SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

छत्तीसगढ़ के 100 साल पुराने मार्केट पर चला बुलडोजर, सड़क पर मछली-मटन लेकर बैठे दुकानदार, जानें पूरा मामला

राजनांदगांव में गोलबाजार के करीब 100 साल पुराने मछली-मटन मार्केट को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया है. करीब 150 दुकानों को हटाने का दुकानदारों ने विरोध किया और मछली-मटन लेकर सड़क पर बैठ गए.

Written By Manish Kushawah
Published: Nov 23, 2026, 12:43 IST | Updated: Nov 23, 2026, 12:50 IST
Image Credit: ZEE CREATIVE
Join

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव शहर के गोलबाजार इलाके में लगभग सौ साल पुराने मछली-मटन मार्केट पर जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बुलडोजर कार्रवाई की है. बताया जा रहा है कि इस मार्केट में छोटी-बड़ी करीब 150 दुकानें चलती थीं.  बुलडोजर कार्रवाई के दौरान दुकानदारों ने जमकर विरोध किया और मछली-मटन लेकर सड़क पर ही बैठ गए. वहीं दुकानदारों का कहना है कि वे पीढ़ियों से यहां व्यापार कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं, ऐसे में उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट करना उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा करने जैसा है.

दरअसल, राजनांदगांव शहर के गोलबाजार क्षेत्र में स्थित मछली-मटन मार्केट करीब सौ साल पुराना है. रियासतकाल से राजगामी संपदा की भूमि पर यहां मछली और मटन की दुकानें संचालित होती आ रही हैं. इस मार्केट में करीब डेढ़ सौ छोटी-बड़ी दुकानें हैं. लेकिन पिछले दिनों शहर में गौवंश हत्या और गौमांस बिक्री से जुड़े मामले के बाद हिंदू संगठनों और सामाजिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए शहर के भीतरी इलाकों में संचालित मांस-मछली की दुकानों को हटाने की मांग की थी. इसी के बाद प्रशासन द्वारा शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में ऐसी दुकानों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है.

दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की

इसी कड़ी में आज जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम गोलबाजार स्थित पुराने मछली-मटन मार्केट पहुंची. उसके बाद बुलडोजर चलाकर दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी. इस पर प्रशासन का कहना है कि शहर में मछली-मटन कारोबारियों के लिए नंदई क्षेत्र में अलग से मार्केट स्थापित किया गया है, जहां इन दुकानदारों को व्यवस्थित किया जाएगा. एसडीएम गौतम पाटिल का कहना है कि दुकानदारों को निर्धारित स्थान पर व्यवसाय करने के लिए समझाइश दी जा रही है.

दुकानदार क्यों कर रहे हैं इसका विरोध

वहीं प्रशासन की इस कार्रवाई का दुकानदार विरोध कर रहे हैं. उनका कहना है कि करीब सौ साल से उनका परिवार इसी जगह पर व्यवसाय करता आ रहा है. यही उनकी आजीविका का एकमात्र साधन है. दूसरी जगह दुकानें लगाने से उनका पुराना व्यवसाय प्रभावित होगा. विरोध जताते हुए कई दुकानदार मछली और मटन लेकर सड़क पर ही बैठ गए. दुकानदार अपनी दुकानें उसी स्थान पर संचालित करने की मांग पर अड़े हुए हैं. दूसरी ओर प्रशासन उन्हें नंदई स्थित मार्केट में शिफ्ट करने के लिए लगातार समझाइश दे रहा है.

प्रशासन आगे की कार्रवाई क्या करेगा?

फिलहाल, गोलबाजार के इस पुराने मछली-मटन मार्केट को हटाने की कार्रवाई ने शहर में एक बार फिर प्रशासनिक फैसले और व्यापारियों की रोजी-रोटी के बीच टकराव की स्थिति पैदा कर दी है. अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन की समझाइश के बाद दुकानदार नए मार्केट में जाने को तैयार होंगे या फिर यह विरोध और तेज होगा. फिलहाल सभी की नजरें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं.

(रिपोर्टः किशोर शिल्लेदार, राजनांदगांव)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES