Delhi में रामलीला, दुर्गा पूजा और छठ की तैयारियां तेज, बनाई गई तीन खास समितियां
दिल्ली में रामलीला, दुर्गा पूजा और छठ पूजा की तैयारियों को लेकर सरकार ने तीन खास कमेटियों का गठन किया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर बनी इन समितियों में मंत्री, विधायक और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं.
Delhi News: आगामी रामलीला, दुर्गा पूजा और छठ पूजा को लेकर दिल्ली में तैयारियां तेज हो गई हैं. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर इन तीनों बड़े धार्मिक आयोजनों के इंतजामों की देखरेख के लिए तीन खास कमेटियां बनाई गई हैं. इन कमेटियों में दिल्ली सरकार के मंत्री, MLA और समाजसेवी शामिल हैं. ये कमेटियां संबंधित त्योहारों के लिए जगहों का रिव्यू करेगी और उन्हें फाइनल करेगी. वे जगहों पर जरूरी इंतजामों की भी देखरेख करेंगी, जिसमें नागरिक सुविधाएं, सुरक्षा, ट्रैफिक, सफाई, बिजली, मेडिकल सुविधाएं और दूसरे जरूरी व्यवस्थाएं शामिल हैं.
रामलीला के इंतजामों की देखरेख के लिए बनाई गई कमिटी के अध्यक्ष सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण, सहकारिता एवं निर्वाचन मंत्री रवींद्र इंद्रराज सिंह होंगे. कमेटी में MLA अशोक गोयल, अनिल कुमार शर्मा, श्याम शर्मा, संजय गोयल और संदीप सहरावत शामिल हैं. रेवेन्यू-कम-डिविजनल कमिश्नर (डिविजनल कमिश्नर) के सचिव को कमेटी का सदस्य सचिव बनाया गया है.
वहीं दिल्ली सरकार के कानून एवं न्याय, श्रम, रोजगार, विकास, कला एवं संस्कृति भाषा व पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा को दुर्गा पूजा और छठ पूजा से जुड़ी कमेटियों का चार्ज दिया गया है. समिति में सदस्यों में विधायक शिखा रॉय और नीरज बसोया के अलावा सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि भट्टाचार्य, देवदत्त भारद्वाज, अरुण मुखर्जी शामिल किए गए हैं. सचिव, राजस्व-सह-मंडलायुक्त (डिविजनल कमिश्नर) इस समिति के सदस्य सचिव होंगे.
ये कमेटियां तैयारियों का रिव्यू करने और जरूरी व्यवस्थाओं को फाइनल करने के लिए आयोजन स्थलों का दौरा करेंगी. सरकार आयोजकों को जरूरी परमिशन और NOC देने के लिए सिंगल-विंडो सिस्टम के जरिए कोऑर्डिनेट करेगी. आयोजन स्थलों पर पानी, बिजली, मेडिकल सुविधाएं, एम्बुलेंस, फायर सर्विस और मोबाइल टॉयलेट की उपलब्धता पक्का करने पर खास ध्यान दिया जाएगा.
कमेटियां सुरक्षा इंतजामों, ट्रैफिक मैनेजमेंट, सफाई और फॉगिंग पर भी नजर रखेंगी. दुर्गा पूजा के दौरान मूर्ति विसर्जन के लिए आर्टिफिशियल या टेम्पररी तालाब और टैंक बनाए जाएंगे. पूजा सामग्री और विसर्जन के बाद मूर्ति के बचे हुए हिस्से की सफाई का भी इंतज़ाम किया जाएगा.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का मकसद त्योहारों के दौरान भक्तों को बेहतर सुविधाएं देना है. उन्होंने कहा कि लोगों की आस्था के अलावा, धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा, सुविधा और बेहतर इंतजामों का भी ध्यान रखा जाएगा.