SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

₹200 करोड़ की शाही शादी, 450 करोड़ की मंथली कमाई और फर्जी पासपोर्ट का खेल; महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के काले राज

हर महीने करीब ₹450 करोड़ कमाई, ₹200 करोड़ की शाही शादी और फर्जी पासपोर्ट के जरिए एजेंसियों को चकमा देने वाले सौरभ चंद्राकर से अब ED सात दिन की कस्टडी में मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशी निवेश के राज उगलवाएगी.

Written By Pramod Sharma
Published: Nov 14, 2026, 10:48 IST | Updated: Nov 14, 2026, 10:54 IST
Image Credit: सौरभ चंद्राकर भारत वापस लाया गया महादेव ऑनलाइन बुक सट्टेबाजी सिंडिकेट का पहला प्रमोटर है.
Join

महादेव ऑनलाइन बुक सट्टेबाजी सिंडिकेट के प्रमोटर और सह-मालिक सौरभ चंद्राकर को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कोर्ट के आदेश के बाद गिरफ्तार कर लिया है और अब पूछताछ कर रही है. करीब तीन साल तक उसका पीछा करने के बाद ईडी उसे भारत वापस लाने में कामयाब हुई है. शुक्रवार (13 नवंबर) को रायपुर की स्पेशल PMLA कोर्ट में सौरभ चंद्राकर को पेश किया गया था, जिसके बाद कोर्ट ने उसे सात दिन यानी 19 नवंबर तक ईडी की कस्टडी में भेज दिया. इस मामले में भारत वापस लाया गया वह सिंडिकेट का पहला प्रमोटर है.

ईडी के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर और उसका साथी रवि उप्पल दुबई में बैठकर महादेव ऑनलाइन बुक के नाम से कई ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइट चला रहे थे. इनका नेटवर्क भारत और UAE में फैला हुआ था. सट्टेबाजी का कारोबार फ्रेंचाइजी के जरिए चलाया जाता था, जिन्हें 'बेटिंग पैनल' दिए जाते थे. इस पूरे नेटवर्क में सट्टा लगाने वाले लोगों का पैसा दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों में जमा कराया जाता था. इसके बाद हवाला के जरिए रकम विदेश भेजी जाती थी. ED ने 20 अक्टूबर 2023 को कोर्ट में दाखिल अपनी शिकायत में अनुमान लगाया था कि इस सिंडिकेट की हर महीने की कमाई करीब 450 करोड़ रुपये थी.

तीन साल तक जांच एजेंसियों से बचता रहा सौरभ

ईडी के मुताबिक, सितंबर 2023 में समन जारी होने के बावजूद सौरभ चंद्राकर जांच में शामिल नहीं हुआ. इसके बाद 4 सितंबर 2023 को स्पेशल कोर्ट ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया. ED के अनुरोध पर इंटरपोल ने भी उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था. सौरभ ने इस वारंट को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन 22 मार्च 2025 को उसकी याचिका खारिज हो गई. जांच में यह भी सामने आया कि भारतीय पासपोर्ट होने के बावजूद उसने वानुअतु का पासपोर्ट हासिल कर लिया था. उसने कोर्ट में दावा किया था कि वह 28 जून 2022 को भारतीय नागरिकता छोड़ चुका है.

ओमान से भारत लाने के लिए चली लंबी कानूनी प्रक्रिया

ईडी ने सौरभ को भारत लाने के लिए भारत और ओमान के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत कार्रवाई शुरू की. स्पेशल कोर्ट के जरिए ओमान को प्रत्यर्पण का अनुरोध भेजा गया. 8 अक्टूबर 2026 को मस्कट की कोर्ट ऑफ अपील ने उसके प्रत्यर्पण का आदेश दिया. भारतीय दूतावास ने पुष्टि की कि सौरभ भारतीय नागरिक है. कोर्ट के रिकॉर्ड के मुताबिक, उसे मस्कट इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फर्जी यात्रा दस्तावेज के जरिए बाहर जाने की कोशिश करते समय पकड़ा गया था. इसके बाद CBI की एक टीम 1 नवंबर 2026 को उसे मस्कट से भारत लेकर आई. ED ने इस पूरी प्रक्रिया में सहयोग के लिए ओमान के अधिकारियों का आभार जताया है.

190 ठिकानों पर छापेमारी, 3500 करोड़ की संपत्ति अटैच

ईडी के मुताबिक, इस मामले में अब तक करीब 190 ठिकानों पर तलाशी ली जा चुकी है. जांच एजेंसी ने लगभग 2,000 करोड़ रुपये जब्त या फ्रीज किए हैं, जबकि करीब 3,500 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की गई हैं. इनमें लगभग 1,800 करोड़ रुपये की विदेशी संपत्तियां भी शामिल हैं. दुबई में 22 अचल संपत्तियां भी अटैच की गई हैं. इस मामले में ED अब तक 116 आरोपियों के खिलाफ छह अभियोजन शिकायतें दाखिल कर चुकी है. सौरभ चंद्राकर इस केस में गिरफ्तार होने वाला 15वां आरोपी है.

ये भी पढ़ें- सौरभ चंद्राकर के बाद अब रवि उप्पल पर कसा शिकंजा, दुबई में गिरफ्तार हुआ महादेव ऐप का मास्टरमाइंड; ED निकालेगी मनी ट्रेल

सट्टे के पैसे से अमेरिकी कंपनी खरीदने का भी आरोप

ED ने अपनी जांच में सट्टेबाजी से आए पैसों का पूरा नेटवर्क खंगाला है. जांच एजेंसी के मुताबिक, बेटिंग पैनल चलाने वालों से लेकर दुबई स्थित मुख्यालय, हवाला ऑपरेटरों और शेयर बाजार में निवेश करने वालों तक पैसों का कनेक्शन मिला है. सितंबर 2023 में ED ने दुबई की कंपनियों के पास मौजूद करीब 236 करोड़ रुपये की सिक्योरिटीज फ्रीज की थीं.

जुलाई 2026 में ED ने विकास गर्ग को गिरफ्तार किया था. जांच में सामने आया कि उसकी कंपनियों को सट्टेबाजी से कमाए गए करीब 940 करोड़ रुपये मिले थे. इनमें से लगभग 766 करोड़ रुपये अमेरिका की कंपनी Ebix Inc. को खरीदने में लगाए गए थे. इस मामले में ED करीब 941 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच कर चुकी है.

ये भी पढ़ें- महादेव सट्टा ऐप मामले में CBI की रेड, सौरभ चंद्राकर के खुलासों के बाद 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर दबिश; लाइव बेटिंग पैनल ध्वस्त

सौरभ की शादी में 200 करोड़ रुपये खर्च करने का दावा

ED की जांच में सौरभ चंद्राकर की शादी भी जांच के दायरे में आई. फरवरी 2023 में रास अल खैमाह में हुई उसकी शादी पर करीब 200 करोड़ रुपये नकद खर्च किए जाने का दावा है. इस शादी में नागपुर से तीन चार्टर्ड विमान भेजे गए थे. ED ने इवेंट कंपनी, होटल और अंगड़िया फर्मों के जरिए इस खर्च के पैसों का स्रोत खंगाला. जांच एजेंसी को मिले मेहमानों के रिकॉर्ड में सिंडिकेट के मैनेजमेंट से जुड़े लोगों के नाम भी सामने आए.

अब ED कस्टडी में होगी पूछताछ सात दिन की कस्टडी के दौरान ED सौरभ चंद्राकर से उसके सहयोगियों के बयानों, डिजिटल डेटा, विदेशी कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों से जुड़े सबूतों के आधार पर पूछताछ करेगी. ED का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

प्रमोद शर्मा ज़ी न्यूज़ में एसोसिएट एडिटर हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें एक दशक से अधिक का अनुभव है. अपनी बेबाक, तथ्यपरक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए पहचाने जाने वाले प्रमोद शर्मा ने देश के कई संवेदनशील मुद्दों पर ऐसी खोजी रिपोर्टें की हैं, जिन्होंने व्यापक जनचर्चा के साथ-साथ लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा है. उनकी चर्चित रिपोर्टों में बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति और उन पर होने वाले अत्याचार, पश्चिम बंगाल में हिंदुओं के कथित अर्धधर्मांतरण जैसे विषय प्रमुख रहे हैं.प्रमोद शर्मा ज़ी न्यूज़ के लोकप्रिय चुनावी शो 'चुनावी दूरबीन' के होस्ट भी हैं. इस कार्यक्रम के माध्यम से वे चुनावी राज्यों की राजनीतिक नब्ज़, ज़मीनी समीकरण, मतदाताओं का मूड और सत्ता की वास्तविक तस्वीर दर्शकों तक सरल और तथ्यात्मक अंदाज में पहुंचाते हैं. उन्होंने पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, बिहार, जम्मू-कश्मीर और छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों में व्यापक ग्राउंड इन्वेस्टिगेशन किए हैं. उनकी कई खोजी रिपोर्टों ने प्रशासनिक व्यवस्था की कमियों को उजागर किया और संबंधित सरकारों व एजेंसियों को कार्रवाई के लिए प्रेरित किया.यदि आप प्रमोद शर्मा से सीधे जुड़ना चाहते हैं, तो उन्हें ईमेल कर सकते हैं: Pramod2.sharma@zeemedia.com. इसके अलावा इंस्टाग्राम (@Zee_Pramod) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES