App

छत्तीसगढ़ में नितिन नवीन की जगह स्मृति ईरानी: BJP में अचानक क्यों बढ़ा इतना कद? समझिए पूरा सियासी समीकरण और मास्टरप्लान

स्मृति ईरानी की छत्तीसगढ़ और हरियाणा का नया भाजपा प्रदेश प्रभारी बनाया गया है. 17 अगस्त 2026 को बीजेपी का राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने के ठीक एक महीने बाद उन्हें दो बड़े राज्यों का प्रभार सौंपना यह साबित करता है कि संगठन में उनका कद तेजी से बढ़ा है.

छत्तीसगढ़ में नितिन नवीन की जगह स्मृति ईरानी: BJP में अचानक क्यों बढ़ा इतना कद? समझिए पूरा सियासी समीकरण और मास्टरप्लान

भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है. इसके साथ ही उन्हें हरियाणा के प्रभार की कमान भी सौंपी गई है. 17 अगस्त 2026 को बीजेपी का राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने के ठीक एक महीने बाद उन्हें दो अहम राज्यों का प्रभार मिलना महज एक प्रशासनिक फेरबदल नहीं है. छत्तीसगढ़ में यह बदलाव इसलिए भी बेहद रणनीतिक है, क्योंकि उन्होंने वर्तमान बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की जगह ली है, जिन्होंने खुद छत्तीसगढ़ में संगठन की जिम्मेदारी संभालते हुए पार्टी की प्रचंड वापसी कराने में अहम भूमिका निभाई थी.

स्मृति ईरानी के 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल से बाहर होने रहने के बाद पार्टी ने उन्हें अब केंद्रीय संगठन के कोर-टीम रोल में फ्रंट-फुट पर ला खड़ा किया है. स्मृति ईरानी की इस अचानक 'पावरफुल एंट्री' के पीछे बीजेपी का दूरगामी चुनावी मास्टरप्लान छिपा है, जिसे हम आपको आसान भाषा में समझा रहे हैं.

2 राज्यों का प्रभार, संगठन में क्यों अचानक बढ़ा इतना कद?

लोकसभा चुनावों के बाद से ही सियासी गलियारों में स्मृति ईरानी की नई भूमिका को लेकर चर्चाएं गर्म थीं. बीजेपी नेतृत्व उन्हें केवल एक संगठनात्मक नेता के रूप में नहीं, बल्कि एक प्रखर वक्ता और आक्रामक रणनीतिकार के रूप में देखता है. राष्ट्रीय महासचिव बनने के एक महीने बाद हरियाणा और छत्तीसगढ़ जैसे दो सत्ताधारी राज्यों का प्रभार सौंपना यह साफ संदेश देता है कि केंद्रीय नेतृत्व अब उन्हें फ्रंट-फुट पर रखकर चुनावी और संगठनात्मक मोर्चे पर इस्तेमाल करना चाहता है.

'नितिन नवीन मॉडल' की विरासत और छत्तीसगढ़ में टाइमिंग का गणित

छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार है और अगले चुनाव में इसे बरकरार रखना बड़ी चुनौती है. नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद छत्तीसगढ़ का प्रभारी पद खाली हुआ था. नितिन नवीन ने प्रदेश कैडर में जो अनुशासन और चुनावी रणनीति स्थापित की थी, उसे आगे बढ़ाने के लिए पार्टी को एक ऐसे ही कद्दावर चेहरे की तलाश थी, जो सीधे आलाकमान तक पहुंच रखता हो. राज्य में आगामी दिसंबर में करीब 15 नगर निकायों के चुनाव संभावित हैं। पदभार संभालते ही स्मृति ईरानी के सामने सबसे पहली और तात्कालिक चुनौती शहरी मतदाताओं को बीजेपी के पाले में मजबूती से बांधे रखने की होगी.

महिला वोट बैंक की चाबी?

2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत का सबसे बड़ा कारण 'महतारी वंदन योजना' को माना गया था, जिसने महिलाओं के एकमुश्त वोट बीजेपी को दिलाए थे. स्मृति ईरानी की पहचान देश की सबसे सशक्त महिला नेताओं में होती है. छत्तीसगढ़ की 68 लाख से अधिक महतारी वंदन लाभार्थी महिलाओं और स्वसहायता समूहों के नेटवर्क के बीच स्मृति ईरानी का चेहरा बीजेपी के 'महिला सशक्तिकरण मॉडल' को और गहराई देगा. कांग्रेस जब भी महिला सुरक्षा या योजनाओं की क्रियान्वयन दर पर सरकार को घेरने की कोशिश करेगी, स्मृति ईरानी की आक्रामक संवाद शैली उसकी सीधे काट बनेगी.

2028 का रोडमैप और 'राहुल गांधी फैक्टर'

छत्तीसगढ़ में भले ही 2028 में विधानसभा चुनाव होने हों, लेकिन बीजेपी हमेशा से कुछ साल पहले ही चुनावी बिसात बिछाने के लिए जानी जाती है. बस्तर से लेकर सरगुजा तक जनजातीय समीकरणों और स्थानीय मुद्दों पर विपक्ष को हावी न होने देना स्मृति ईरानी की प्राथमिकता होगी. राहुल गांधी लगातार छात्रों के बीच पहुंच रहे हैं और अगले चुनाव से पहले अगर छत्तीसगढ़ में छात्रों का मुद्दा उठाते हैं, तो स्मृति ईरानी राजनीतिक रूप से किलेबंदी कर सकती हैं. अमेठी में राहुल गांधी को हराने का बैकग्राउंड रखने के कारण स्मृति ईरानी की मौजूदगी राज्य में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के असर को बेअसर करने के काम आएगी.

छत्तीसगढ़ और हरियाणा दो राज्यों का प्रभार- कितनी बड़ी चुनौती?

स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ के साथ-साथ हरियाणा का प्रभार मिलना यह दिखाता है कि पार्टी उन्हें हिंदी पट्टी के दो ऐसे राज्यों की कमान सौंप रही है, जहां बीजेपी की सरकारें हैं. दोनों ही राज्यों में एंटी-इन्कम्बेंसी को रोकना, संगठन और सरकार में बेहतर तालमेल बिठाना और कैडर में नया उत्साह भरना स्मृति ईरानी का मुख्य टास्क होगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sumit Rai

Sumit Rai

न्यूज़ मीडिया में 13 सालों से अधिक के अनुभव के साथ सुमित राय एक डिजिटल पत्रकार हैं. वर्तमान में सुमित राय Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम के लीड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, क्राइम और हाइपरलोकल मुद्दों के सटीक और गहरे विश्लेषण पर उनकी मजबूत पकड़ है.भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद सुमित ने मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रिका, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और लोकमत हिंदी जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ-साथ जटिल राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' और 'ओपिनियन' लिखना उनकी मुख्य पहचान है. वे न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस के उच्च मानकों को बनाए रखते हैं, ताकि पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्य-आधारित खबरें ही पहुंचे.सुमित राय से संपर्क करने के लिए आप उन्हें sumit2.kumar@zeemedia.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अलावा, आप एक्स (ट्विटर), फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके हैंडल @imSumitKRai के जरिए उनसे सीधे जुड़ सकते हैं.
Read More