)
Delhi Gang Rape Case: दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में नाबालिग से गैंगरेप के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को गुरुवार को साकेत कोर्ट में पेश किया गया. सुनवाई के बाद कोर्ट ने तीनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. मामले में आरोपियों की यह पहली पेशी थी.
पीड़िता की ओर से अदालत में पेश वकीलों ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की सराहना की. उन्होंने कहा कि घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों (आसिफ, हेमंत और मुकेश) को गिरफ्तार किया. वकीलों के मुताबिक, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश के लिए तत्काल कदम उठाए.
क्या है पूरा मामला?
यह मामला दिल्ली के कालकाजी में आस्था कुंज पार्क का है, जहां एक 17 साल की नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई थी. नाबालिग कालकाजी मंदिर दर्शन के लिए गई थी. पुलिस के मुताबिक, आस्था कुंज पार्क में तीन आरोपी सादे कपड़ों में नाबालिग और उसके दोस्त के पास पहुंचे. उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और लड़की और उसके दोस्त को डराया-धमकाया. इसके बाद लड़की को उसके दोस्त से अलग कर तीनों सुनसान जगह पर ले गए. तीनों ने उसे हथियार और चाकू दिखाकर आसिफ ने उसके साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद उसके दो साथियों ने भी वारदात को अंजाम दिया.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
गुरुवार को तीनों आरोपियों को साकेत कोर्ट में पेश किया गया. अदालत ने शुरुआती सुनवाई के बाद उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. अब मामले की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.
पीड़िता के वकीलों ने कहा कि इस तरह के गंभीर अपराध में पुलिस की त्वरित कार्रवाई जरूरी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब मामले में न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ रही है.