SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

आधी रात का रहस्य: नदी किनारे अजीब हलचल देख पहुंचे ग्रामीण, 8 लोग रच रहे थे तंत्र क्रिया, दो संदिग्ध पकड़े गए

Chhattisgarh News: खैरागढ़ में दो लोगों को पकड़ा गया है. वे रात में नदी किनारे तंत्र-मंत्र कर रहे थे. सुनसान जगह पर हलचल देख ग्रामीण वहां पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि 8 लोग धन निकालने के लिए तंत्र क्रिया करने आए थे.

Written By Ranjana Kahar
Published: Oct 04, 2026, 09:08 AM IST | Updated: Oct 04, 2026, 09:14 AM IST
Image Credit: AI जनरेटेड फोटो
Join

छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में कथित तौर पर तंत्र-मंत्र या जादू-टोने से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां मुतेड़ा नवागांव  के ग्रामीणों को आमनेर नदी के सुनसान किनारे पर देर रात रोशनी और संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं, जिसके बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर दो संदिग्धों को रंगे हाथों पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि लगभग आठ लोगों का एक समूह गुप्त धन की तलाश के लिए तंत्र-मंत्र कर रहा था. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है.

नदी किनारे अजीब हलचल देख पहुंचे ग्रामीण
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दो आरोपियों दुर्ग के अर्जुन चौहान और बरबसपुर के कन्हैया लाल साहू को हिरासत में लिया, जिन्हें ग्रामीणों ने पकड़ रखा था. पूछताछ के दौरान कन्हैया ने माना कि इस तंत्र-मंत्र वाली क्रिया के लिए अलग-अलग इलाकों से लोग इकट्ठा हुए थे. उसने अवेली गांव के रहने वाले बलवंत साहू का नाम भी बताया. स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि रात करीब 9 बजे, नदी के दूसरे किनारे पर सुनसान इलाके में मौजूद उस जगह पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी.

सुनसान इलाके में तंत्र क्रिया
ग्रामीणों का दावा है कि इस सुनसान इलाके में जहां पुरानी बस्ती अब वीरान पड़ी है, पहले भी तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास से जुड़ी गतिविधियां देखी गई हैं. पुलिस फिलहाल इस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके.

पहले भी आ चुका है ऐसा मामला
बता दें कि छत्तीसगढ़ में यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले बस्तर जिले की कोहकापाल पंचायत में लालच के कारण बच्चे की बलि देने की कोशिश का एक मामला सामने आया था. ग्रामीणों के अनुसार, दो स्थानीय युवकों ने जमीन में गड़ा खज़ाना खोजने की उम्मीद में 12 साल के एक लड़के की बलि देने की कोशिश की. बच्चा आरोपियों के चंगुल से भागने और अपनी जान बचाने में कामयाब रहा. ग्रामीणों ने बताया कि इसके बाद गांव में पंचायत की बैठक बुलाई गई, जिसमें दोनों आरोपियों (लाखीराम और गुरसाय) ने अपना अपराध कबूल कर लिया. मामले की जांच चल रही है और इसमें और भी नाम सामने आ सकते हैं.अंधविश्वास ने गांव में डर का माहौल बना दिया है.

नदी के सुनसान किनारे आधी रात को हुई इस घटना ने ग्रामीण इलाकों में फैली अंधविश्वास की प्रथा और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस की हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे उम्मीद है कि जल्द ही पूरे तंत्र-मंत्र वाले नेटवर्क का पर्दाफाश हो जाएगा.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES