सर्दी की आहट! Delhi-NCR में बारिश से बदला मौसम का मिजाज, अगले 2-3 दिन तक बरसात की चेतावनी
दिल्ली में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिन के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. मगर क्या आप जानते हैं कि आखिर मानसून की विदाई के बाद भी बारिश क्यों हो रही है?
Delhi NCR Weather: दिल्ली में शनिवार सुबह मौसम में बदलाव देखने को मिला और शाम होते-होते कई इलाकों तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है. ऐसे में राजधानी के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई. शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है. मौसम का मिजाज शुक्रवार शाम से ही बदला हुआ है और सितंबर में दिवाली वाले मौसम (हल्की सर्दी) का ऐहसास हो रहा है.
दिल्ली एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं उम्मीद
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शनिवार को दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद जताई. राजधानी के ज्यादातर हिस्सों में हल्की बारिश की उम्मीद है, जबकि कुछ इलाकों में मध्यम बारिश की आशंका जताई है. इसके साथ ही मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिन के लिए बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है.
50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश के दौरान तेज हवाएं और आंधी-तूफान आ सकता है. हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है, कुछ जगहों पर हवा के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. दोपहर और शाम के बीच फिर से बारिश होने की उम्मीद जताई है. इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है.
रविवार और सोमवार को बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को मौसम बदला रहने के आसार जताए हैं. तीनों दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और रविवार को तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि सोमवार को हल्की बारिश के आसार हैं.
दिल्ली का AQI
इस बीच CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार की सुबह को राजधानी की हवा संतोषजनक श्रेणी में रही. सुबह AQI 71 दर्ज की गई थी. वहीं शुक्रवार की शाम को औसतन AQI 78 था, जो कि संतोषजनक श्रेणी में था.
मानसून की विदाई के बाद भी बारिश क्यों हो रही है?
IMD के अनुसार, मानसून के जाने का ऐलान सिर्फ बारिश न होने के आधार पर नहीं किया जाता है. इसके लिए मौसम से जुड़ी कई गतिविधियों पर विचार किया जाता है, जैसे कि लगातार कई दिनों तक बारिश में कमी, निचले एटमॉस्फियर में एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन और हवा में नमी में कमी. इसलिए, दिल्ली से मानसून के आधिकारिक विदाई के बाद भी दूसरे वेदर सिस्टम के असर से बारिश की संभावना बनी रह सकती है.