)
नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला (एनडीडब्ल्युबीएफ) 2026 के अवसर पर आयोजित प्रमुख बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) फोरम सीईओ स्पीक का 13वां संस्करण 11 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के होटल अशोक में संपन्न हुआ. इस मंच पर भारतीय एवं ग्लोबल पब्लिशिंग इकोसिस्टम की अग्रणी हस्तियों ने ‘प्रकाशन के भविष्य को समझना’ विषय पर विचार-विमर्श किया. राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (NBT) भारत द्वारा आयोजित सीईओ स्पीक प्रकाशन उद्योग में संवाद, सहयोग और रणनीतिक सोच के लिए एक उच्च-स्तरीय मंच के रूप में निरंतर अपनी भूमिका निभा रहा है. उद्घाटन सत्र की शुरुआत प्रो. मिलिंद सुधाकर मराठे, अध्यक्ष, एनबीटी के संबोधन से हुई. उन्होंने सीईओ स्पीक को वाणिज्यिक गतिविधियों से अलग एक पॉलिसी-बेस्ड मंच बताया.
डिजिटल पहलों से पहुंच का विस्तार हुआ
भारत के प्रकाशन क्षेत्र जिससे 12 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिलता है तथा 9,000 से अधिक प्रकाशक और 21,000 खुदरा विक्रेता शामिल हैं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने संपादकीय कार्यप्रणाली, उत्पादन और सामग्री के प्रसार में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), संवर्धित वास्तविकता (AR) और मशीन लर्निंग के परिवर्तनकारी प्रभावों पर चर्चा की. आनंदराव वी. पाटिल, आईएएस, अतिरिक्त सचिव, पीएमपीवाई एवं डिजिटल शिक्षा ब्यूरो, शिक्षा मंत्रालय ने तीव्र तकनीकी और बाज़ार परिवर्तनों के बीच नीति-निर्माताओं और प्रकाशकों के बीच संरचित संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया, दीक्षा और ई-पाठशाला जैसी डिजिटल पहलों से पहुंच का विस्तार हुआ है, जबकि एआई, ऑडियोबुक्स और टेक्स्ट-टू-स्पीच जैसी तकनीकों ने सृजनात्मकता को प्रतिस्थापित किए बिना सुगमता और पहुंच को बढ़ावा देती हैं.
कतर और स्पेन का प्रतिनिधित्व भी इस मौके पर मौजूद रहा
इस अवसर पर एनडीडब्ल्यूबीएफ सम्मानित अतिथि देश क़तर और फोकस देश स्पेन का प्रतिनिधित्व भी रहा. मारिया गिल बर्मन, निदेशक, इंस्टीट्यूटो सर्वांतेस, नई दिल्ली ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साहित्य के प्रसार, भारतीय प्रकाशकों के साथ सहयोग और सांस्कृतिक संस्थानों को प्रदर्शित करने के प्रयासों—कविता पाठ, बहुभाषी पैनल, गैलिसियन साहित्य प्रस्तुतियाँ और बच्चों की कथावाचन सत्र का उल्लेख किया. अस्मा अल-कुवरी, निदेशक, नब्जा पब्लिशिंग हाउस, क़तर ने क़तर के प्रकाशन क्षेत्र के सांस्कृतिक संरक्षण से नॉलेज-बेस्ड इंडस्ट्री में रूपांतरण के बारे में बताया. उन्होंने बाल साहित्य, स्पेशलाइज्ड पब्लिशर्स में वृद्धि तथा अंतरराष्ट्रीय वितरण, उत्पादन लागत और सीमित संपादकीय विशेषज्ञता जैसी चुनौतियों पर प्रकाश डाला.
स्पेन की सार्वजनिक अनुदान व्यवस्था
जोसे मैनुअल अंता, प्रबंध निदेशक, फेडरेशन ऑफ पब्लिशर्स’ गिल्ड ऑफ स्पेन ने स्पेन के पब्लिशिंग इकोसिस्टम को प्रस्तुत करते हुए बताया कि वहां 3,000 प्रकाशक, 100 वितरक और 4,300 बिक्री केंद्र एक विनियमित ढांचे के अंतर्गत कार्यरत हैं. प्रतिवर्ष लगभग 60,000 मुद्रित और 27,000 डिजिटल पुस्तकें प्रकाशित होती हैं. इनके साथ ही निर्यात और अधिकार-विक्रय में निरंतर वृद्धि हो रही है. सहयोग, विश्वसनीय डेटा और संतुलित विनियमन को सुदृढ़ प्रकाशन पारिस्थितिकी तंत्र के लिए आवश्यक बताया गया, जो भारत और वैश्विक हितधारकों के लिए सीख प्रस्तुत करता है. जीसुस गोंजालेज़, डिप्टी डायरेक्टर जनरल फोर प्रमोशन ऑफ बुक्स, रीडिंग एंड स्पेनिश लिटरेचर, ने विदेशी भाषाओं में अनुवाद को बढ़ावा देने हेतु स्पेन की सार्वजनिक अनुदान व्यवस्था की जानकारी दी, जिसके तहत विदेशी प्रकाशकों को वित्तीय सहायता दी जाती है तथा पारदर्शिता, सांस्कृतिक मूल्य और पेशेवर मानकों को सुनिश्चित किया जाता है.
कुमार विक्रम ने किया सत्र का उद्घाटन
उद्घाटन सत्र का संचालन एनबीटी, इंडिया के मुख्य संपादक एवं संयुक्त निदेशक कुमार विक्रम ने किया.फोरम की चर्चाओं का सार प्रस्तुत करते हुए श्री युवराज मलिक, निदेशक, एनबीटी, इंडिया ने भारत के 12 अरब अमेरिकी डॉलर के प्रकाशन उद्योग का उल्लेख किया, जिसमें 68% शिक्षा-केंद्रित और 45% क्षेत्रीय भाषाओं पर आधारित है. पुणे बुक फेस्टिवल, राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय, विद्यालयों में अनिवार्य पठन घंटे, अनुवाद अनुदान तथा “थ्री टीज़” कार्यक्रम (Translate, Transform, Transfer) जैसी पहलों का हवाला देते हुए उन्होंने प्रकाशन को समानता, नेतृत्व और वैश्विक ज्ञान-विनिमय को आगे बढ़ाने वाला एक सभ्यतागत कार्य बताया.
दूसरे सत्र में कौन लोग रहे शामिल?
दूसरे सत्र में उद्योग विशेषज्ञों के पैनल ने प्रकाशन का भविष्य विषय पर चर्चा की. प्रणव गुप्ता, प्रबंध निदेशक, प्रिंट्स पब्लिकेशंस प्रा. लि. के संयोजन में आयोजित इस पैनल में श्री ताकाशी ओमुरा (पॉपुलर पब्लिशिंग, जापान), सिगालित गेलफैंड (सीईओ, इज़रायली इंस्टीट्यूट फॉर लिटरेचर), सुकांत दास (ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस), श्री जोसे मैनुअल अंता, जॉर्जिया पिकान्योल-बुलो, अस्मा अल-कुवरी, तथा श्री कुमार विक्रम शामिल रहे. चर्चा में डिजिटल रूपांतरण, एआई का एकीकरण, पाठक वर्ग में बदलाव, अनुवाद और सततता जैसे विषयों पर ध्यान केंद्रित किया गया. बच्चों और चित्रात्मक सामग्री के लिए डिजिटल एवं सब्सक्रिप्शन बेस्ड रीडिंग की वृद्धि, कॉपीराइट और उचित पारिश्रमिक का सम्मान करते हुए जिम्मेदारीपूर्ण एआई के इस्तेमाल, छोटे एवं क्षेत्रीय बाज़ारों के लिए अनुवाद के महत्व, प्रिंट-ऑन-डिमांड, कौशल उन्नयन, लागत-कुशल कार्यप्रणालियाँ तथा डिजिटल जोखिमों से निपटने हेतु सुदृढ़ नियामक तंत्र पर विचार-विमर्श हुआ.
सीईओ स्पीक 2026 ने परिवर्तन के दौर में प्रकाशन की भूमिका की बात पर जोर दिया
समग्र रूप से, सीईओस्पीक और नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, शिक्षा और आर्थिक विकास में प्रकाशन उद्योग के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करते हैं. नॉलेज शेयरिंग, सहयोग औरभविष्यदृष्टि चर्चाओं को प्रोत्साहित करते हुए सीईओ स्पीक 2026 ने परिवर्तन के दौर में मार्गदर्शन करने और वैश्विक स्तर पर पठन एवं अधिगम के भविष्य को आकार देने में प्रकाशन की केंद्रीय भूमिका को पुनः पुष्टि की.