिल्ली एयरपोर्ट की स्थिति मजबूत
कम लागत वाली एयरलाइंस कनेक्शन के मामले में भी दिल्ली एयरपोर्ट की स्थिति मजबूत है. OAG के अनुसार, 11045 संभावित कनेक्शनों के साथ दिल्ली को दुनिया का प्रमुख एलसीसी मेगाहब बताया गया है. आवे वाले महीने में दिल्ली की इंटरनेशनल कनेक्टिविटी और बढ़ सकती है. वहीं दूसरी तरफ फिलीपीन एयरलाइंस के नवंबर में दिल्ली-मनीला सेवा शुरू करने की उम्मीद है. वहीं EVA एयर एक दिसंबर से दिल्ली-ताइपे सेवा शुरू करने वाली है. रूस, मंगोलिया और अफ्रीकी देशों के साथ सीधी उड़ानों की संभावनाओं पर भी काम चल रहा है. यात्रियों की सुविधा को बढ़ाने के लिए टर्मिनल-1 और टर्मिनल-3 के बीच एयरसाइड ट्रांसफर सुविधा शुरू करने पर भी विचार किया जा रहा है. इसका प्रस्ताव बीसीएएस के विचाराधीन है.