SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कौन हैं डॉक्टर AK भल्ला, संभालेंगे सर गंगाराम अस्पताल की कमान, बनाए गए चेयरमैन

साल 1987 से अस्पताल से जुड़े डॉ भल्ला ने भारत में घर पर पेरिटोनियल डायलिसिस और अलग-अलग ब्लड ग्रुप के मरीजों के किडनी ट्रांसप्लांट को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई है. वह अब तक 120 ऐसे ट्रांसप्लांट कर चुके हैं और 75 किडनी रोग विशेषज्ञों को प्रशिक्षित कर चुके हैं.

Edited By Gaurav Pandey
Published: Nov 18, 2026, 18:49 IST | Updated: Nov 18, 2026, 18:52 IST
Image Credit: AK Bhalla
Join

दिल्ली के मशहूर सर गंगाराम अस्पताल ने वरिष्ठ किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. (प्रो.) एके भल्ला को अपने बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट का नया चेयरमैन नियुक्त किया है. वह डॉ. अजय स्वरूप की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे. डॉ. भल्ला करीब चार दशक से अस्पताल से जुड़े हैं. 

साल 1987 में उन्होंने यहां किडनी रोग विशेषज्ञ के तौर पर काम शुरू किया था. इसके बाद वह अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग के प्रमुख और चेयरमैन बने. उन्होंने बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के मानद सचिव के रूप में भी काम किया है. मरीजों के इलाज के साथ अस्पताल के प्रशासन और मेडिकल शिक्षा में भी उनका लंबा अनुभव रहा है. साल 2010 में उन्हें चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया था.

डॉ. भल्ला का नाम भारत में किडनी की बीमारियों के इलाज के कुछ आधुनिक तरीकों को आगे बढ़ाने वाले डॉक्टरों में शामिल है. 

उन्होंने 1994 में सिंगापुर जनरल अस्पताल से पेरिटोनियल डायलिसिस का विशेष प्रशिक्षण लिया था. इसके बाद भारत में इस पद्धति को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई. 

इस तरीके में मरीज के पेट की अंदरूनी झिल्ली की मदद से खून से अपशिष्ट पदार्थ और अतिरिक्त पानी बाहर निकाला जाता है. इसकी खास बात यह है कि मरीज घर पर भी डायलिसिस कर सकता है. इससे उसे बार-बार अस्पताल जाने की जरूरत कम पड़ सकती है और वह अपनी सामान्य दिनचर्या भी जारी रख सकता है.

किडनी ट्रांसप्लांट के क्षेत्र में काम किया

खास तौर पर ऐसे मामलों में, जहां किडनी देने वाले व्यक्ति और मरीज का ब्लड ग्रुप एक-दूसरे से मेल नहीं खाता. इस तरह के ट्रांसप्लांट को एबीओ इनकम्पैटिबल किडनी ट्रांसप्लांट कहा जाता है. अस्पताल में वह इस तकनीक के जरिए अब तक 120 ट्रांसप्लांट कर चुके हैं. 

इसके अलावा उन्होंने किडनी के इलाज से जुड़े डॉक्टरों को प्रशिक्षित करने और नई पीढ़ी के विशेषज्ञ तैयार करने में भी योगदान दिया है. उनके प्रोफाइल के मुताबिक, वह अब तक 75 नेफ्रोलॉजिस्ट को प्रशिक्षित कर चुके हैं. क्रॉनिक किडनी डिजीज में एनीमिया और अलग-अलग ब्लड ग्रुप के मरीजों के ट्रांसप्लांट को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर दिशा-निर्देश तैयार करने में भी उनकी भूमिका रही है.

डॉ. भल्ला अस्पताल में नई जिम्मेदारी संभालने के साथ मेडिकल शिक्षा और किडनी रोग विशेषज्ञों के संगठनों से भी जुड़े रहेंगे. 

वह इंडियन सोसाइटी ऑफ नेफ्रोलॉजी, पेरिटोनियल डायलिसिस सोसाइटी ऑफ इंडिया और सोसाइटी ऑफ रीनल न्यूट्रिशन एंड मेटाबॉलिज्म के अध्यक्ष रह चुके हैं. इंटरनेशनल सोसाइटी ऑफ हेमोडायलिसिस के बोर्ड में भी उनकी भूमिका रही है. चिकित्सा और मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें कई सम्मान मिले हैं. इनमें डॉ. बीसी रॉय अवॉर्ड (2018), द्रोणाचार्य अवॉर्ड (2019), डोयेन ऑफ नेफ्रोलॉजी अवॉर्ड (2023) और 2026 के लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड शामिल हैं.

नई जिम्मेदारी मिलने पर डॉ. भल्ला ने कहा कि अस्पताल में मरीजों का इलाज, चिकित्सा के नैतिक मानक और मरीजों का भरोसा सबसे अहम बने रहेंगे. उन्होंने कहा कि अस्पताल आधुनिक तकनीक और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं को नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ाने पर ध्यान देगा. डॉ. भल्ला अस्पताल के बाहर भी सामाजिक कामों से जुड़े हैं. वह लतिका चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं, जो दिल्ली के नांगलोई में जरूरतमंद लोगों के लिए एक चैरिटेबल अस्पताल चलाता है. 

इसके अलावा रीनल केयर फाउंडेशन के सचिव के रूप में भी काम कर रहे हैं. अस्पताल की कमान अब ऐसे डॉक्टर के हाथ में है, जिन्होंने यहां करीब चार दशक तक मरीजों का इलाज किया है और किडनी चिकित्सा के क्षेत्र में नई तकनीकों को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई है.

इसे भी पढ़ें - यमुना में अचानक क्या हो गया? कालिंदी कुंज में गायब हुआ जहरीला झाग, लेकिन असली कहानी कुछ और है

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav is a multimedia journalist writing across a wide range of subjects, including politics, sports, cinema, explainers, opinion and Delhi Haryana civic issues. With analysis, he regularly covers social issues and public policy through in-depth. With around nine years of experience, he has worked with India Today, Hindustan Times, and Network18, producing stories with a strong focus on facts and ground reality. He studied journalism at IIMC Delhi.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES